"अरे तू बच्चा है, तुम्हारा बाप मेरे समय का है न"- नीतीश कुमार ने डांटा तो मुस्कुराने लगे तेजस्वी यादव, वीडियो हुआ वायरल

बिहार विधानसभा में सीएम नीतीश कुमार अपने पुराने और आक्रामक अंदाज में नजर आए. तेजस्वी यादव के टोके जाने पर वे भड़क गए और खुले सदन में उन्हें ‘बच्चा’ तक कह डाला.;

Edited By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 5 Feb 2026 7:58 PM IST

Nitish Kumar Tejashwi Yadav Bihar Vidhan Sabha Viral Video: बिहार विधानसभा में बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर अपने पुराने, तीखे और आक्रामक अंदाज़ में नजर आए. राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उन्हें टोका, तो मुख्यमंत्री भड़क गए और खुले सदन में उनकी सरेआम क्लास लगा दी. नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव से कहा, “चुपचाप बैठकर मेरी बातें सुनो. छह आदमियों को खींचने के लिए पैसे कहां से लाए थे? गड़बड़ करते थे, उसी का पैसा था.”

यह सुनकर तेजस्वी यादव मुस्कुराते रहे और बोले कि आप कुछ भी बोलते रहिए. इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें डांटते हुए बैठने को कहा और यहां तक कह दिया, “अरे बैठो, तुम बच्चा हो. हम तुम्हारे बाप के समय के हैं. हमने ही तुमको बनाया है.” मुख्यमंत्री के इन तीखे तंजों पर पूरे सदन में ठहाके गूंज उठे. 

नीतीश कुमार ने RJD पर क्या कहा?

इसके बाद नीतीश कुमार ने आरजेडी के पुराने शासनकाल पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि पहले बिहार में लोग घर से निकलने से डरते थे, महिलाओं में असुरक्षा का माहौल था और शाम ढलते ही लोग घरों में बंद हो जाते थे. लूट, अपहरण और हत्या की घटनाएं आम थीं. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब हालात बदल चुके हैं. लोग रात में भी बेखौफ घूमते हैं. हिंदू-मुस्लिम तनाव में भी कमी आई है.

नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने कब्रिस्तानों की घेराबंदी करवाई है और मंदिरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारें लोगों को आपस में लड़वाती थीं और किसी समस्या का समाधान नहीं निकालती थीं, जबकि अब बिहार में शांति और भाईचारे का माहौल है.

अपने सरकार के कामकाज पर क्या बोले नीतीश कुमार?

अपने भाषण में सीएम नीतीश कुमार ने सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं. उन्होंने बताया कि 2018 में ही राज्य के हर घर तक बिजली पहुंचा दी गई थी और अब घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली दी जा रही है. सरकार छतों पर सोलर पैनल लगाने को बढ़ावा दे रही है. रोजगार को लेकर उन्होंने बड़ा वादा करते हुए कहा कि अगले पांच सालों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा.

नीतीश कुमार ने ‘जीविका दीदियों’ का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी संख्या अब 1 करोड़ 40 लाख तक पहुंच चुकी है. महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण देकर सशक्त किया गया है और अब शहरी इलाकों में भी जीविका दीदियों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है.

Similar News