यूं ही क्रिकेट का 'बाप' नहीं बना IPL, पहले मैच की इन 73 गेंदों में ही दिख गया था बवंडर

IPL के पहले ही मैच में ब्रेंडन मैकुलम ने 73 गेंदों में 158 रन ठोककर इतिहास रच दिया. उनकी इस पारी ने टी20 क्रिकेट का अंदाज बदल दिया और IPL को ‘बल्लेबाजों की लीग’ बना दिया.

 Brendon McCullum

(Image Source:  IPL )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 18 March 2026 11:49 PM IST

18 अप्रैल 2008, बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम और दिन शुक्रवार... इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का रंगारंग आगाज हुआ. किसी ने शायद ही सोचा था कि आज मैदान में रनों की सुनामी आने वाली है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच मैच में न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम ने ऐसी पारी खेली, जिसने टी20 क्रिकेट की परिभाषा ही बदल दी. उन्होंने सिर्फ 73 गेंदों में नाबाद 158 रन ठोक दिए, जिसमें 13 छक्के और 10 चौके शामिल थे. इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 200 से ज्यादा रही. 

ब्रेंडन मैकुलम केकेआर के गेंदबाजों पर जमकर बरस रहे थे. ऐसा लग रहा था जैसे मैच मैकुलम और दर्शकों के बीच हो...  हर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी. 

पहले ओवर में आए महज 3 रन?

ऐसा नहीं था कि मैकुलम ने पहले ओवर से ही गेंदबाजों पर बरसना शुरू हो गए थे. प्रवीण कुमार के पहले ओवर में बल्लेबाज से कोई रन आए. इसमें कुल 3 रन आए, जिसमें 2 लेग बाई और 1 वाइड का था. मैकुलम ने 5 गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता भी नहीं खोल सके.

दूसरे ओवर से मैकुलम के बल्ले से बरसने लगे रन

दूसरे ओवर से मैकुलम अपने रंग में आने लगे. उन्होंने जहीर खान के ओवर में 3 चौके और 1 छक्के लगाते हुए कुल 18 रन बटोरे. इसके बाद तीसरे ओवर में प्रवीण कुमार ने केवल 6 रन दिए, जिसमें 1 चौका शामिल रहा. हालांकि, चौथे ओवर में पिर मैकुलम का तूफानी रूप देखने को मिलेगा. उन्होंने एश्ले नोफके के ओवर में 2 छक्के लगाए, जबकि 1 चौका सौरव गांगुली के बल्ले से निकला.

अंतिम दो ओवर में जड़े 5 छक्के और 2 चौके

गांगुली का विकेट गिरने के बाद कुछ ओवर तक मैकुलम का बल्ला खामोश रहा. .. रन धीमी गति से बने, लेकिन 19 वें ओवर में उन्होंने 2 छक्के और 2 चौके लगाए, जबकि 20वें ओवर में उन्होंने तीन छक्के जड़े. इसके पहले मैकुलम ने 15वें ओवर में 2 छक्के और 1 चौका लगाया था. इस तरह केकेआर ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 222 रन जड़े.

केकेआर की तरफ से किस बल्लेबाज ने कितने रन बनाए?

केकेआर की तरफ से कप्तान सौरव गांगुली ने 12 गेंद में 10 रन, रिकी पोंटिंग ने 20 गेंद में 20 रन, डेविड हसी ने 12 गेंद में 12 रन और मोहम्मद हफीज ने 3 गेंद में 5 रन बनाए. आरसीबी की ओर से जहीर खान, ए्श्ले नोफके और जैक्स कैलिस ने 1-1 विकेट चटकाए.

आरसीबी के 10 बल्लेबाज नहीं छू सके दहाई का आंकड़ा

केकेआर की गेंदबाजी इतनी मजबूत रही कि आरसीबी के 10 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए. टीम की ओर से कप्तान राहुल द्रविड़ ने 2, वसीम जाफर ने 6, विराट कोहली ने 1, जैक्स कैलिस ने 8, कैमरून व्हाइट ने 6, मार्क बाउचर ने 7, बालाचंद्र अखिल ने 0, एश्ले नोफके ने 9, जहीर खान ने 3 और सुनील जोशी ने 3 रन बनाए. प्रवीण कुमार 18 रन बनाकर नाबाद रहे.

केकेआर की ओर से अजित अगरकर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए. उनके अलावा, गांगुली और अशोक डिंडा ने 2-2, जबकि ईशांत शर्मा और लक्ष्मी शुक्ला को 1-1 विकेट मिला. मैकुलम को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. टॉस आरसीबी ने जीता था.

IPL से जुड़ी रोचक बातें

  • पहला ओवर किसने डाला? प्रवीण कुमार
  • पहली गेंद किसने खेली? सौरव गांगुली
  • पहला चौका किसने मारा? ब्रेंडन मैकुलम
  • पहला छक्का किसने लगाया? ब्रेंडन मैकुलम
  • पहला विकेट किसने चटकाया? जहीर खान
  • पहला शिकार कौन बने? सौरव गांगुली 
  • पहला शतक किसने लगाया? ब्रेंडन मैकुलम

Similar News