दिल पर चलाई छुरियां! लव, ब्रेकअप और इंतकाम- बॉयफ्रेंड ने तोड़ा दिल तो गर्लफ्रेंड ने कलेजे में घोंपा खंजर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ब्रेकअप के बाद युवती ने अपने प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी. मोबाइल ब्लॉक करने और दूसरी लड़की से बात करने के शक ने रिश्ते को खूनी अंजाम तक पहुंचा दिया.;
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में ब्रेकअप का मामला खून-खराबे में बदल गया. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, एक 22 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर अपने प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी. वजह थी मोबाइल फोन पर ब्लॉक किया जाना और शक कि युवक किसी दूसरी लड़की से बात कर रहा है.
मृतक की पहचान कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25) के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय होटल में काम करता था और सिविल लाइंस इलाके में किराए के मकान में रहता था. पुलिस के अनुसार, कामता और आरोपी युवती रोशनी सूर्यवंशी (22) के बीच पिछले करीब छह महीने से संबंध थे. दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी.
मोबाइल नहीं दिखाने पर हुआ झगड़ा
कुछ दिनों पहले कामता ने अचानक रोशनी से बातचीत बंद कर दी और उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया. इससे नाराज और परेशान रोशनी को शक हुआ कि कामता किसी और लड़की से रिश्ते में है. मंगलवार दोपहर रोशनी चाकू लेकर कामता के घर पहुंची. जैसे ही कामता ने दरवाजा खोला, उसने उसका मोबाइल फोन देखने की मांग की. कामता के इनकार करने पर दोनों के बीच तेज बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई.
पुलिस ने क्या कहा?
बिलासपुर एसपी राजनेश सिंह ने बताया, “बहस के दौरान युवती ने युवक के सीने में चाकू घोंप दिया.” शोर सुनकर कामता का रूममेट बाहर आया और उसे खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा देखा. वह उसे तुरंत अस्पताल ले गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया. मामले में हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
डराने के लिए लाया चाकू सीने में घोंप दिया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी युवती ने दावा किया कि वह चाकू सिर्फ डराने के लिए लाई थी. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हत्या पूर्व नियोजित थी या गुस्से में अचानक हुई वारदात. साथ ही दोनों के रिश्ते की प्रकृति और पूरे घटनाक्रम की कड़ी को खंगाला जा रहा है.