पाकिस्तान फिर लेगा यू-टर्न, T20 वर्ल्ड कप में भारत से भिड़ने को हुआ तैयार? 15 फरवरी के मैच पर आया बड़ा अपडेट
T20 World Cup 2026 में 15 फरवरी के भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मैच पूरा होने की संभावना है. इस पर जल्द ही फैसला हो सकता है.;
T20 World Cup 2026 India vs Pakistan Match: भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबले को लेकर सस्पेंस अब खत्म होने की कगार पर है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) इस हाई-वोल्टेज मैच पर जल्द अंतिम फैसला लेने वाले हैं. सूत्रों के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान का यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला होने की पूरी संभावना है.
इसी बीच ICC के दो बड़े अधिकारी, इमरान ख्वाजा और मुबाशिर उस्मानी, रविवार सुबह लाहौर पहुंच चुके हैं. उनकी मौजूदगी को इस बात का संकेत माना जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत निर्णायक मोड़ पर है.
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने से क्यों किया इनकार?
दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने पहले 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था. इसके बाद PCB ने ‘फोर्स मेज्योर’ का हवाला देते हुए ICC को सूचित किया कि सरकार के निर्देशों के कारण टीम इंडिया के खिलाफ मैदान पर उतरना संभव नहीं है. हालांकि सरकार ने इसके पीछे कोई ठोस वजह सार्वजनिक नहीं की.
ICC ने क्या एक्शन लिया?
ICC ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए PCB से पूछा कि उसने टूर्नामेंट के ‘Terms of Participation’ के तहत इस संकट को सुलझाने के लिए क्या प्रयास किए. पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार बांग्लादेश के समर्थन में किया था, जिसे सुरक्षा कारणों से भारत आने से मना करने के बाद वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया.
हालांकि पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को T20 वर्ल्ड कप खेलने की अनुमति दे दी थी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच पर रोक लगा दी थी. यह फैसला ICC और उसके ब्रॉडकास्ट पार्टनर्स के लिए बड़ा झटका था, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा कमर्शियल आकर्षण माना जाता है.
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने PCB को क्यों लिखा पत्र?
इस मुद्दे पर श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने भी PCB को पत्र लिखकर चेतावनी दी थी कि अगर यह मुकाबला नहीं हुआ तो श्रीलंका को भारी आर्थिक नुकसान होगा और टूर्नामेंट की छवि को भी नुकसान पहुंचेगा. श्रीलंका इस वर्ल्ड कप का भारत के साथ सह-मेजबान है.
पाकिस्तान के लिए कैसी रही T20 वर्ल्ड कप की शुरुआत?
पाकिस्तान टीम अपने सभी मैच कोलंबो और पालेकेले में खेलने वाली है. उसने टूर्नामेंट की शुरुआत नीदरलैंड्स पर जीत के साथ की, जबकि भारत ने अपने पहले मैच में अमेरिका को हराया. अब सबकी नजर ICC और PCB के अंतिम फैसले पर टिकी है, क्योंकि यह मैच सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि वर्ल्ड कप की धड़कन माना जाता है.