न विवाद, न हंगामा और परिवार भी खुश; 1 दूल्हे ने 2 दुल्हनों से 1 ही मंडप में रचाई शादी- क्या होगी कार्रवाई?

एक युवक ने एक नहीं, बल्कि दो युवतियों के साथ एक ही मंडप में विवाह रचाकर सबको चौंका दिया. हालांकि इस शादी के बाद सवाल ये भी उठ रहा है कि क्या दूल्हे पर कोई कानूनी कार्रवाई होगी?

1 दूल्हे ने 2 दुल्हनों से 1 ही मंडप में रचाई शादी

(Image Source:  X/ @publicvaninews )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

छत्तीसगढ़ से एक ऐसी शादी की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है. कोंडागांव जिले में हुई यह अनोखी शादी परंपराओं से अलग होने के कारण सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय चर्चाओं तक छाई हुई है. यहां एक युवक ने एक नहीं, बल्कि दो युवतियों के साथ एक ही मंडप में विवाह रचाकर सबको चौंका दिया.

हालांकि इस शादी के बाद सवाल ये भी उठ रहा है कि क्या दूल्हे पर कोई कानूनी कार्रवाई होगी? क्योंकि भारतीय कानून के अनुसार एक साथ दो विवाह करना मान्य नहीं है. दूसरी तरफ दोनों दुल्हनों और तीनों परिवारों की सहमति से यह विवाह बड़े ही धूमधाम और खुशी के माहौल में संपन्न हुआ.

कौन है ये दूल्हा?

यह मामला फरसगांव ब्लॉक के बैलगांव का बताया जा रहा है. दूल्हे का नाम हितेश यादव है, जो एक किसान है. उसने एक ही समारोह में दो अलग-अलग गांवों की युवतियों से शादी की. एक दुल्हन शंकरपुर की रहने वाली है, जबकि दूसरी बनियागांव से ताल्लुक रखती है.

शादी की खास बात क्या?

शादी के दौरान दूल्हे ने दोनों दुल्हनों का हाथ थामकर एक ही मंडप में सात फेरे लिए और साथ जीने-मरने की कसमें खाईं. हालांकि दोनों दुल्हनों की कुछ रस्में अलग-अलग निभाई गईं, लेकिन फेरे एक साथ ही हुए, जो इस शादी को और भी खास बनाता है. इस विवाह में तीनों परिवारों के सदस्य शामिल हुए. खास बात यह रही कि किसी भी पक्ष ने इस शादी पर आपत्ति नहीं जताई. इस अनोखी शादी का निमंत्रण पत्र भी चर्चा का विषय बना हुआ है. कार्ड पर दूल्हे के साथ दोनों दुल्हनों के नाम छपे थे, जो इस विवाह की खास पहचान बन गया.

क्या अब होगी कानूनी कार्रवाई?

हालांकि यह शादी सामाजिक सहमति से संपन्न हुई, लेकिन भारतीय कानून के अनुसार एक साथ दो विवाह करना मान्य नहीं है. ऐसे में इस मामले को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपना सकता है और आगे कानूनी कार्रवाई की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. फिलहाल यह अनोखी शादी पूरे कोंडागांव जिले में चर्चा का केंद्र बनी हुई है.

Similar News