T20 World Cup 2026 में IND Vs PAK मैच नहीं हुआ तो क्या डूब जाएंगे टिकट के पैसे? यह है रिफंड को लेकर ICC का नियम
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मैच पर संकट के बीच फैंस टिकट रिफंड को लेकर परेशान हैं. कुछ खास हालात में ही पूरा टिकट अमाउंट वापस मिलता है.;
भारत-पाक मैच नहीं हुआ तो टिकट का पैसा वापस होगा या नहीं?
(Image Source: Sora_ AI )T20 World Cup 2026 India vs Pakistan Match ticket refund ICC rules: टी-20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को होने वाला भारत-पाकिस्तान मुकाबला अब विवादों में है. पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने का एलान कर दिया है, जिसके बाद सिर्फ क्रिकेट बोर्ड या ICC ही नहीं, बल्कि हजारों क्रिकेट फैंस भी चिंता में पड़ गए हैं. वजह साफ है कि इस हाई-वोल्टेज मैच के लिए लोगों ने महीनों पहले महंगे टिकट बुक कर रखे हैं.
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होता है, तो क्या फैंस को टिकट के पैसे वापस मिलेंगे या नहीं? इसका जवाब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की टिकट रिफंड पॉलिसी में छुपा है.
ICC की टिकट रिफंड पॉलिसी क्या कहती है?
ICC के नियमों के मुताबिक, टिकट का पूरा पैसा हर हाल में वापस नहीं मिलता. कुछ खास परिस्थितियों में ही फुल रिफंड का प्रावधान है.
कब टिकट का पूरा पैसा वापस मिलता है ?
- अगर मैच टॉस से पहले ही रद्द हो जाता है
- ग्रुप स्टेज या सुपर-8 में 5 ओवर से पहले मैच रद्द हो जाए
- सेमीफाइनल या फाइनल में 10 ओवर से पहले खेल रद्द हो और कोई नतीजा न निकले
कब नहीं मिलेगा टिकट का पैसा वापस?
- ग्रुप या सुपर-8 में 5 ओवर या उससे ज्यादा खेल हो चुका हो
- सेमीफाइनल/फाइनल में 10 ओवर या उससे ज्यादा खेल हो जाए
- मैच का आधिकारिक परिणाम घोषित कर दिया जाए
- मैच को री-शेड्यूल कर दिया जाए (टिकट नई तारीख के लिए मान्य होगा)
क्या पहले भी टिकट के पैसे वापस मिले हैं?
हां. पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान में खेले जाने वाले कुछ मैच बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गए थे. ऐसे में PCB को दर्शकों को पूरे पैसे लौटाने पड़े थे, लेकिन इसके लिए फैंस को तय समय में आउटलेट पर जाकर क्लेम करना पड़ा था.
क्या टिकट का पूरा पैसा वापस हो जाता है?
अगर रिफंड मिलता भी है, तो कन्वीनियंस फीस (10–15%) वापस नहीं मिलती. इसके अलावा, बुकिंग चार्ज, प्लेटफॉर्म फीस, ट्रैवल और होटल खर्च भी नहीं लौटाए जाते. उदाहरण के तौर पर, अगर आपने 5000 रुपये का टिकट लिया है और कुल 5850 रुपये चुकाए हैं, तो रिफंड सिर्फ 5000 रुपये का ही मिलेगा.