Iran Israel War : ईरान-इजराइल टकराव से सुलग रहा मिडिल ईस्ट, मिसाइल से तेल बाजार तक 10 बड़े अपडेट

पश्चिम एशिया में ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. मिसाइल हमले, सैन्य चेतावनियां और तेल निर्यात की धमकी ने पूरे मिडिल ईस्ट को अस्थिर बना दिया है. 10 मार्च को सामने आए घटनाक्रम बताते हैं कि यह संघर्ष सिर्फ सैन्य नहीं बल्कि ऊर्जा, व्यापार और वैश्विक राजनीति को भी प्रभावित कर सकता है.

( Image Source:  Sora AI )
Curated By :  धीरेंद्र कुमार मिश्रा
Updated On : 10 March 2026 3:45 PM IST

मिडिल ईस्ट में भू-राजनीतिक तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने पूरे पश्चिम एशिया में ही नहीं, दुनिया भर में अस्थिरता की स्थिति पैदा कर दी है. अब यह वार मिसाइल हमलों, सैन्य चेतावनियों और रणनीतिक तैनाती के बीच हालात लगातार संवेदनशील होते जा रहे हैं. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सख्त चेतावनी, ईरान की तेल निर्यात रोकने की धमकी और क्षेत्र में नई सैन्य तैनाती यह संकेत दे रहे हैं कि यह टकराव केवल दो देशों तक सीमित नहीं रह सकता. इसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार, समुद्री व्यापार मार्गों और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है.

अभी तक के घटनाक्रम बताते हैं कि मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बदल रहे हैं. आइए जानते हैं ईरान-इजराइल टकराव से जुड़े 10 बड़े अपडेट, जो इस पूरे संकट की दिशा तय कर सकते हैं.

1. क्या ईरान के खिलाफ इजराइल का मिशन अभी खत्म नहीं हुआ?

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ कहा कि ईरान के खिलाफ इजराइल का मिशन अभी खत्म नहीं हुआ है. उन्होंने संकेत दिया कि अगर खतरा जारी रहा तो आगे भी सैन्य कार्रवाई हो सकती है. नेतन्याहू के बयान से साफ है कि इजराइल ईरान के सैन्य ढांचे और उसके समर्थित समूहों पर दबाव बनाए रखना चाहता है. इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

2. क्या दक्षिणी लेबनान में इजराइल जल्द बड़ा हमला करने वाला है?

इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में जल्द हमले करने की चेतावनी दी है. माना जा रहा है कि इज़राइल का निशाना हिजबुल्लह से जुड़े ठिकाने हो सकते हैं. इजराइल का कहना है कि इन ठिकानों का इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई और सैन्य गतिविधियों के लिए किया जा रहा है. अगर यह हमला होता है तो संघर्ष का दायरा और बढ़ सकता है.

3. तुर्की में अमेरिकी पैट्रियट सिस्टम क्यों तैनात किए जा रहे हैं?

मध्य पूर्व में बढ़ते मिसाइल खतरे के बीच तुर्की में अमेरिकी पैट्रिएट मिसाइल डिफेंस सिस्टम तैनात किया जा रहा है. तुर्की का कहना है कि यह कदम ईरान से संभावित मिसाइल खतरे को देखते हुए उठाया गया है. यह सिस्टम दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइलों और विमानों को हवा में ही रोकने में सक्षम माना जाता है.

4. क्या ईरान ने इराक में अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया?

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया कि उन्होंने इराक के कुर्दिस्तान इलाके में स्थित अमेरिकी बेस पर मिसाइल हमला किया. रिपोर्ट के मुताबिक आईआरजीसी ने अल हरीरी एयर बेस को निशाना बनाते हुए कई मिसाइलें दागीं. यह हमला अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को और बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है.

5. हिज़्बुल्लाह नेटवर्क पर इजराइल ने हमले क्यों तेज किए?

इजराइली सेना इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने लेबनान में हिज्बुल्लाह से जुड़े वित्तीय नेटवर्क पर हवाई हमले किए हैं. सेना का कहना है कि इन ठिकानों का इस्तेमाल हथियार खरीदने और लड़ाकों की फंडिंग के लिए किया जाता था. इन हमलों का उद्देश्य हिज़्बुल्लाह की सैन्य क्षमता को कमजोर करना बताया गया है.

6. क्या ईरान सच में तेल निर्यात रोक सकता है?

तनाव बढ़ने के बीच ईरान ने संकेत दिया है कि अगर संघर्ष बढ़ता है तो वह अपने तेल निर्यात को रोक सकता है. ईरान दुनिया के बड़े तेल उत्पादकों में से एक है, इसलिए इस तरह का कदम वैश्विक तेल बाजार को झटका दे सकता है. इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल की आशंका जताई जा रही है.

7. भारत ने शिपिंग कंपनियों को प्रीडेटरी प्राइसिंग से बचने की सलाह क्यों दी?

पश्चिम एशिया में तनाव के कारण लॉजिस्टिक्स सेक्टर पर भी असर पड़ सकता है. इसी को देखते हुए डायरेक्टोरेट जनरल आफ शिपिंग ने शिपिंग कंपनियों को प्रीडेटरी प्राइसिंग से बचने की सलाह दी है. सरकार ने कहा है कि युद्ध जैसे हालात का फायदा उठाकर अतिरिक्त चार्ज लगाना व्यापार और सप्लाई चेन के लिए नुकसानदायक हो सकता है.

8. भारत से बांग्लादेश को 5,000 टन डीज़ल भेजने के क्या मायने हैं?

ऊर्जा सुरक्षा के बीच इंडिया ने बांग्लादेश को पाइपलाइन के जरिए करीब 5,000 टन डीजल भेजा है. यह सप्लाई दोनों देशों के बीच हुए दीर्घकालिक समझौते का हिस्सा है, जिसके तहत भारत हर साल लगभग 1.8 लाख टन डीजल बांग्लादेश को देता है. क्षेत्रीय ऊर्जा सहयोग के लिहाज से यह कदम अहम माना जा रहा है.

9. ऊर्जा संकट के डर से भारत ने कौन सा बड़ा कदम उठाया?

संभावित ऊर्जा संकट को देखते हुए भारत सरकार ने Essential Commodities Act लागू कर दिया है. इसके तहत रिफाइनरियों को अधिकतम LPG उत्पादन करने का निर्देश दिया गया है. सरकार चाहती है कि घरेलू गैस की सप्लाई में किसी तरह की बाधा न आए, खासकर तब जब वैश्विक ऊर्जा बाजार युद्ध के कारण अस्थिर हो सकता है.

10. क्या ईरान-इज़राइल टकराव से वैश्विक व्यापार प्रभावित होगा?

ईरान-इजराइल टकराव सिर्फ सैन्य संकट नहीं है, बल्कि इसका असर वैश्विक व्यापार और सप्लाई चेन पर भी पड़ सकता है. मिडिल ईस्ट दुनिया के प्रमुख ऊर्जा और शिपिंग मार्गों का केंद्र है. अगर तनाव और बढ़ता है तो तेल की कीमतों, समुद्री व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा पर व्यापक प्रभाव देखने को मिल सकता है.

Similar News