ट्रंप की चेतावनी, ईरान का अनोखा कदम; युवाओं से क्यों की बिजली केंद्रों पर इकट्ठा होने की अपील?
ट्रंप द्वारा तय की गई समयसीमा नजदीक आते ही हालात और गंभीर होते नजर आ रहे हैं. इस बीच ईरान ने एक अनोखा कदम उठाते हुए अपने युवाओं से देश की अहम बिजली सुविधाओं के आसपास जुटने की अपील की है
डोनाल्ड ट्रंप और मोजतबा खामेनेई
(Image Source: X/ @globalmarketss )मिडिल ईस्ट में जारी जंग पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते दिन ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा था कि वे एक रात में इसको खत्म कर सकते हैं. जिसके बाद अब तनाव और ज्यादा बढ़ गया है. ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का समय दिया था. वहीं ट्रंप द्वारा तय की गई समयसीमा नजदीक आते ही हालात और गंभीर होते नजर आ रहे हैं. इस बीच ईरान ने एक अनोखा कदम उठाते हुए अपने युवाओं से देश की अहम बिजली सुविधाओं के आसपास जुटने की अपील की है, जिसे शक्ति प्रदर्शन और एकता का प्रतीक माना जा रहा है.
ईरान सरकार का कहना है कि यह पहल देश के बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और राष्ट्रीय एकजुटता दिखाने के लिए की जा रही है. ऐसे समय में जब युद्ध जैसे हालात छठे सप्ताह में प्रवेश कर चुके हैं, यह कदम अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर रहा है.
क्या है ईरान की अपील?
ईरान के खेल एवं युवा मंत्रालय ने खिलाड़ियों, कलाकारों और छात्रों समेत देश के युवाओं से मंगलवार दोपहर 2 बजे महत्वपूर्ण ऊर्जा केंद्रों के पास इकट्ठा होने का आह्वान किया है. इस पहल का उद्देश्य बिजली संयंत्रों के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाकर देश की एकता और दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित करना है. युवा मामलों के उप मंत्री Alireza Rahimi ने इस अभियान को युवाओं की पहल बताया. उन्होंने कहा "यह पहल युवाओं के सुझाव पर ही शुरू की गई है. कई विश्वविद्यालय के युवाओं, युवा कलाकारों और युवा संगठनों ने प्रस्ताव दिया कि हम देश के बिजली संयंत्रों के चारों ओर एक मानव घेरा या मानव श्रृंखला बनाएं."
क्या रखा अभियान का नाम?
रहीमी ने बताया कि इस अभियान को "उज्ज्वल भविष्य के लिए ईरान के युवाओं की मानव श्रृंखला" नाम दिया गया है. इसका मकसद देश के बुनियादी ढांचे की रक्षा के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता को दर्शाना है. उन्होंने आगे कहा "हमें उम्मीद है कि देश भर के युवाओं की भागीदारी से बिजली संयंत्रों के चारों ओर यह मानव श्रृंखला बनेगी और यह देश के बुनियादी ढांचे की रक्षा करने और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए युवाओं की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा."
क्या थी ट्रंप की आखिरी चेतावनी?
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को मंगलवार रात 8 बजे तक Strait of Hormuz को फिर से खोलने की समयसीमा दी है. यह जलडमरूमध्य वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि ईरान ने यह मांग नहीं मानी, तो अमेरिका कड़ी सैन्य कार्रवाई कर सकता है और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बना सकता है. उन्होंने कहा "मेरा मतलब है कि दोपहर 12 बजे तक पूरी तरह से विध्वंस और अगर हम चाहें तो यह चार घंटे की अवधि में हो जाएगा."