मुझे रामभद्राचार्य जी को जेल भेज देना चाहिए था, अविमुक्तेश्वरानंद पर FIR दर्ज होने पर बोले अखिलेश यादव; डिप्टी CM को दिया खास ऑफर

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ गलत व्यवहार हुआ. सरकार उन्हें बदनाम करने के लिए पुरानी बातें निकाल रही है. उन्होंने रामभद्राचार्य से जुड़े मामले पर भी नाराजगी जताई.

शंकराचार्य विवाद पर अखिलेश का बड़ा हमला, डिप्टी CM को दिया CM बनने का ऑफर

(Image Source:  ANI )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 22 Feb 2026 3:40 PM IST

Akhilesh Yadav targets UP Government: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का अपमान किया है. समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने कहा कि कड़ाके की ठंड में शंकराचार्य कई दिनों तक धरने पर बैठे रहे, लेकिन उन्हें स्नान तक की अनुमति नहीं दी गई, जो सनातन परंपरा में पहले कभी नहीं हुआ. उन्होंने इसे धार्मिक परंपराओं और संतों के सम्मान के खिलाफ बताया.

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार शंकराचार्य को अपमानित करने के लिए 20 साल पुरानी घटना को सामने ला रही है. उन्होंने कहा कि विचारों का मतभेद हो सकता है, लेकिन इस स्तर तक जाकर आरोप लगवाना ठीक नहीं है.

जगद्गुरु रामभद्राचार्य का सपा प्रमुख ने क्यों किया जिक्र?

इस दौरान सपा प्रमुख ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य का जिक्र करते हुए कहा कि अगर शिकायत करने वाला उनका शिष्य है, तो उनसे गलती हुई कि उन्होंने पहले उनके खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लिया था. उन्होंने यह भी कहा कि उस समय उन्हें जेल भेज देना चाहिए था.

अखिलेश यादव ने दोनों डिप्टी सीएम को क्या ऑफर दिया?

अखिलेश यादव ने राज्य की राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए दावा किया कि मौजूदा सरकार अब ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है. उन्होंने दोनों डिप्टी सीएम (ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य) को खुला ऑफर देते हुए कहा कि अगर वे 100 विधायक लेकर आएं, तो उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार हैं. इस बयान को उत्तर प्रदेश की सियासत में बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

अखिलेश यादव के प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें

  • जैसे-जैसे पीड़ा बढ़ रही है, वैसे-वैसे पीडीए का आंदोलन बढ़ता जा रहा है. इस पीडीए के आंदोलन में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने की हमारी कोशिश है.
  • गुरुनानक जी ने कहा है कि वस्त्र पहनने और कान छेदाने से कोई योगी नहीं हो सकता.
  • यह पहली बार हुआ है इस सरकार में कि किसी शंकराचार्य को स्नान करने से रोका गया. अब तो यह सरकार एक कदम आगे निकल गई है, आप 20 साल बाद शंकराचार्य पर इस तरह का घटिया आरोप लगवा रहे.
  • पानी की टंकी भ्रष्टाचार का भार नहीं सह पा रहीं हैं. पानी भरिए, टंकी फट जा रही है.
  • गोरखपर में नाले में गिरने से बच्चे की जान चली गई. गोरखपुर में 10 साल से गोरख धंधा चल रहा है. 19 लोगों की आंख चली गई.
  • हम समाजवादी लोग घबराने वाले नहीं हैं. सब सुरक्षा वापस भी ले लेंगे तो भी हम इनको सरकार से हटा देंगे.
  • यह लोग कभी सफाई नहीं पसंद करते. गंदगी पसंद करते हैं ये लोग. तभी तो कमल खिलेगा.

Similar News