IPL 2026 में GEN Z-Next मचा रही तबाही! रिजवी-सूर्यवंशी समेत इन खिलाड़ियों ने बदल दी बैटिंग की तस्वीर, लिख रहे नई कहानी

IPL 2026 में युवा बल्लेबाज़ों (GEN Z और GEN NEXT) का दबदबा देखने को मिल रहा है. वैभव सूर्यवंशी और समीर रिजवी समेत कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. उनकी निडर बल्लेबाज़ी से आईपीएल का ट्रेंड अब बदलता दिख रहा है.

वैभव सूर्यवंशी, समीर रिजवी और अंगकृष रघुवंशी(Image Source:  IPL )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 5 April 2026 7:40 PM IST

IPL 2026 में नई पीढ़ी के बल्लेबाजों (GEN Z और Gen Next) ने अलग ही अंदाज़ में अपनी छाप छोड़ रहे हैं. सीज़न के शुरुआती मुकाबलों में इन खिलाड़ियों की निडर बल्लेबाज़ी ने यह संकेत दे दिया है कि आईपीएल अब नई जनरेशन के हाथों में जा रहा है. प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, समीर रिजवी और अंगकृष रघुवंशी जैसे युवा बल्लेबाज इस सीजन के सबसे बड़े गेम-चेंजर बनकर उभरे हैं.

इन बल्लेबाजों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि  ये दबाव में घबराते नहीं. सामने कोई भी गेंदबाज हो, ये लंबा शॉट मारने की कोशिश करते हैं. आइए, इन बल्लेबाजों के बारे में विस्तार से जानते हैं...

आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre)

चेन्नई सुपरकिंग्स और पंजाब किंग्स के बीच हुआ मुकाबला इस बदलाव की सबसे बड़ी मिसाल बना. आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre) ने 43 गेंदों पर 73 रन की शानदार पारी खेलकर चेन्नई को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. उनकी पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे, लेकिन इसके बाद प्रियांश आर्य ने सिर्फ 11 गेंदों में 39 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया. तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से उन्होंने पंजाब को सिर्फ 25 गेंदों में 61 रन तक पहुंचा दिया और मैच लगभग खत्म कर दिया.

वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi)

15 साल के वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi)  ने इस सीजन में भी अपना आक्रामक अंदाज़ जारी रखा है. उन्होंने गुवाहाटी में चेन्नई के खिलाफ 15 गेंदों में अर्धशतक ठोककर पहले ही सुर्खियां बटोरी थीं. इसके बाद अहमदाबाद में भी उन्होंने 18 गेंदों पर 31 रन बनाकर राजस्थान रॉयल्स को तेज शुरुआत दिलाई. इस मजबूत शुरुआत के बाद यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल ने टीम को 210 रन तक पहुंचाया.

समीर रिजवी (Sameer Rizvi)

दिल्ली कैपिटल्स के लिए समीर रिजवी (Sameer Rizvi) सबसे बड़े मैच विनर बनकर सामने आए हैं. चेन्नई सुपरकिंग्स से रिलीज़ होने के बाद उन्होंने लगातार दो मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच जीता. उन्होंने नाबाद 70 और 90 रन की मैच जिताऊ पारियां खेलीं. लखनऊ सुपरजायंट्स के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी उन्होंने दबाव में शानदार बल्लेबाज़ी की और टीम को जीत दिलाई.

अंगकृष रघुवंशी (Angkrish Raghuvanshi)

कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम भले ही संघर्ष कर रही हो, लेकिन अंगकृष रघुवंशी (Angkrish Raghuvanshi) टीम की सबसे बड़ी उम्मीद बनकर उभरे हैं. उन्होंने लगातार दो अर्धशतक लगाकर टीम के लिए भरोसेमंद बल्लेबाज़ की भूमिका निभाई.

क्या नई पीढ़ी बदल रही IPL की बल्लेबाजी?

इस सीजन की सबसे खास बात यह है कि युवा खिलाड़ी बिना किसी डर के आक्रामक बल्लेबाज़ी कर रहे हैं. तेज शुरुआत, दबाव में मैच फिनिश और बड़े शॉट खेलने का आत्मविश्वास... यह सब दिखा रहा है कि आईपीएल में नई बल्लेबाज़ी क्रांति शुरू हो चुकी है.

Similar News