IPL 2026: ग्रीन ने MI के खिलाफ क्यों नहीं की गेंदबाजी, क्या क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने किया मना? रहाणे ने दिया जवाब
कैमरून ग्रीन से गेंदबाजी नहीं कराई गई तो सवाल उठने लगा कि आखिर ऐसा क्यों किया गया, क्या क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ग्रीन को अभी तक गेंदबाजी के लिए हरी झंडी नहीं दी है?
मैच के बाद केकेआर के कप्तान रहाणे
(Image Source: X/ @mufaddal_vohra, @scenith_1902 )IPL 2026, MI vs KKR: आईपीएल 2026 का दूसरा मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया. इस मैच में 220 रन बनाने के बावजूद भी केकेआर को हार का सामना करना पड़ा. जिसकी बड़ी वजह है केकेआर की खराब गेंदबाजी. मैच में केकेआर की बल्लेबाजी तो कमाल की रही लेकिन गेंदबाजों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया उसने टीम की टेंशन को जरूर बढ़ा दिया है.
जब इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन से गेंदबाजी नहीं कराई गई तो सवाल उठने लगा कि आखिर ऐसा क्यों किया गया, क्या क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ग्रीन को अभी तक गेंदबाजी के लिए हरी झंडी नहीं दी है? कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मैच के बाद इन सभी सवालों के जवाब दिए.
खराब गेंदबाजी पर क्या बोले रहाणे?
मैच के बाद रहाणे ने कहा “मैं अभी भी जवान हूं, 37 साल का, मैं अभी भी युवा महसूस कर रहा हूं, लेकिन हां, मुझे ऐंठन की समस्या हो रही है. मुंबई में ऐसा होता है, यहां बहुत उमस है, लेकिन फिलहाल मैं जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहा हूं उससे मैं बहुत खुश हूं, मुझे लगा कि 220-225 का स्कोर अच्छा था. हमने बल्लेबाजी बहुत अच्छी की, लेकिन फिर से, अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण, खासकर एमआई की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के खिलाफ खेलना, हमारे लिए सीखने का एक अच्छा मौका है.”
केकेआर के गेंदबाजों के प्रदर्शन पर बात करते हुए रहाणे ने स्वीकार किया कि अनुभव की कमी टीम पर भारी पड़ी. उन्होंने कहा कि "वैभव, कार्तिक और मुजरबानी को छोड़कर, जो आईपीएल के आदी नहीं हैं, दो अनुभवी स्पिनर हैं, लेकिन मुझे लगा कि मुंबई इंडियंस ने अच्छी बल्लेबाजी की. इसलिए हमारे गेंदबाज निश्चित रूप से सीखेंगे.”
कैमरून ग्रीन को लेकर क्या बोले?
रहाणे ने कहा “मुझे लगता है कि जब ग्रीन जल्द ही गेंदबाजी शुरू करेंगे, तो टीम संयोजन थोड़ा अलग होगा. फिलहाल, हमें संतुलन देखना होगा, ऐसे खिलाड़ी जो हमारे लिए अच्छी गेंदबाजी कर सकें. बल्लेबाजी की बात करें, तो जैसा कि मैंने कहा, हमने बल्लेबाजी में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन गेंद से संतुलन बनाना वास्तव में महत्वपूर्ण है. तो उम्मीद है कि ग्रीन जल्द ही गेंदबाजी शुरू कर देंगे। वह अभी तक गेंदबाजी क्यों नहीं कर रहे हैं, यह सवाल आपको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए,"
दरअसल कैमरून ग्रीन इंजरी से लौटे हैं. ऐसे में हो सकता है कि उनको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से सिर्फ बल्लेबाजी की इजाजत मिली हो, जिसके चलते मुंबई इंडियंस के खिलाफ उनको गेंदबाजी करते हुए नहीं देखा गया और केकेआर को भी कहीं न कहीं इस बात की कमी खली है. अब टीम और फैंस को उम्मीद है कि ग्रीन जल्द ही गेंदबाजी भी करते दिखे.