ईरान युद्ध के बीच डोनाल्ड ट्रंप के बेटे पर क्यों बन रहे मीम्स? कौन हैं Barron Trump, और क्या है #DraftBarron के पीछे की पूरी कहानी?
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर #DrafBarron हैशटैग तेजी से ट्रेंड करने लगा है. कई यूजर्स का कहना है कि अगर युद्ध जैसी स्थिति बनती है तो नेताओं के परिवारों को भी उसका जोखिम उठाना चाहिए. इसी बहस के बीच डोनाल्ड ट्रंप के सबसे छोटे बेटे बैरन ट्रंप चर्चा में आ गए हैं और सोशल मीडिया पर उनके नाम से मीम्स भी वायरल हो रहे हैं.
Barron Trump: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर नया विवाद शुरू हो गया है. #SendBarron हैशटैग सोशल मीडिटा पर खूब ट्रंड हुआ, जिसमें कुछ लोग कह रहे थे कि अगर युद्ध जैसी स्थिति बनती है तो नेताओं के परिवारों को भी उसका जोखिम साझा करना चाहिए.
यह ऑनलाइन बहस उस समय तेज हुई जब अमेरिका और इजरायल की सेनाओं ने ईरान के ठिकानों पर हमले किए और तेहरान ने जवाब में क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया. अमेरिकी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इन हमलों में अमेरिकी सैनिक हताहत हुए हैं, हालांकि ईरान की ओर से नुकसान के सही आंकड़े अभी स्पष्ट नहीं हैं.
क्या है ड्राफ्ट बैरेन, और क्यों हो रहा है ट्रेंड?
सोशल मीडिया पर कई लोगों का कहना है कि अगर भविष्य में युद्ध बढ़ता है तो नेताओं के परिवार के सदस्यों को भी सेना में सेवा करनी चाहिए. अमेरिकी कानून के अनुसार 18 साल की उम्र में पुरुषों को सिलेक्टिव सर्विस सिस्टम में रजिस्ट्रेशन कराना होता है. अगर कभी सेना के लिए ड्राफ्ट यानी अनिवार्य भर्ती लागू होती है, तो उस साल 20 साल के होने वाले युवाओं को सबसे पहले चुना जा सकता है.
डोनाल्ड ट्रंप के सबसे छोटे बेटे बैरन ट्रंप मई में 20 साल के हो चुके हैं. ऐसे में अगर कभी ड्राफ्ट लागू किया गया तो उनकी उम्र उस श्रेणी में आएगी. हालांकि फिलहाल अमेरिका में कोई सक्रिय ड्राफ्ट व्यवस्था लागू नहीं है.
सोशल मीडिया क्या कह रहे हैं यूजर्स?
बैरेन ट्रंप को लेकर सोशल मीडिया पर खूब मीम्स बन रहे हैं. उनकी एडिटेड तस्वीरें डाली जा रही हैं, जिसमें वह सेना की वर्दी में दिखाई दे रहे हैं. एक तस्वीर में वह अपने पिता और मां के बीच सेना की वर्दी में खड़े दिख रहे हैं. वहीं दूसरी तस्वीर में उन्हें सेना की एक कतार में दिखाया गया है, जिसमें उनकी लंबी हाईट की वजह से एक दूसरा सैनिक उन्हें मुस्कुराते हुए देख रहा है.
बैरन की हाइट पर भी चर्चा!
क्या मिल सकती है बैरेन को छूट?
कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह भी चर्चा हुई है कि बैरन को मेडिकल या शारीरिक कारणों से छूट मिल सकती है. बताया जाता है कि बैरन ट्रंप की लंबाई करीब 6 फीट 7 इंच है. अमेरिकी सेना के कुछ पदों के लिए अधिकतम लंबाई 6 फीट 8 इंच तक बताई जाती है, हालांकि अलग-अलग सैन्य शाखाओं और भूमिकाओं के अनुसार नियम अलग हो सकते हैं.
बता दें इससे पहले राष्ट्रपति के बच्चों को सेना में भेजने को लेकर पहले भी बहस हो चुकी है. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ड्वाइट आइजनहावर के दूसरे बेटे जॉन एस. डी. आइजनहावर ने 2008 में न्यूयॉर्क टाइम्स में लिखे एक लेख में कहा था कि राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति के बच्चों को युद्ध वाले क्षेत्रों में तैनात नहीं किया जाना चाहिए.
कौन हैं बैरन ट्रंप?
- डोनाल्ड ट्रंप के सबसे छोटे बेटे बैरन ट्रंप ने अपना बचपन काफी हद तक मीडिया की सुर्खियों से दूर बिताया. बैरन का जन्म 20 मार्च 2006 को हुआ. वे डोनाल्ड ट्रंप के पांचवें और मेलानिया ट्रंप के पहले बच्चे हैं.
- बैरन ने अपने बचपन का अधिकतर समय न्यूयॉर्क शहर में बिताया और मैनहैटन के अपर वेस्ट साइड के प्रतिष्ठित निजी स्कूलों में पढ़ाई की.
- जनवरी 2017 में डोनाल्ड ट्रंप पहली बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने, तब बैरन और मेलानिया कुछ समय तक न्यूयॉर्क में ही रहे ताकि वह अपना स्कूल वर्ष पूरा कर सकें. उसी साल गर्मियों में बैरन ने मैरीलैंड के सेंट एंड्रयूज़ एपिस्कोपल स्कूल में दाखिला लिया और बाद में व्हाइट हाउस में रहने लगे.
- ट्रंप के बड़े बच्चे इवांका ट्रंप, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, एरिक ट्रंप और टिफनी ट्रंप अपने पिता के पहले राष्ट्रपति कार्यकाल में ज्यादा सक्रिय नजर आए, जबकि बैरन की निजी जिंदगी को प्राथमिकता देते हुए उन्हें मीडिया से दूर रखा गया.
- 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान भी बैरन ज्यादातर निजी जीवन में ही रहे. उन्होंने फ्लोरिडा से रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में एट-लार्ज डेलीगेट बनने का प्रस्ताव पहले से तय कार्यक्रमों का हवाला देकर ठुकरा दिया था.
- हालांकि जुलाई में उन्होंने अपने पिता के समर्थन में पहली बार एक चुनावी रैली में हिस्सा लिया. 2024 का चुनाव जीतने के बाद जब डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी जीत का भाषण दिया, तब बैरन भी मंच पर मौजूद थे और ट्रंप ने अपने बच्चों का आभार जताया.
- मई 2024 में हाई स्कूल से पढ़ाई पूरी करने के बाद बैरन ने उसी साल सितंबर में न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया. बाद में उन्होंने अपने दूसरे वर्ष के लिए विश्वविद्यालय के वॉशिंगटन डी.सी. कैंपस में स्थानांतरण ले लिया.
- बैरन अंग्रेजी के अलावा स्लोवेन भाषा भी बोल सकते हैं, जो उन्हें उनकी मां मेलानिया ट्रंप की स्लोवेनियाई पृष्ठभूमि से मिली है.
- जल्द ही अमेजन मेलानिया ट्रंप पर एक डॉक्यूमेंट्री रिलीज करने वाला है. द सन की रिपोर्ट के अनुसार इस सीरीज में बैरन ट्रंप अपनी मां के साथ एक छोटी सी झलक में दिखाई दे सकते हैं.
- हाल ही में बैरन ट्रंप को एक येलो गोल्ड रोलेक्स डेटोना घड़ी पहने देखा गया, जिसकी कीमत करीब 48,700 डॉलर बताई जाती है.
- जुलाई 2024 में बैरन ट्रंप ने ट्रंप, फुल्चर एंड रॉक्सबर्ग कैपिटल इंक नाम की एक रियल एस्टेट कंपनी की सह-स्थापना की थी. हालांकि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के बाद इस कंपनी को भंग कर दिया गया.
- सितंबर तक बैरन को वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल नाम की कंपनी में 'डीफाई विजनरी' के रूप में लिस्ट किया गया था.
- न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार रियल एस्टेट निवेशक स्टीव विटकॉफ ने बैरन की भूमिका को मेमकॉइन्स के खिलाफ एक तरह के संतुलन के रूप में देखा था और माना था कि इससे उन्हें व्यावसायिक अनुभव मिलेगा. बाद में रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि बैरन ने अपने माता-पिता को क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया था.
- अक्टूबर 2025 में ट्रंप के पूर्व सोशल मीडिया मैनेजर ने यह भी प्रस्ताव दिया था कि टिकटॉक के अमेरिकी कंपनी को बेचे जाने के बाद बैरन ट्रंप को उसके निदेशक मंडल का सदस्य बनाया जा सकता है.