धोनी ही नहीं कपिल देव को लेकर क्या-क्या बोले हैं योगराज सिंह, जिसके लिए युवराज सिंह ने मांगी माफी
योगराज सिंह अपने क्रिकेट करियर की जगह अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. 80 के दशक में योगराज ने कपिल देव की कप्तानी में टीम इंडिया के लिए क्रिकेट खेला था.
योगराज सिंह और कपिल देव फाइल फोटों
(Image Source: X/ @MadhurYadav214, @cricbuzz )पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह भी क्रिकेटर रहे हैं और फिलहाल वे युवाओं को ट्रेनिंग भी देते हुए दिखते हैं. योगराज सिंह अपने क्रिकेट करियर की जगह अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. 80 के दशक में योगराज ने कपिल देव की कप्तानी में टीम इंडिया के लिए क्रिकेट खेला था, लेकिन उनका करियर ज्यादा लंबा नहीं चल सका. योगराज सिंह अपने करियर के जल्दी खत्म होने की वजह कपिल देव को मानते हैं और कई बार वे कपिल देव को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं.
एकबार तो योगराज बंदूक लेकर कपिल देव के घर पहुंच गए थे, जिसको लेकर खुद उन्होंने खुलासा किया था. इतना ही नहीं योगराज पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को लेकर भी विवादित बयान दे चुके हैं. वहीं अब युवराज सिंह ने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान अपने पिता द्वारा कपिल देव और धोनी को लेकर दिए गए बयानों पर माफी मांगी है.
कपिल देव को लेकर क्या बोले थे योगराज?
पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव को लेकर योगराज सिंह ने एक पॉडकास्ट के दौरान कहा था कि "जब कपिल देव कप्तान बना था तो उसने मुझे बिना किसी वजह के टीम से ड्रॉप कर दिया था. नेशनल टीम ही नहीं स्टेट की टीम से भी उसने मुझे बाहर कर दिया था. जिसके बाद मैंने अपनी पत्नी से कहा था कि मैं इसको सबक सिखा कर रहूंगा और फिर मैं अपनी बंदूक लेकर सेक्टर 9 में कपिल देव के घर पर गया. जहां मैंने उसे गालियां दी और कहां तेरी वजह से मैंने अपना दोस्त खोया, जिसका अंजाम तुझे भुगतना पड़ेगा. मैं तेरे सिर में गोली मार दूंगा लेकिन मैं ऐसा नहीं करूंगा क्योंकि तेरी मां वहां खड़ी है तो बहुत अच्छी है." योगराज सिंह का ये बयान सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा वायरल हुआ था.
टीम से बाहर होने पर क्या बोले थे योगराज?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक योगराज सिंह ने कहा था कि कपिल देव और बिशन सिंह बेदी की राजनीति के कारण वे टीम से बाहर हुए थे. जिसके चलते उन्होंने फिर क्रिकेट छोड़ने का फैसला किया था. उनका मानना है कि सुनील गावस्कर के साथ कपिल देव की अच्छी दोस्ती के चलते सीनियर खिलाड़ियों ने उनको बाहर कर दिया था.
धोनी को लेकर क्या बोले थे योगराज?
दरअसल बेटे युवराज सिंह का करियर खत्म होने की वजह योगराज, एमएस धोनी को मानते हैं. जिसको लेकर उन्होंने कहा था कि "मैं उस इंसान ने मेरे बेटे की जिंगदगी खराब कर दी, युवराज 4 या 5 साल और खेल सकता था. मैं उसे कभी माफ नहीं कर सकता. उसको अपना चेहरा शीशे में देखना चाहिए."
माफी मांगते हुए क्या बोले युवराज?
अब धोनी और कपिल देव से पिता द्वारा दिए गए विवादित बयानों को लेकर युवराज सिंह ने कहा "मैं कपिल देव और एमएस धोनी से माफी मांगना चाहता हूं. मैंने कई बार डैड से कहा है कि ऐसी बयानबाजी ठीक नहीं है."
अपने करियर में योगराज सिंह ने टीम इंडिया के लिए 1 टेस्ट और 6 वनडे मैच खेले थे. टेस्ट मैच में उन्होंने 10 रन बनाए थे और गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट हासिल किया था. इसके अलावा वनडे में योगराज ने 1 रन और 4 विकेट चटकाए थे. 21 फरवरी 1981 को योगराज ने टीम इंडिया के लिए अपना टेस्ट डेब्यू किया था.