T20 वर्ल्ड कप में क्या History को Defeat और Repeat करेगा भारत? 9 एडिशन, 6 विनर- लेकिन नहीं टूटा होस्ट टीम का यह रिकॉर्ड

T20 World Cup के 17 साल के इतिहास में 9 टूर्नामेंट खेले जा चुके हैं, जिनमें 6 अलग-अलग टीमें चैंपियन बनीं, लेकिन अब तक कोई भी मेजबान देश ट्रॉफी नहीं उठा पाया.;

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रचने पर होगी टीम इंडिया की निगाहें

(Image Source:  Sora_ AI )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 4 Feb 2026 9:14 PM IST

ICC Men's T20 World Cup 2026: 2007 में जब आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत हुई थी, तब किसी ने नहीं सोचा था कि यह टूर्नामेंट क्रिकेट की सबसे रोमांचक प्रतियोगिताओं में से एक बन जाएगा. अब तक इसके 9 एडिशन पूरे हो चुके हैं, जिनमें 6 अलग-अलग चैंपियन बने और कई ऐसे पल मिले, जो क्रिकेट इतिहास में हमेशा याद रखे जाएंगे.

भारत, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ऐसी टीमें हैं, जिन्होंने दो-दो बार ट्रॉफी उठाई, जबकि पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका ने एक-एक बार यह खिताब जीता. गौर करने वाली बात यह है कि कोई भी टीम लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप नहीं जीती और न ही कभी मेजबान देश (जिस देश में टूर्नामेंट का आयोजन हो) ने विश्व कप जीता.

भारत का T20 World Cup में अब तक कैसा रहा सफर?

भारत ने 2007 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा. एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल में पाकिस्तान को 5 रन से हराया. जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला आज भी क्रिकेट के सबसे यादगार फाइनल्स में गिना जाता है. आख़िरी ओवर में मिस्बाह-उल-हक का स्कूप शॉट, गेंद का हवा में जाना और श्रीसंत का कैच... इसी के साथ भारत पहला टी20 चैंपियन बना.

इसके बाद भारत को खिताब जीतने के लिए 17 साल का लंबा इंतज़ार करना पड़ा. आखिरकार 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने फिर से ताज पहन लिया. बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में खेले गए फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 रन से हराया. यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि इसके बाद विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविंद्र जडेजा ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास का ऐलान कर दिया.

क्या कोई होस्ट देश बना चैंपियन?

T20 वर्ल्ड कप का सबसे दिलचस्प पहलू एक अजीब रिकॉर्ड है. अब तक कोई भी मेज़बान देश अपने घर में टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीत पाया है.

  1. 2007 – साउथ अफ्रीका (चैंपियन: भारत)
  2. 2009 – इंग्लैंड (चैंपियन: पाकिस्तान)
  3. 2010 – वेस्टइंडीज (चैंपियन: इंग्लैंड)
  4. 2012 – श्रीलंका (चैंपियन: वेस्टइंडीज)
  5. 2014 – बांग्लादेश (चैंपियन: श्रीलंका)
  6. 2016 – भारत (चैंपियन: वेस्टइंडीज)
  7. 2021 – UAE/Oman (चैंपियन: ऑस्ट्रेलिया)
  8. 2022 – ऑस्ट्रेलिया (चैंपियन: इंग्लैंड)
  9. 2024 – USA/West Indies (चैंपियन: भारत)

अब 10वां टी20 वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में होने वाला है. बड़ा सवाल यही है क्या इस बार कोई मेज़बान टीम इस ‘होस्ट जिंक्स’ को तोड़ पाएगी?

किस टीम ने कब जीता T20 वर्ल्ड कप?

  • 2007: भारत ने पाकिस्तान को 5 रन से हराया
  • 2009: पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर पहला खिताब जीता
  • 2010: इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को हराया
  • 2012: वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को 36 रन से हराया
  • 2014: श्रीलंका ने भारत को हराया
  • 2016: ब्रैथवेट के 4 छक्कों से वेस्टइंडीज चैंपियन
  • 2021: ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार खिताब जीता
  • 2022: इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराया
  • 2024: भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर दूसरा खिताब जीता

Similar News