T20 WC 2026: सेमीफाइनल की रेस हुई रोमांचक, करो या मरो की स्थिति में ये टीमें; 1 हार कर देगी बाहर
सुपर-8 के हर एक मैच के बाद सेमीफाइनल की रेस रोमांचक होती जा रही है. बीते दिन इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया. अब कुछ टीमों पर खतरा मंडरा रहा है.
T20 World Cup 2026
(Image Source: X/ @ImTanujSingh )T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 8 टीमों के बीच फिलहाल सुपर-8 के मुकाबले खेले जा रहे हैं. सुपर-8 में शानदार प्रदर्शन करने वाली 4 टीमें वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचेगी, जबकि 4 टीमों का सफर सुपर-8 में खत्म हो जाएगा. अब सुपर-8 के हर एक मैच के बाद सेमीफाइनल की रेस रोमांचक होती जा रही है. बीते दिन इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया.
पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने 2 विकेट से पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया. अब कई टीमों के लिए करो या मरो की स्थिति इस टूर्नामेंट में बनती हुई दिखाई दे रही है. जिसमें टीम इंडिया भी शामिल है.
किन टीमों पर मंडराया खतरा?
फिलहाल सुपर-8 की आठ टीमों में से एक ही टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई है और वो है इंग्लैंड. अब 3 स्थान के लिए 7 टीमों के बीच जंग देखने को मिलने वाली है. हालांकि अब पाकिस्तान, जिम्बाब्वे और श्रीलंका के ऊपर टूर्नामेंट से बाहर होने का ज्यादा खतरा मंडरा रहा है. इस लिस्ट में वैसे टीम इंडिया को भी जोड़ सकते हैं, क्योंकि साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद टीम इंडिया के लिए अब अपने दोनों मैच जीतने बेहद जरूरी हो गए हैं.
क्या है ग्रुप-1 की स्थिति?
ग्रुप-1 में टीम इंडिया, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को रखा गया है. इस ग्रुप में इन चारों टीमों ने 1-1 मुकाबला खेला है. जहां साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने अपने-अपने मैच में जीत हासिल की थी तो वहीं टीम इंडिया और जिम्बाब्वे को हार का सामना करना पड़ा था.
cricbuzz
फिलहाल इस ग्रुप वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचने की मजबूत दावेदार मानी जा रही है. लेकिन अगर टीम इंडिया अपने अगले दोनों मैच जीत ले तो फिर सेमीफाइनल में पहुंचने के उसके चांस है. इस ग्रुप में अगर टीम इंडिया या जिम्बाब्वे को 1-1 हार और मिलती है तो वे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगी.
cricbuzz
क्या है ग्रुप-2 की स्थिति?
बात अगर ग्रुप-2 की करें तो इंग्लैंड क्वालीफाई कर चुकी है, अब पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच जंग छिड़ी है. यहां से अगर ये तीनों टीमें 1-1 मैच और हार जाती है तो वे भी सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो सकती है. फिलहाल इस ग्रुप से न्यूजीलैंड से ज्यादा चांस माने जा रहे हैं कि वो सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करे.