दहल उठा कनाडा का टंबलर रिज स्कूल, ताबड़तोड़ चली गोलियां; 10 लोगों की मौत
कनाडा के टंबलर रिज में हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में एक एक्टिव शूटर की घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई.;
Canada school shooting
(Image Source: AI: Sora )कनाडा के टंबलर रिज में हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में एक एक्टिव शूटर की घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्कूल परिसर को तुरंत लॉकडाउन कर दिया गया रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में लिया. CTVन्यूज के मुताबिक, आरसीएमपी के स्टाफ सर्जेंट क्रिस क्लार्क ने द कैनेडियन प्रेस को टेक्स्ट मैसेज के जरिए इस दर्दनाक घटना की पुष्टि की है.
पुलिस को कब मिली सूचना?
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को दोपहर करीब 1:20 बजे स्कूल में एक्टिव शूटर की सूचना मिली. इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने स्कूल में प्रवेश कर स्थिति का आकलन शुरू किया. अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती सर्च ऑपरेशन के दौरान स्कूल परिसर में कई पीड़ित मिले. पुलिस ने अपने बयान में कहा, "एक्टिव शूटिंग की शुरुआती प्रतिक्रिया के तहत पुलिस ने स्कूल में घुसकर खतरे को ढूंढ़ने की कोशिश की. सर्च के दौरान अधिकारियों ने कई पीड़ितों को पाया. संदिग्ध माने जाने वाले व्यक्ति को भी स्कूल के अंदर मृत पाया गया, जिसमें आत्म-घातक चोट जैसी लग रही है."
ये भी पढ़ें :India-US ट्रेड डील के दस्तावेज़ में बदलाव, दालों का जिक्र हटा, $500 अरब पर भी बदली भाषा
10 की मौत, तो कितने घायल?
पुलिस के मुताबिक, इस घटना में एक संदिग्ध भी मारा गया है, जो स्कूल के अंदर मृत पाया गया. स्कूल परिसर के भीतर कुल छह लोगों के शव बरामद हुए, जबकि एक घायल पीड़ित ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. इसके अलावा पुलिस को घटना से जुड़े एक घर में दो और लोगों के शव मिले हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है.
गोलीबारी में घायल हुए लगभग दो दर्जन लोगों का इलाज जारी है. पुलिस ने जानकारी दी कि दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को स्कूल से हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंचाया गया. अन्य घायलों को एंबुलेंस के जरिए विभिन्न चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है.