T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ न खेलने की 'खीझ' PAK ने ऑस्ट्रेलिया पर उतारी? बाबर ने तोड़ दिया 'किंग' कोहली का बड़ा रिकॉर्ड
बाबर आज़म ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी-20 में अर्धशतक लगाते ही विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. वे अब टी20I में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. वहीं, पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को तीन मैचों की सीरीज में बुरी तरह रौंदा.;
बाबर आजम और विराट कोहली
(Image Source: ANI )Babar Azam Breaks Virat Kohli T20I record: पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज़ बाबर आजम ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. रविवार को लाहौर में खेले गए तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में बाबर ने नाबाद अर्धशतक जड़ते हुए विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया और टी20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए..
बाबर आजम की यह पारी सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं रही, बल्कि इसी के दम पर पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3–0 से सीरीज़ का क्लीन स्वीप भी पूरा किया. तीसरे टी20 में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 6 विकेट पर 207 रन बनाए, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम महज 96 रन पर ढेर हो गई. पाकिस्तान ने यह मुकाबला 111 रन से जीत लिया.
बाबर आज़म का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
इस मुकाबले में बाबर आज़म का यह 39वां टी20I अर्धशतक था, जिससे उन्होंने विराट कोहली (38) को पीछे छोड़ दिया. यह आंकड़ा अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में बाबर की निरंतरता और क्लास को रेखांकित करता है.
टी20I में सबसे ज्यादा अर्धशतक
- 39 – बाबर आज़म
- 38 – विराट कोहली
- 32 – रोहित शर्मा
- 30 – मोहम्मद रिज़वान
- 28 – डेविड वॉर्नर / जोस बटलर
बाबर आज़म ने क्या कहा?
मैच के बाद बाबर ने कहा कि टीम का स्कोर 'पूरी तरह प्रतिस्पर्धी' था, खासकर मुश्किल बल्लेबाज़ी परिस्थितियों को देखते हुए... उन्होंने कहा, “हम हमेशा परिस्थितियों को जल्दी पढ़ने और उसी हिसाब से गेम प्लान बनाने की बात करते हैं. मेरे लिए बल्लेबाज़ी क्रम से ज्यादा जरूरी टीम की रणनीति को सही तरीके से लागू करना है.” बाबर ने सैम अयूब की आक्रामक शुरुआत और लाहौर के दर्शकों के शानदार समर्थन की भी जमकर तारीफ की.
पाकिस्तान ने आखिरी 5 ओवर में जोड़े 70 रन
पाकिस्तान की पारी की शुरुआत सैम अयूब ने 37 गेंदों पर शानदार 56 रन बनाकर की. शुरुआती विकेट गिरने के बाद बाबर आज़म ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 69 रन की अहम साझेदारी की. अंतिम ओवरों में शादाब खान ने सिर्फ 19 गेंदों पर 46 रन ठोककर मैच को ऑस्ट्रेलिया की पहुंच से पूरी तरह बाहर कर दिया. आखिरी पांच ओवरों में पाकिस्तान ने 70 रन जोड़े. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज़ी पूरी तरह बिखर गई. शाहीन शाह अफरीदी ने मिचेल मार्श को पहली ही गेंद में पवेलियन भेजा, जबकि मोहम्मद नवाज़ ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट 18 रन देकर ऑस्ट्रेलियाई मध्यक्रम की कमर तोड़ दी.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद क्या बोले सलमान आगा?
पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने इसे लगभग परफेक्ट सीरीज़ करार दिया, वहीं ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने स्वीकार किया कि उनकी टीम हर विभाग में पिछड़ गई. यह जीत पाकिस्तान के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 (7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में) से पहले बड़ा मनोबल बढ़ाने वाली साबित हुई.