Begin typing your search...

T20 WC 2026: 'देश की इज्जत पर सवाल', IND vs PAK मैच बॉयकॉट को लेकर कपिल देव ने पाकिस्तान को लताड़ा

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच खेलने से पाकिस्तान के इनकार पर पूर्व कप्तान कपिल देव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे पाकिस्तान क्रिकेट और युवा खिलाड़ियों के भविष्य के लिए बेहद नुकसानदायक बताया.

Surya kumar yadav vs salman ali
X

Surya kumar yadav vs salman ali 

( Image Source:  @indiaonethink- X )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी

Published on: 3 Feb 2026 6:24 PM

T20 World Cup 2026: पाकिस्तान ने 15 फरवरी को होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया है. पाकिस्तान सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पाक टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगी. पाकिस्तान के इस फैसले ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है. इस बीच भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी है और पाकिस्तान के फैसले को उसके क्रिकेट भविष्य के लिए बेहद नुकसानदेह बताया है.

पाकिस्तान के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने कहा कि इसका खामियाजा पाकिस्तान को ही भुगतना पड़ सकता है. उन्होंने ने कहा "अगर ये फैसला खिलाड़ियों ने नहीं लिया है, वो बाहर आकर कह सकते हैं. अगर बोर्ड की तरफ से ये कहा जाता है तो इससे देश की इज्जत पर सवाल खड़ा होता है. ये पाकिस्तान के लिए किसी तरह से अच्छा नहीं होगा. आप एक जेनरेशन को खत्म कर रहे हैं. पाकिस्तान ने बीते कुछ सालों में कमाल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निकाला है. लेकिन अगर आप इन खिलाड़ियों को विश्व कप में नहीं खेलने देंगे तो ये आपके खिलाड़ियों के लिए ही सही नहीं होगा."

क्या खिलाड़ियों फ्यूचर हो रहा खराब?

कपिल देव का मानना है कि राजनीतिक फैसलों की कीमत खिलाड़ियों को चुकानी पड़ती है. विश्व कप जैसे बड़े मंच से दूर रहना युवा खिलाड़ियों के करियर और पाकिस्तान क्रिकेट की अगली पीढ़ी के लिए नुकसानदायक हो सकता है.उन्होंने संकेत दिया कि इंटरनेशनल मंच से खुद को अलग करना किसी भी क्रिकेटिंग नेशन के लिए आत्मघाती साबित हो सकता है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है. टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला यूएसए के साथ खेलने वाली है. इस मैच के लिए यूएसए की टीम पहले ही भारत पहुंच चुकी हैं.

ये भी पढ़ें :क्या है ICC का वॉकओवर नियम? IND vs PAK मैच हुआ रद्द तो टीम इंडिया को ऐसे मिलेंगे 2 अंक

पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला इन दिनों जमकर चर्चा में है. इस बीच पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर राशिद लतीफ ने न्यूज18 से बातचीत में बड़ा दावा किया है. उनका कहना है कि यह मुकाबला तय तारीख पर जरूर खेला जाएगा. राशिद लतीफ के मुताबिक, दोनों देशों की सरकारें आपस में बातचीत करेंगी और इसका हल निकलेगा. उन्होंने कहा, “हां, मुझे पूरा भरोसा है कि 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच जरूर होगा.”

उन्होंने आगे कहा कि यह बातचीत सीधे दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच होगी. राशिद के शब्दों में, “क्रिकेट आखिरकार बिजनेस भी है और फैसले राजनीतिक स्तर पर होते हैं, जिनका पालन ICC करता है. हमारे PCB चीफ भी मंत्री हैं और BCCI के भी राजनीतिक संपर्क हैं. ऐसे में इस मुद्दे पर कोई न कोई समाधान जरूर निकलेगा.”

पाकिस्तान
अगला लेख