IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स को ले डूबे डेविड मिलर! 19.5 ओवर की ये गलती लाखों फैंस को दे गई चोट

दिल्ली कैपिटल्स की जीत आसान लग रही थी, लेकिन फिर डेविड मिलर द्वारा आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर की गई गलती से पूरा गेम ही बदल गया और दिल्ली जीता हुआ मैच हार गई.

मैच के दौरान डेविड मिलर

(Image Source:  X/ @ImTanujSingh )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 9 April 2026 7:39 AM IST

IPL 2026, DC vs GT: आईपीएल 2026 में 8 अप्रैल को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. इस मैच में एक समय दिल्ली की जीत आसान लग रही थी, लेकिन फिर डेविड मिलर द्वारा आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर की गई गलती से पूरा गेम ही बदल गया और दिल्ली जीता हुआ मैच हार गई.

इस मैच में डेविड मिलर ने वैसे तो कमाल की बल्लेबाजी करके मैच को दिल्ली के पाले में किया था, लेकिन खुद ही मिलर ऐसी गलती कर बैठे जो पूरी टीम, फैंस और खुद उन्हें सालोंसाल याद रहने वाली है. मैच में दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी गेंद पर हार का सामना करना पड़ा.

क्या थी डेविड मिलर की गलती?

डेविड मिलर को इस मैच में 2 बार बल्लेबाजी करते हुए देखा गया था. पहले इंजरी के चलते वे बल्लेबाजी छोड़कर बीच मैदान बाहर चले गए थे, लेकिन जब टीम को उनकी जरूरत थी तो वे घायल शेर बनकर आए और गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों पर टूट पड़े. आखिरी ओवर में दिल्ली को 12 रन चाहिए थे. पहली गेंद पर विप्रज निगम ने चौका लगाया. इसके बाद दूसरी गेंद पर विप्रज आउट हो गए. फिर क्रीज पर आए कुलदीप यादव ने तीसरी गेंद पर 1 रन लेकर स्ट्राइक मिलर को दी. चौथी गेंद पर मिलर ने शानदार छक्का लगाया. यहां से दिल्ली को जीत के लिए 2 गेंदों पर 2 रन चाहिए थे.

इसके बाद पांचवीं गेंद पर आसानी से 1 रन मिल सकता था और कुलदीप रन लेने के लिए आधी क्रीज पर भी पहुंच गए थे, लेकिन मिलर ने रन लेने से मना कर दिया. ये देखकर हर कोई हैरान रह गया कि आखिर रन क्यों नहीं लिया गया, क्योंकि यहां 1 रन लेकर मिलर स्कोर को बराबर कर सकते थे और टीम हार से बच सकती थी. इसके बाद आखिरी मिलर से मिस हुई, हालांकि वे रन लेने भागे लेकिन कुलदीप यादव रन आउट हो गए और मैच गुजरात ने जीत लिया. अब मिलर की इस गलती पर काफी सवाल उठ रहे हैं.

कितनी बार 1 रन से हार चुकी है दिल्ली?

ये पहली बार नहीं है कि दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल में 1 रन से हार का सामना करना पड़ा हो. इससे पहले साल 2015 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ, साल 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ, साल 2021 में आरसीबी के खिलाफ और अब आईपीएल 2026 में गुजरात के खिलाफ 1 रन से हार का सामना करना पड़ा. कोई भी टीम आईपीएल में आज तक इतनी बार 1 रन के अंतराल ने नहीं हारी है.

Similar News