Budget 2026 में झारखंड को क्या-क्या मिला? रांची बनेगा देश का मेंटल हेल्थ हब

झारखंड के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में राज्य को एक के बाद एक बड़ी सौगातें दीं.;

Budget 2026 Jharkhand

(Image Source:  AI: Sora )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

झारखंड के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में राज्य को एक के बाद एक बड़ी सौगातें दीं. सबसे अहम और दूरगामी घोषणा रांची में NIMHANS 2.0 की स्थापना को लेकर रही, जो उत्तर भारत का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक मेंटल हेल्थ सेंटर होगा.

इस घोषणा के साथ ही झारखंड न सिर्फ राष्ट्रीय मानचित्र पर और मजबूत हुआ है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राज्य को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद भी जगी है. बजट 2026 के प्रस्तावों से झारखंड के लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलने वाला है.

रांची में खुलेगा NIMHANS 2.0

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण के दौरान रांची में NIMHANS 2.0 स्थापित करने का ऐलान किया. बेंगलुरु के बाद यह देश का दूसरा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान होगा, जबकि उत्तर भारत में यह अपनी तरह का पहला केंद्र होगा. इस संस्थान के शुरू होने से झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी और उत्तरी भारत के मरीजों को उच्च स्तरीय मानसिक स्वास्थ्य और न्यूरो-साइंसेज इलाज की सुविधा मिलेगी. खास बात यह है कि NIMHANS 2.0 के साथ रांची ऐसा इकलौता शहर बन जाएगा, जहां मानसिक स्वास्थ्य और न्यूरो-साइंसेज के तीन विश्वस्तरीय संस्थान एक साथ कार्यरत होंगे.

पर्यटन और परिवहन में बढ़ावा

बजट 2026 में ‘मिशन पूर्वोदय’ के तहत झारखंड को भी बड़ा लाभ मिला है. इस योजना के अंतर्गत 5 राज्यों के पांच प्रमुख पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा और 4000 ई-बसें चलाई जाएंगी. इस मिशन में ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और उत्तर आंध्र प्रदेश शामिल हैं. इससे झारखंड में पर्यटन, रोजगार और हरित परिवहन को नई गति मिलने की उम्मीद है.

शिक्षा में सुधार

शिक्षा क्षेत्र में भी केंद्र सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं. बजट के मुताबिक देश के हर जिले में STEM (विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग, गणित) गर्ल्स हॉस्टल बनाए जाएंगे. जनजातीय बहुल इलाकों में नए कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे. इन फैसलों से झारखंड की बेटियों और आदिवासी युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार से जुड़ने के नए अवसर मिलेंगे.

कैंसर की दवाएं होंगी सस्ती

बजट 2026 में केंद्र सरकार ने कैंसर की 17 दवाओं पर कस्टम ड्यूटी हटाने का फैसला लिया है. इससे ये दवाएं अब पहले से काफी सस्ती हो जाएंगी. आईसीएमआर के आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में हर साल 30,000 से 40,000 नए कैंसर मरीज सामने आते हैं, जिनमें ओरल, ब्रेस्ट, सर्वाइकल और फेफड़ों के कैंसर के मामले ज्यादा हैं. ऐसे में दवाओं के सस्ते होने से राज्य के लाखों मरीजों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी.

100 साल पुराने CIP का होगा विस्तार

रांची के 100 साल पुराने प्रतिष्ठित संस्थान CIP (Central Institute of Psychiatry) को भी बजट 2026 में बड़ी सौगात मिली है. इसे अपग्रेड करने के लिए विशेष फंड जारी किया गया है, जिसके तहत 500 नए बेड जोड़े जाएंगे और एक अत्याधुनिक न्यूरो-सर्जरी विभाग की स्थापना की जाएगी. इससे झारखंड में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता और गुणवत्ता दोनों में बड़ा सुधार होगा.

Similar News