पड़ोसी बना हैवान! पहले बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, फिर गला दबाकर ली जान; पुलिस ने 1 घंटे के अंदर आरोपी को किया गिरफ्तार

गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सेक्टर-37 इलाके में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर घर से ले गया था.

गुरुग्राम में 3 साल की बच्ची से रेप करने वाला आरोपी गिरफ्तार (Image Source:  Sora_ AI )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 20 Feb 2026 10:50 PM IST

3-Year-Old Girl Rape and Murder Case Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक तीन साल की मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, यह वारदात सेक्टर-37 इलाके के पास स्थित मोहम्मदपुर झाड़सा गांव में हुई, जहां पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति पर बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप है.

परिजनों ने गुरुवार रात बच्ची के अचानक लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने शक जताया कि पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति उसे अपने साथ ले गया है. शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और सेक्टर-37 थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी.

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस का कहना है कि आरोपी बच्ची को सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में पहचान छिपाने के लिए गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.

क्या करता है आरोपी?

आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है और गुरुग्राम में कबाड़ बीनने का काम करता था. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.

अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने वारदात की योजना पहले से बनाई थी या नहीं. इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है, जबकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की है.

Similar News