दुबई के शेख से लेकर रूसी लेखक तक, एपस्टीन फाइल्स में शामिल ये 6 रसूखदार लोग कौन?
जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में 6 बड़े रसूखदार लोगों के नाम का खुलासा हुआ है. ये खुलासा डेमोक्रेट सांसद रो खन्ना ने किया है.;
Epstein File Updates: अमेरिका में जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है. डेमोक्रेट सांसद रो खन्ना (कैलिफोर्निया) ने पब्लिकली छह ऐसे नाम उजागर किए हैं, जिन्हें उन्होंने 'अमीर' और 'प्रभावशाली' शख्स बताया है. खन्ना का आरोप है कि न्याय विभाग (DOJ) ने हाल में जारी की गई एपस्टीन फाइलों में इन लोगों के नाम गलत तरीके से छिपाए थे.
हाल ही में खन्ना और रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी (केंटकी) ने यह भी कहा था कि उन्हें खुद न्याय विभाग जाकर अनपब्लिश्ड दस्तावेजों की समीक्षा करनी पड़ी थी. इसके बाद ही खन्ना ने बयान जारी करते हुए उन 6 ताकतवर लोगों के नामों का खुलासा किया है.
कौन हैं वह 6 ताकतवर लोग?
जिन छह लोगों के नाम सामने आए हैं, वे हैं- साल्वातोरे नुआरा, जुराब मिकेलाद्जे, लियोनिक लियोनोव, निकोला कैपुटो, सुल्तान अहमद बिन सुलायम और अरबपति कारोबारी लेस्ली वेक्सनर. खन्ना और मैसी का कहना है कि ये नाम एपस्टीन रिकॉर्ड में संभावित सह-साजिशकर्ताओं के तौर पर दर्ज हैं.
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि इन में से किसी पर अब तक आरोप तय नहीं हुए हैं और न ही किसी के खिलाफ औपचारिक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है. सांसदों ने जोर देकर कहा कि फाइलों में नाम आने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति दोषी हैं.
खन्ना ने उठाया अहम सवाल
रो खन्ना ने सवाल उठाया कि इन नामों को पब्लिक करने के लिए सांसदों को सीधे दखल क्यों देना पड़ा. उन्होंने कहा, "अगर हमने दो घंटे में छह ऐसे नाम ढूंढ लिए जिन्हें छिपाया गया था, तो कल्पना कीजिए कि उन 30 लाख फाइलों में और कितने नाम छिपाए गए होंगे."
रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने भी कहा कि एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट के तहत संभावित सह-साजिशकर्ताओं के नामों को हटाने की अनुमति नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि न्याय विभाग ने व्यापक स्तर पर नामों को पब्लिश किया था, जिसमें महिलाओं के नाम भी शामिल थे.
कैसे मामले ने पकड़ा तूल?
यह विवाद तब और बढ़ गया जब न्याय विभाग ने एपस्टीन जांच से जुड़े 30 लाख से अधिक पन्नों के दस्तावेज, तस्वीरें और वीडियो जारी किए और दावा किया कि उसने अपनी कानूनी जिम्मेदारियां पूरी कर ली हैं. इसके बावजूद कांग्रेस में बहस जारी है कि क्या और भी बिना संपादन (unredacted) रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जाने चाहिए और क्या जांच के शुरुआती फेज में कुछ ताकतवर लोगों को बचाने का काम किया गया.
न्याय विभाग ने क्या कहा?
न्याय विभाग ने इन आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि उन्होंने किसी भी शख्स को बचाने का काम नहीं किया. विभाग ने यह भी कहा है कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित किसी को भी बचाने का सवाल नहीं उठता. ट्रंप पहले ही एपस्टीन से जुड़े किसी भी गलत काम से इनकार कर चुके हैं और इस मामले में उनके खिलाफ कोई आरोप दर्ज नहीं है.
कौन हैं एपस्टीन फाइल में शामिल 6 लोग?
एपस्टीन फाइल में निकले नए नाम कई रसूखदार लोगों के हैं, जो कुछ इस तरह हैं-
88 साल के वेंक्सर ने रिटेल का एक बड़ा बिजनेस खड़ा किया. जिसमें, विक्टोरिया सीक्रेट, एबरक्रॉम्बी एंड फिच और बाथ एंड बॉडी वर्क्स शामिल हैं. वेंक्सर का जेफ्री एपस्टीन के साथ लंबा वित्तीय संबंध रहा, जिन्होंने कई सालों तक उनके निवेश संभाले.
न्यूयॉर्क टाइम्स की नवंबर में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, वेंक्सर ने एपस्टीन को एक मिलियनेयर से एक अमीर इंडस्ट्रलिस्ट बनाने में मदद की. रिपोर्टर्स के मुताबिक,"पैसे के अलावा, वेंक्सर का सबसे बड़ा योगदान यह था कि उन्होंने एपस्टीन को नई प्रतिष्ठा और भरोसेमंद पहचान दी."
हालांकि वेंक्सर और एपस्टीन के संबंध पहले से ही सार्वजनिक थे, हाल ही में यह खुलासा हुआ है कि एफबीआई ने वेंक्सर को एपस्टीन का सह-साज़िशकर्ता माना, हालांकि उन पर एपस्टीन के अपराधों से संबंधित कोई आपराधिक आरोप नहीं हैं.
सुल्तान अहमद बिन सुलायेम
दुबई के इस बिजनेसमैन के नेतृत्व में DP वर्ल्ड चलती है, जो 80 से अधिक देशों में बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स का काम करती है. वे FIA प्रमुख मोहम्मद बिन सुलायेम के भाई भी हैं. हाल ही में जारी दस्तावेजों में सामने आया कि 2015 में सुल्तान ने एपस्टीन को ईमेल किया था जिसमें उन्होंने लिखा कि उन्होंने दो साल पहले उनकी एक लड़की से मुलाकात की थी, जो दुबई की एक अमेरिकी यूनिवर्सिटी में पढ़ती थी और वह अब तक की ‘सबसे शानदार अनुभव वाली लड़की’ थी. उन्होंने लिखा,"वह सगाई कर चुकी थी लेकिन अब मेरे पास वापस आ गई है."
इसके अलावा, दस्तावेज़ों से यह भी पता चला कि एपस्टीन ने ईमेल में कहा था, "मुझे टॉर्चर वीडियो पसंद आया."
साल्वाटोरे न्यूरा
कई रिपोर्टों के अनुसार, नुअरा पहले न्यूयॉर्क पुलिस विभाग में जासूस के रूप में कार्यरत थे. उनके खिलाफ एस्कॉर्ट सेवा से जुड़े एक मामले में जांच की गई थी, हालांकि वह जांच सीधे तौर पर जेफरी एपस्टीन से संबंधित नहीं थी.
निकोलो कैपुटो
निकोला कैपुटो एक इतालवी राजनीतिज्ञ हैं जिन्होंने 2014 से 2019 तक यूरोपीय संसद के सदस्य के रूप में कार्य किया. वे वर्तमान में इटली के कैम्पानिया क्षेत्र में क्षेत्रीय मंत्री के रूप में कार्यरत हैं.
ज़ुराब मिकेलाड्ज़े
जॉर्जियाई मूल के ज़ुराब मिकेलड्ज़ के बारे में सार्वजनिक रूप से बहुत कम जानकारी उपलब्ध है. उनका नाम जेफरी एपस्टीन से जुड़े रिकॉर्ड में मिलता है, जो 2021 की एनवाईपीडी सूची से लिया गया है, लेकिन उनकी कोई विस्तृत पृष्ठभूमि, सत्यापित भूमिका या एपस्टीन से पुष्ट संबंध पब्लिकली पब्लिश नहीं की गई है.
लियोनिक लियोनोव
इनका नाम सीधे तौर पर एपस्टीन से जुड़ा नहीं है. इसके साथ ही लियोनिक के बारे में पब्लिकली ज्यादा जानकारी मौजूद नहीं है.