Middle East Conflict: कितनी बची है Iran की क्षमता? Israel पर दाग सकता है इतनी मिसाइल
इजरायल के मुताबिक, ईरान के पास अब भी 1000 से ज्यादा मिसाइलें मौजूद हैं. वहीं, हिजबुल्लाह के पास 10 हजार रॉकेट हो सकते हैं. इससे साफ संकेत मिलता है कि ईरान इजरायल जंग लंबा चल सकता है.
इजरायल ने ईरान के मिसाइलों को लेकर किया बड़ा खुलासा
Iran vs Israel US War: मिडिल ईस्ट में जारी जंग को लेकर इजरायल ने बड़ा दावा किया है. इजरायली सैन्य ब्रीफिंग के मुताबिक, ईरान के पास अभी भी 1,000 से ज्यादा ऐसी मिसाइलें मौजूद हैं जो सीधे इजरायल तक पहुंच सकती हैं. वहीं, लेबनान में सक्रिय हिज्बुल्लाह के पास 8,000 से 10,000 तक कम दूरी के रॉकेट मौजूद बताए जा रहे हैं.
यह जानकारी इजरायली मीडिया और सैन्य अधिकारियों की ब्रीफिंग के हवाले से सामने आई है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि यह युद्ध लंबे समय तक जारी रह सकता है.
इजरायली एयरफोर्स के अधिकारी ने क्या कहा?
- इजरायली वायुसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने Channel 12 को दिए इंटरव्यू में कहा कि ईरान की मिसाइल क्षमता पूरी तरह खत्म करना मुश्किल है.
- अधिकारी ने कहा, "ईरान की मिसाइल क्षमता को पूरी तरह खत्म करने के लिए भारी संसाधनों की जरूरत होगी और ईमानदारी से कहूं तो इसे शून्य तक लाना संभव नहीं है."
- इजरायल के अनुसार युद्ध से पहले ईरान के पास करीब 2,000 मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें थीं. इसमें से 500 से ज्यादा मिसाइलें दागी जा चुकी हैं, कई मिसाइलें जमीन पर ही नष्ट कर दी गईं. फिर भी 1,000 से ज्यादा मिसाइलें बची हैं. पहाड़ों के अंदर सुरंगों से हमले हो रहे हैं.
- इजरायल का दावा है कि ईरान दर्जनों भूमिगत सुरंगों और पहाड़ी लॉन्च साइट्स से मिसाइल दाग रहा है. इन जगहों को पहले से निशाना बनाना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है.
- इजरायली अधिकारी ने भी माना कि हमें नहीं लगता कि हम इन हमलों को पूरी तरह रोकने में सक्षम हैं.
- इजरायल के मुताबिक हिज्बुल्लाह रोजाना 200 से 250 रॉकेट दाग रहा है. ज्यादातर रॉकेट दक्षिणी लेबनान में इजरायली सेना पर और कुछ रॉकेट उत्तरी इजरायल तक पहुंचे. इससे हजारों नागरिक बंकरों में रहने को मजबूर हैं.
- IDF ने कहा कि अलर्ट सिस्टम को और मजबूत किया जा रहा है ताकि लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए ज्यादा समय मिल सके.
इजरायल में सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिश
लगातार हमलों के बीच इजरायल धीरे-धीरे सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिश कर रहा है. स्कूलों को फिर से खोलने की तैयारी की जा रही है. उड़ानों की संख्या बढ़ाई गई है और सिनेमाघर फिर से खोल दिए गए हैं. हालांकि सुरक्षा प्रतिबंध अभी भी लागू हैं.
ट्रंप ने ईरान को क्या चेतावनी दी?
डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमले जारी रहे तो पुलों, बिजली संयंत्र और इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया जाएगा. इजरायल ने भी कहा है कि ईरान के हमले जारी रहे तो वह ईरान की राष्ट्रीय संरचना और सरकारी क्षमता को निशाना बनाएगा. इस बीच दोनों पक्षों के पीछे हटने के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं, जिससे यह संघर्ष लंबा खिंचने की आशंका बढ़ गई है.




