USA के खिलाफ मुकाबले से पहले अभिषेक को था बुखार, दिल्ली पहुंचते ही बिगड़ गई तबीयत; भारत-पाक मैच से पहले टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन
अभिषेक शर्मा को यूएसए के खिलाफ मुकाबले से पहले ही बुखार था, फिर भी वो मैच खेलने उतरे. हालांकि, उनकी पारी महज 1 गेंद तक सीमित रही. दिल्ली पहुंचते ही अभिषेक की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.;
अभिषेक शर्मा
(Image Source: BCCI )India Vs Namibia Match, Abhishek Sharma health update: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को बड़ा झटका लग सकता है. टीम इंडिया के आक्रामक ओपनर और मौजूदा नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से बाहर हो सकते हैं. पेट के गंभीर संक्रमण, तेज बुखार और तेजी से वजन घटने की वजह से उन्हें दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ मैच से पहले अभिषेक नेट्स में शानदार लय में दिख रहे थे. लग रहा था कि वह इस टी- 20 वर्ल्ड कप में धूम मचाने को तैयार हैं, लेकिन 6 फरवरी को नेट सेशन के बाद उन्होंने मुंबई में कुछ खा लिया, जिससे उनका पेट खराब हो गया. मैच के दिन तबीयत और बिगड़ गई, फिर भी उन्होंने खेलने का फैसला किया.
सिर्फ 1 गेंद ही खेल पाए अभिषेक
हालांकि, अभिषेक की पारी सिर्फ एक गेंद तक ही सीमित रह गई. मैच के दौरान वह डगआउट में भी नजर नहीं आए और जीत के बाद अमेरिका टीम से हाथ मिलाने भी नहीं पहुंचे. बाद में पता चला कि संक्रमण बढ़ गया और उन्हें तेज बुखार हो गया. टीम के साथ दिल्ली पहुंचने के बाद उनकी हालत और खराब हो गई.
क्या नामिबिया के खिलाफ नहीं खेलेंगे अभिषेक?
लगातार अलग-अलग शहरों (नागपुर, रायपुर, गुवाहाटी, विशाखापट्टनम, तिरुवनंतपुरम, मुंबई) में खेलने के बाद दिल्ली के बदलते मौसम ने भी अभिषेक की सेहत पर असर डाला. डिहाइड्रेशन और फ्लूइड लॉस के कारण उनका वजन काफी घट गया. टीम मैनेजमेंट किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती. इसलिए नामीबिया के खिलाफ मैच में उन्हें आराम दिया जा सकता है. उनकी गैरमौजूदगी में संजू सैमसन, ईशान किशन के साथ ओपनिंग कर सकते हैं.
अभिषेक ने अपनी फिटनेस जल्दी हासिल करने के लिए अपने पर्सनल ट्रेनर को भी दिल्ली बुला लिया है. भारत-पाकिस्तान के बड़े मुकाबले (15 फरवरी, कोलंबो) से पहले उनकी वापसी पर फैसला लिया जाएगा.