कौन था 25 लाख का इनामी नक्सली प्रभाकर? सुरक्षा बलों ने 3 दिन तक चले ऑपरेशन में किया ढेर, एक जवान भी हुआ शहीद
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच तीन दिन तक चले ऑपरेशन में 25 लाख का इनामी टॉप नक्सली प्रभाकर समेत सात माओवादी मारे गए. मुठभेड़ में C-60 के जवान दीपक मडावी शहीद हो गए.,;
25 लाख का इनामी नक्सली प्रभाकर ढेर
(Image Source: Sora_ AI )Who Was Naxalite Prabhakar: महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. तीन दिन तक चले बड़े एंटी-नक्सल ऑपरेशन के बाद पुलिस ने 25 लाख रुपये के इनामी टॉप माओवादी लीडर प्रभाकर समेत कुल सात नक्सलियों को मार गिराया है. हालांकि, इस कार्रवाई में एक बहादुर जवान दीपक चिनना मडावी देश की सुरक्षा करते हुए शहीद हो गया. यह मुठभेड़ नारायणपुर-गढ़चिरौली सीमा के पास फोडेवाडा गांव के जंगलों में हुई, जहां महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल एंटी-माओवादी यूनिट C-60 की 14 टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया।
पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ से माओवादियों की बड़ी मूवमेंट की पुख्ता सूचना मिली थी. इसके बाद 3 फरवरी की रात से इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. घने जंगल, पहाड़ी इलाका और लगातार बारिश के बावजूद सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन जारी रखा. गुरुवार रात को तीन माओवादियों के शव बरामद हुए, जबकि शुक्रवार को चार और शव मिले. इस तरह कुल 7 नक्सली मारे गए, जिनमें चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं.
कौन था प्रभाकर?
मारा गया टॉप माओवादी प्रभाकर, जिसका असली नाम लोकेटी चंद्र राव था, तेलंगाना के कामारेड्डी जिले का रहने वाला था. वह माओवादियों की गढ़चिरौली डिवीजन कमेटी, वेस्ट सब-जोनल ब्यूरो और कुख्यात कंपनी नंबर 10 का इंचार्ज था. प्रभाकर पर सरकार ने 25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था और वह कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता था.
नक्सलियों के पास से क्या-क्या बरामद किया गया?
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने 3 AK-47, 1 SLR, 1 .303 राइफल बरामद की है, जिससे साफ है कि माओवादी किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे.
जवान दीपक मडावी हुए शहीद
इस मुठभेड़ में C-60 के जवान दीपक चिनना मडावी (38) ने बहादुरी दिखाते हुए दो नक्सलियों को मार गिराया, लेकिन इसी दौरान उन्हें गोली लग गई. उन्हें तुरंत एयरलिफ्ट कर भामरागड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. एक अन्य जवान जोगा मडावी भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें गढ़चिरौली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. फिलहाल, मारे गए अन्य छह नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.