IPL 2026: 'एक को अपना बाप चुन लो', कमेंट्री पर उठे सवाल तो भड़क गए हरभजन सिंह- देखें पोस्ट
आईपीएल सीजन-19 शुरू हुए अभी 2 दिन हुए हैं लेकिन हिंदी कमेंट्री को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स को सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. जिसको लेकर हरभजन सिंह भड़क गए.
कमेंट्री पर उठे सवाल भड़क गए हरभजन सिंह
(Image Source: X/@JaikyYadav16, @harbhajan_singh )IPL 2026: आईपीएल सीजन-19 शुरू हुए अभी 2 दिन हुए हैं लेकिन हिंदी कमेंट्री को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स को सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. ये पहली बार नहीं है कि हिंदी कमेंट्री पर सवाल उठे हो इससे पहले ही वर्ल्ड कप के दौरान सोशल मीडिया पर कई पोस्ट देखने को मिले है.
लेकिन अब आईपीएल 2026 के दौरान पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह इस बार अपनी कमेंट्री को लेकर विवादों में घिर गए हैं जिसके बाद वे सोशल मीडिया पर यूजर्स से तीखी बहस भी कर रहे हैं. हरभजन सिंह लगातार पोस्ट शेयर करके ट्रोलर्स को करारा जवाब दे रहे हैं. पिछले 2 दिन से ये सब देखने को मिल रहा है.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
यह विवाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान शुरू हुआ, जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक क्रिकेट मीम अकाउंट ने हिंदी कमेंट्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए. इस आलोचना में वीरेंद्र सहवाग और नवजोत सिंह सिद्धू को भी निशाने पर लिया गया, जिसके बाद हरभजन सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बहस को और गर्म कर दिया. दरअसल मीम अकाउंट ने भारतीय कमेंटेटरों की तुलना वेस्टइंडीज के प्रसिद्ध कमेंटेटर इयान बिशप से करते हुए कहा कि हिंदी कमेंट्री में गहराई और विश्लेषण की कमी है.
क्या था हरभजन सिंह का जवाब?
इससे नाराज हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा “जब बाजार में हाथी चलता है, तो ... भौंकते है. इसके साथ ही उन्होंने यूजर को चुप रहने को कहा.” उनका यह बयान तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. विवाद यहीं नहीं रुका. मीम पेज ने जवाब देते हुए रविचंद्रन अश्विन के साथ हरभजन सिंह की पुरानी प्रतिद्वंद्विता का जिक्र किया. यूजर ने आरोप लगाया कि इसी प्रतिस्पर्धा के कारण हरभजन का करियर प्रभावित हुआ और अब उनकी कमेंट्री भी उसी दिशा में जा रही है.
फिर क्या रहा हरभजन का पलटवार?
इस पर हरभजन सिंह ने और भी सख्त लहजे में जवाब दिया “... को घी पचता नहीं और तुम जैसे हारे हुए लोगों को जवाब बर्दाश्त नहीं होता . निकल जाओ यहां से.”
‘तीन जोकर’ पोस्ट क्या?
विवाद ने तब और तूल पकड़ लिया जब एक यूजर ने हरभजन सिंह, वीरेंद्र सहवाग और आकाश चोपड़ा की तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें “तीन जोकर” बताया. इस पर हरभजन ने जवाब देते हुए लिखा “इनमें से किसी एक को अपना बाप चुन लो”, जिससे सोशल मीडिया पर विवाद और गहरा गया.
इस पूरे विवाद के बाद सोशल मीडिया पर फैंस दो हिस्सों में बंट गए हैं. कुछ लोग हरभजन सिंह के समर्थन में हैं, तो वहीं कई यूजर्स उनकी भाषा और रवैये की आलोचना कर रहे हैं.