Exit Poll: असम में भाजपा की हैट्रिक, बंगाल में ममता की विदाई, TN में विजय का जलवा; केरल और पुडुचेरी का जाने हाल
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के एग्जिट पोल में सियासी तस्वीर लगभग साफ होती दिख रही है. कहीं सत्ता बरकरार रहने के संकेत हैं तो कहीं बड़े उलटफेर की संभावना नजर आ रही है.
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में करीब एक महीने तक चले चुनावी महासंग्राम के बाद अब सियासी तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है. वोटिंग खत्म होते ही आए एग्जिट पोल्स ने देश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है. कहीं सत्ता बरकरार रहने के संकेत हैं तो कहीं बदलाव की आहट साफ सुनाई दे रही है.
सबसे ज्यादा नजरें पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु पर टिकी हैं, जहां मुकाबला बेहद दिलचस्प और अप्रत्याशित नजर आ रहा है. वहीं असम में बीजेपी की मजबूत वापसी के संकेत मिल रहे हैं, जबकि केरल में सत्ता परिवर्तन की संभावना जताई जा रही है.
क्या बंगाल में ममता बनर्जी का किला टूटेगा?
पश्चिम बंगाल इस बार चुनावी रण का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है. एग्जिट पोल्स के मुताबिक यहां मुकाबला बेहद कांटे का है. कुछ सर्वे बीजेपी को 146 से 175 सीटें देते दिखा रहे हैं, तो वहीं कुछ पोल्स में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की बड़ी जीत का दावा किया गया है. People’s Pulse ने TMC को 177-187 सीटें दी हैं, जबकि Janmat Polls ने 195-205 सीटों का अनुमान जताया है. ऐसे में तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है और राज्य में “हंग असेंबली” की भी संभावना जताई जा रही है.
बीजेपी ने इस बार बंगाल में पूरी ताकत झोंक दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 से ज्यादा रैलियां कीं, जबकि गृह मंत्री अमित शाह ने भी लंबा चुनावी डेरा डाला. पार्टी को उम्मीद है कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दे उसे फायदा दिला सकते हैं.
क्या असम में बीजेपी लगाएगी जीत की हैट्रिक?
असम में एग्जिट पोल्स लगभग एकतरफा नजर आ रहे हैं. ज्यादातर सर्वे बीजेपी की सरकार की वापसी का अनुमान लगा रहे हैं. 126 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी को करीब 85-90 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस 25-30 सीटों तक सिमट सकती है. अगर ये आंकड़े सही साबित होते हैं, तो हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बन सकते हैं. बीजेपी ने “जाती, माटी, भेती” के नारे और विकास कार्यों के दम पर चुनाव लड़ा, जबकि कांग्रेस ने एंटी-इंकंबेंसी पर जोर दिया.
तमिलनाडु में क्या बदलेगा सियासी समीकरण?
तमिलनाडु में इस बार मुकाबला दिलचस्प मोड़ ले चुका है. एग्जिट पोल्स के मुताबिक डीएमके की वापसी हो सकती है और उसे करीब 130 सीटें मिल सकती हैं. वहीं AIADMK गठबंधन को लगभग 65 सीटों का अनुमान है. लेकिन इस चुनाव की सबसे बड़ी चर्चा अभिनेता विजय की पार्टी TVK रही है. ज्यादातर सर्वे TVK को 25-35 सीटें दे रहे हैं, लेकिन Axis My India ने चौंकाते हुए 98-120 सीटों का अनुमान लगाया है. अगर ऐसा होता है, तो राज्य की राजनीति पूरी तरह बदल सकती है. विजय ने 2024 में राजनीति में कदम रखा और युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हुए हैं. उनकी एंट्री ने DMK-AIADMK के पारंपरिक समीकरण को हिला दिया है.
क्या केरल में खत्म होगा लेफ्ट का राज?
केरल में इस बार सत्ता परिवर्तन की संभावना नजर आ रही है. एग्जिट पोल्स के अनुसार कांग्रेस के नेतृत्व वाला UDF करीब 70-77 सीटें जीत सकता है, जबकि लेफ्ट फ्रंट 55-60 सीटों पर सिमट सकता है. अगर ये अनुमान सही साबित होते हैं, तो पिनराई विजयन की सरकार को बड़ा झटका लग सकता है. केरल देश का इकलौता राज्य है जहां वामपंथी सरकार सत्ता में है, ऐसे में यह हार राष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ा असर डाल सकती है.
पुडुचेरी में किसकी सरकार?
पुडुचेरी में एग्जिट पोल्स NDA की वापसी का संकेत दे रहे हैं. AINRC-BJP गठबंधन को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि कांग्रेस-DMK गठबंधन पीछे नजर आ रहा है. यहां भी वोटिंग प्रतिशत काफी ज्यादा रहा, जिससे मुकाबला दिलचस्प बना, लेकिन अंतिम नतीजे NDA के पक्ष में जाते दिख रहे हैं.
क्या एग्जिट पोल्स पूरी तस्वीर बताते हैं?
एग्जिट पोल्स सिर्फ संभावनाएं दिखाते हैं, अंतिम नतीजे नहीं. कई बार ये अनुमान गलत भी साबित हुए हैं. इसलिए 4 मई को आने वाले रिजल्ट ही असली तस्वीर साफ करेंगे. फिलहाल इन आंकड़ों से इतना जरूर साफ है कि देश के अलग-अलग राज्यों में वोटर्स ने अलग-अलग संदेश दिए हैं. कहीं स्थिरता, तो कहीं बदलाव.




