जैसी करनी वैसी घरवाली, नूंह में सिस्टम हिलाने वाले बिट्टू बजरंगी की 'रानी' कर गई खेला; अधूरा रह गया शादी का सपना
गौ रक्षक के तौर पर चर्चित बिट्टू बजरंगी के साथ कथित रूप से 30 हजार रुपये की ठगी की गई. आरोप है कि शादी कराने का झांसा देकर उनसे यह रकम ऐंठी गई और बाद में आरोपी फरार हो गए.
Bittu Bajrangi
(Image Source: X/ @azizkavish )हरियाणा के फरीदाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गौ रक्षक के तौर पर चर्चित बिट्टू बजरंगी के साथ कथित रूप से 30 हजार रुपये की ठगी की गई. आरोप है कि शादी कराने का झांसा देकर उनसे यह रकम ऐंठी गई और बाद में आरोपी फरार हो गए.
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2023 के नूंह हिंसा के आरोपी बजरंगी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. शुक्रवार 20 फरवरी को पुलिस ने पुष्टि की कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
क्या है पूरा मामला?
शिकायत में बताया गया है कि बजरंगी ने अपने पड़ोसी के रिश्तेदार बंटी से कहा था कि वह शादी करना चाहता है और यदि कोई लड़की हो तो उसे बताया जाए. इसके बाद बंटी ने उसकी मुलाकात रानी नाम की महिला से करवाई. आरोप है कि बंटी और रानी ने बजरंगी को तीन अलग-अलग मौकों पर अलीगढ़ बुलाकर संभावित दुल्हनों से मिलवाया, लेकिन उनमें से कोई भी रिश्ता तय नहीं हो सका.
कैसे तय हुई थी शादी?
बाद में बंटी ने एक युवती की तस्वीर भेजी, जिसे बजरंगी ने पसंद कर लिया. आरोप है कि 5 सितंबर 2025 को बंटी और रानी उस युवती और उसके परिजनों के साथ बजरंगी के घर पहुंचे, जहां 7 फरवरी को शादी की तारीख तय की गई. 6 फरवरी को बजरंगी ने दुल्हन के कपड़े और अन्य खर्चों के लिए आरोपियों को 30,000 रुपये ट्रांसफर किए. शिकायत में कहा गया है कि जब बजरंगी बारात लेकर अलीगढ़ पहुंचे, तो वहां आरोपी मौजूद नहीं थे और उनके मोबाइल फोन भी बंद मिले. बिट्टू बजरंगी ने अपनी शिकायत में कहा "जब मैंने दुल्हन के नंबर पर कॉल किया, तो उसने कहा कि उसे शादी के बारे में कुछ भी पता नहीं है और मुझे खाली हाथ लौटना पड़ा."
पुलिस क्या कर रही कार्रवाई?
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर बंटी, रानी और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित धोखाधड़ी का लगता है. जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी.