ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, समय पर वेतन और साप्ताहिक अवकाश अनिवार्य; गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने श्रमिकों लिए क्या-क्या फैसले लिए?

गौतमबुद्धनगर में श्रमिकों के प्रदर्शन के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. जिलाधिकारी मेधा रूपम ने ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, साप्ताहिक अवकाश और समय पर वेतन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं. श्रमिकों की शिकायतों के समाधान के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं.

गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने श्रमिकों के लिए लिया बड़ा फैसला

By :  मोहम्मद रज़ा
Updated On : 12 April 2026 8:01 PM IST

Gautam Buddh Nagar News: गौतमबुद्धनगर जिले में कारीगरों द्वारा लगातार किए जा रहे प्रदर्शन को खत्म करने और औद्योगिक शांति बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. जिलाधिकारी मेधा रूपम ने श्रमिकों के हित में कई अहम फैसलों की घोषणा करते हुए उनसे शांतिपूर्वक काम पर लौटने की अपील की है. पिछले दो-तीन दिनों में औद्योगिक इकाइयों के साथ हुई बैठकों के बाद ये निर्णय लिए गए हैं, जिन्हें जिले की सभी फैक्ट्रियों में सख्ती से लागू किया जाएगा.

प्रशासन के अनुसार अब श्रमिकों को ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से किया जाएगा और इसमें किसी तरह की कटौती नहीं होगी. साथ ही हर श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश अनिवार्य रूप से दिया जाएगा. यदि किसी श्रमिक से रविवार को काम कराया जाता है, तो उस दिन का भुगतान भी दोगुना किया जाएगा. इसके अलावा बोनस का भुगतान नियमानुसार अधिकतम 30 नवंबर तक सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाएगा.

श्रमिकों को लेकर और क्या-क्या निर्णय लिए गए?

  • कार्यस्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए हर फैक्ट्री में यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति का गठन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्ष महिला होगी. शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रत्येक इकाई में शिकायत पेटी भी लगाई जाएगी.
  • प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा।
  • वेतन भुगतान को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए हैं. अब हर श्रमिक को उसका वेतन प्रत्येक माह की 10 तारीख तक एकमुश्त दिया जाएगा और वेतन पर्ची देना अनिवार्य होगा.
  • श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है।
  • श्रमिक अपनी शिकायत या सूचना इन नंबरों पर दर्ज करा सकते हैं 120-2978231, 120-2978232, 120-2978862 और 120-2978702।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने श्रमिकों से क्या अपील की?

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सभी श्रमिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

Similar News