IPL का वो मैच, जिसमें आया था Gayle का तूफान; पनाह मांग रहे थे गेंदबाज, लेकिन इस बॉलर ने 24 गेंदों में दिए सिर्फ 23 रन
Chris Gayle ने 2013 में Indian Premier League के एक मैच में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर Royal Challengers Bangalore को 263 रन तक पहुंचाया. इस तूफानी मैच में जहां गेंदबाजों की जमकर पिटाई हुई, वहीं Bhuvneshwar Kumar ने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर किफायती गेंदबाजी की.
जब IPL में आया गेल का तूफान, भुवनेश्वर कुमार ने रखी रन गति पर लगाम
Royal Challengers Bangalore vs Pune Warriors IPL 2013 Match Highlights: 21 छक्के, 21 चौके और 263 रन... 31 मार्च 2013 को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रनों का जो सैलाब आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. इस मैच में क्रिस गेल का तूफान दिखाई दिया तो एक गेंदबाज की कंजूसी भी काफी चर्चा में रही, जिसने 24 गेंद में महज 23 रन दिए. उसके खिलाफ कोई भी बल्लेबाज बड़े शॉट नहीं खेल पाया.
हम बात कर रहे हैं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (तब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) और पुणे वारियर्स के बीच हुए मैच की, जिसमें भुवनेश्वर कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 23 रन दिए. हालांकि, उन्हें कोई विकेट नहीं मिल सका. उनके अलावा, ल्यूक राइट ने शानदार गेंदबाजी की थी. उन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर 1 विकेट लिया था.
गेल ने जड़े 17 छक्के और 13 चौके
पुणे वारियर्स के कप्तान आरोन फिंच ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया, जिसे क्रिस गेल ने गलत साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. आरसीबी के सलामी बल्लेबाज ने महज 17 गेंद में फिफ्टी, 30 गेंद में सेंचुरी और 53 गेंद में 150 रन ठोक दिए. वे 66 गेंद में 17 छक्के और 13 चौके जड़ते हुए 175 रन बनाकर नाबाद रहे.
गेल की विस्फोटक पारी की वजह से आरसीबी ने 4.5 ओवर में 50 रन. 7.5 ओवर में 100 रन, 11.5 ओवर में 150 रन, 15.5 ओवर में 200 रन और 18.4 ओवर में 250 रन पूरे किए. जब पारी खत्म हुई तो स्कोरबोर्ड पर 5 विकेट के नुकसान पर 263 रन टंग चुके थे. गेल के अलावा, तिलकरत्ने दिलशान ने 33, कप्तान विराट कोहली ने 11, एबी डी विलियर्स ने 31 और सौरभ तिवारी ने 2 रन बनाए. वहीं, रवि रामपाल बिना खाता खोले आउट हुए.
आरोन फिंच ने एक ओवर में दिए 29 रन
कप्तान आरोन फिंच ने 1 ओवर में 29 रन दिए, जिसके बाद वे बॉलिंग करने दोबारा नहीं आए. उनके अलावा, ईश्वर पांडे ने 2 ओवर में 33 रन, अशोक डिंडा ने 4 ओवर में 48 रन, मिचेल मार्श ने 3 ओवर में 56 रन और अली मुर्तजा ने 2 ओवर में 45 रन दिए.
पुणे वॉरियर्स की बल्लेबाजी रही फ्लॉप
- आरसीबी की ओर से रखे गए 264 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पुणे वॉरियर्स की टीम 9 विकेट पर 133 रन ही बना सकी, जिससे उसे 130 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा.
- सलामी बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद विकेट गिरने का जो सिलसिला चला, वह अंत तक नहीं रुका.
- कप्तान फिंच ने 18, युवराज सिंह ने 16. ल्युक राइट ने 7, स्टीव स्मिथ ने 41, मिचेल मार्श ने 24, मिथुन मन्हास (जो अब बीसीसीआई अध्यक्ष हैं) ने नाबाद 11, भुवनेश्वर कुमार ने 6 और अली मुर्तजा ने 5 रन बनाए, जबकि ईश्वर पांडे अपना खाता भी नहीं खोल सके.
- पुणे वारियर्स की ओर से रवि रामपाल , जयदेव उनादकट और क्रिस गेल ने 2-2 विकेट लिए. वहीं, मुरली कार्तिक, आरपी सिंह और विनय कुमार को 1-1 विकेट मिला. गेल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.




