'सुबह उठी तो बिजनेस तबाह', AI की मार से कैसे रातों-रात खत्म हुआ स्टार्टअप? Ira Bodnar की पोस्ट वायरल

स्टार्टअप राइज की संस्थापक Ira Bodnar ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि एंथ्रोपिक के क्लाउड AI के नए अपडेट ने उनके बिजनेस मॉडल को लगभग रातोंरात तबाह कर दिया.

Ira Bodnar

(Image Source:  X/ @TechCareersX )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

सैन फ्रांसिस्को के टेक इकोसिस्टम में उस समय हलचल मच गई जब स्टार्टअप राइज की संस्थापक Ira Bodnar ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि एंथ्रोपिक के क्लाउड AI के नए अपडेट ने उनके बिजनेस मॉडल को लगभग रातोंरात तबाह कर दिया. उनका कहना है कि जिस प्रोडक्ट कैटेगरी में उनकी कंपनी तेजी से आगे बढ़ रही थी, उसी क्षेत्र में आए एआई फीचर्स ने सीधी टक्कर देकर बिक्री दर को बुरी तरह प्रभावित किया है.

यह विवाद तब गहराया जब Anthropic और एक अन्य एआई फर्म Mans ने ऐसे फीचर लॉन्च किए, जो राइज के मुख्य उत्पाद गूगल और मेटा विज्ञापनों के प्रबंधन के लिए बनाए गए एआई टूल से सीधे टक्कर करते हैं. इस घटनाक्रम को टेक इंडस्ट्री में ‘सासपोकेलिप्स’ के नए उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है.

अचानक कैसे बदल गया सब?

इरा बोडनार ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनकी कंपनी ने महज दो महीनों में कई 100 पेड ग्राहक जोड़ लिए थे और 70% का प्रभावशाली डील क्लोज रेट बनाए रखा था, लेकिन क्लाउड के अपडेट के बाद स्थिति बदल गई. उन्होंने लिखा "आज सुबह जब मैं उठी, तो पता चला कि क्लाउड ने मेरे स्टार्टअप को बर्बाद कर दिया है. दो महीने में ही हमें कई सौ भुगतान करने वाले ग्राहक मिल गए थे, हमारा स्टार्टअप तेजी से बढ़ रहा था. क्लाउड/मैनस के एक फीचर ने हमारी बिक्री दर को 70% से घटाकर 20% कर दिया. क्लाउड ने हमारे पूरे उत्पाद वर्ग को ही तबाह कर दिया."

राइज का प्रोडक्ट क्या करता था?

बोडनार ने अपने प्रोडक्ट की कार्यप्रणाली समझाते हुए लिखा "हमने एक एआई एजेंट बनाया है जो आपके लिए विज्ञापन प्रबंधन को स्वचालित कर देता है. जैसे, आप इसे अपने सभी Google और Meta खातों तक पहुंच दे सकते हैं और यह आपके लिए उनका प्रबंधन करेगा. बहुत बढ़िया. ग्राहकों को यह पसंद आया. क्लाउड और मैनस दोनों ने मेटा विज्ञापन के लिए कनेक्टर जारी किए हैं. क्लाउड अभी भी विज्ञापन खातों में बदलाव नहीं कर सकता यह केवल विश्लेषण कर सकता है और इसकी Google विज्ञापनों तक पहुंच नहीं है लेकिन कुछ महीनों में यह कर पाएगा. इसलिए यहां कुछ बनाना व्यर्थ लगता है."

राइज ने क्या किया बदलाव?

संभावित जोखिम को भांपते हुए राइज की टीम ने कुछ सप्ताह पहले ही अपनी रणनीति में बदलाव शुरू कर दिया था. अब कंपनी बड़ी विज्ञापन एजेंसियों के लिए AI वर्कफ़्लो तैयार करने पर फोकस कर रही है, जो कम कर्मचारियों के साथ सैकड़ों अकाउंट संभालती हैं. बोडनार ने भरोसा जताते हुए कहा "हमारा मौजूदा कारोबार वैसे भी ठीक रहेगा. हमें पता था कि क्या होने वाला है और हमने कुछ हफ़्ते पहले ही सक्रिय रूप से बदलाव करना शुरू कर दिया था."

भविष्य को लेकर क्या चिंता?

इरा बोडनार ने डिजिटल कंटेंट के भविष्य को लेकर भी गंभीर चिंता जताई. उन्होंने अनुमान लगाया कि आने वाले समय में अधिकांश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म AI गतिविधियों से भर जाएंगे. उनके मुताबिक, TikTok और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म पर लगभग 98% वीडियो एआई द्वारा बनाए और प्रमोट किए जा सकते हैं. ऐसे में सफलता रचनात्मकता से ज्यादा एल्गोरिदम की समझ और बड़े पैमाने पर कंटेंट निर्माण पर निर्भर करेगी.

Similar News