Ghaziabad Triple Suicide: सुजाता, हिना और अब टीना, दो नहीं, तीन शादियां कर चुका है लड़कियों का पिता, जांच में खुला राज

गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में तीन सगी बहनों की आत्महत्या के मामले में नए खुलासे हुए हैं. जांच में सामने आया है कि पिता चेतन कुमार ने दो नहीं, बल्कि तीन सगी बहनों से शादी की थी. पुलिस सुसाइड नोट और मोबाइल डेटा की जांच कर रही है. जानिए इस पूरे केस की अब तक की बड़ी बातें.;

Edited By :  नवनीत कुमार
Updated On : 5 Feb 2026 11:38 AM IST

गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में तीन सगी नाबालिग बहनों की आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. नौवीं मंजिल से कूदकर जान देने वाली तीनों बच्चियों के मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं, जिससे यह मामला और उलझता जा रहा है. अब जांच में परिवार की निजी जिंदगी से जुड़े ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिन्होंने सबको हैरान कर दिया है.

ताजा जानकारी के मुताबिक, बच्चियों के पिता चेतन कुमार की पारिवारिक कहानी सामान्य नहीं थी. दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने दो नहीं, बल्कि तीन सगी बहनों से शादी की थी. इसी जटिल पारिवारिक ढांचे, आर्थिक तंगी और घर के माहौल को भी इस दुखद घटना से जोड़कर देखा जा रहा है.

पिता चेतन ने तीन सगी बहनों से कैसे की शादी?

जांच में सामने आया है कि चेतन कुमार की पहली शादी दिल्ली के सीलमपुर की रहने वाली सुजाता से हुई थी. लंबे समय तक संतान न होने के कारण उन्होंने दूसरी शादी अपनी ही साली हिना से कर ली. दिलचस्प बात यह है कि दूसरी शादी के बाद ही पहली पत्नी सुजाता को संतान हुई. बाद में दोनों पत्नियों से बच्चे हुए और परिवार बड़ा होता गया.

परिवार में कितने बच्चे और कौन-कौन थे?

पहली पत्नी सुजाता से बड़ी बेटी निशिका और बेटा लविश थे. दूसरी पत्नी हिना से प्राची, पाखी और तीन साल की बेटी देव्यांशी हुई. पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि चेतन ने करीब पांच साल पहले तीसरी साली टीना से भी शादी कर ली थी, और छोटी बच्ची देव्यांशी उसी से बताई जा रही है. इस जटिल रिश्तों के कारण परिवार में तनाव की स्थिति भी बनी रहती थी.

क्या परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था?

प्राथमिक जांच में पता चला है कि चेतन कुमार शेयर ट्रेडिंग का काम करते थे, लेकिन परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. साल 2020 में हालात इतने खराब हो गए कि तीनों बेटियों की पढ़ाई छूट गई. इसके बाद वे घर पर ही रहने लगीं और ज्यादा समय मोबाइल फोन और ऑनलाइन गेम में बिताने लगीं.

मोबाइल फोन छीनने से क्या हालात बदले?

पुलिस के मुताबिक, तीनों बहनें कोरियन कंटेंट, गेम्स और वेब सीरीज की काफी आदी हो चुकी थीं. करीब 15 दिन पहले पिता ने उनका मोबाइल फोन लेकर बेच दिया था. इसके बाद बच्चियां तनाव में आ गईं और बताया जा रहा है कि इसी मानसिक दबाव के बीच उन्होंने आठ पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर यह खौफनाक कदम उठाया.

घटना के बाद पुलिस की जांच में क्या सामने आया?

घटना के बाद पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौके से मिला सुसाइड नोट, मोबाइल फोन और अन्य सामान फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल डेटा सामने आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि बच्चियां किन ऐप्स या कंटेंट से प्रभावित थीं.

परिवार के भीतर क्या तनाव की स्थिति थी?

सूत्रों के मुताबिक, चेतन की तीसरी शादी के बाद घर में तनाव बढ़ गया था. बताया जा रहा है कि इसी वजह से मई 2025 में दोनों पत्नियां घर छोड़कर चली गई थीं. परिवार के भीतर चल रही खींचतान और आर्थिक परेशानियों को भी इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है.

अब आगे जांच किस दिशा में बढ़ेगी?

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच जारी है और सभी पहलुओं को देखा जा रहा है चाहे वह पारिवारिक माहौल हो, आर्थिक हालात हों या मोबाइल और ऑनलाइन गतिविधियां. फोरेंसिक रिपोर्ट और डिजिटल डेटा आने के बाद ही इस ट्रिपल सुसाइड केस की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.

Similar News