भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ 3-0 से जीती ODI सीरीज, प्रसिद्ध कृष्णा का 'पंजा'- जायसवाल की 'यशस्वी' सेंचुरी; धवन का रिकॉर्ड टूटा
भारत ने चेन्नई में खेले गए तीसरे वनडे में अफगानिस्तान को हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली. प्रसिद्ध कृष्णा के करियर की पहली वनडे फाइव विकेट हॉल और यशस्वी जायसवाल के शानदार शतक ने भारत की जीत की नींव रखी. रोहित शर्मा ने भी 79 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी.
प्रसिद्ध कृष्णा और यशस्वी जायसवाल
(Image Source: BCCI )India vs Afghanistan ODI Series: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमा लिया. इस जीत की कहानी सिर्फ स्कोरबोर्ड पर नहीं लिखी गई, बल्कि गेंद और बल्ले दोनों से भारतीय खिलाड़ियों ने ऐसा दबदबा दिखाया कि अफगानिस्तान पूरी तरह बैकफुट पर नजर आया.
मैच के हीरो रहे तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा, जिन्होंने पहली बार वनडे क्रिकेट में पांच विकेट लेने का कारनामा किया. चेन्नई की पिच पर जहां थोड़ी तेजी और उछाल थी, वहां प्रसिद्ध ने अपनी लाइन-लेंथ और रफ्तार से अफगान बल्लेबाजों को परेशान कर दिया.
अफगानिस्तान की शुरुआत ही खराब रही
- अफगानिस्तान ने टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय तेज गेंदबाजों ने पहले ही 10 ओवर में उनकी कमर तोड़कर रख दी.
- प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ ने नई गेंद से ऐसा दबाव बनाया कि अफगान बल्लेबाज खुलकर शॉट नहीं खेल पाए. लगातार विकेट गिरने से अफगानिस्तान की टीम मुश्किल में फंस गई.
- हालांकि कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने एक छोर संभाले रखा और शानदार शतक लगाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की. उन्होंने 95 वनडे मैचों के लंबे इंतजार के बाद अपना पहला वनडे शतक पूरा किया.
- अपनी 131 गेंद की पारी में शहीदी ने 13 चौके और 1 छक्का लगाया. उन्होंने पारी के दौरान गर्मी और थकान के बावजूद संघर्ष किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके.
- रहमानुल्लाह गुरबाज ने 5, इब्राहिम जादरान ने 11, रहमत शाह ने 5, दारविश रसूली ने 1, Azmatullah Omarzai ने 50, मोहम्मद नबी ने 21, राशिद खान ने 5, अल्लाह गजनफर ने 1 और फरीद अहमद मलिक ने 0 रन बनाए.
प्रसिद्ध कृष्णा का यादगार दिन
भारत के लिए सबसे बड़ा आकर्षण प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदबाजी रही. उन्होंने अपने करियर का पहला वनडे फाइव विकेट हॉल हासिल किया. प्रसिद्ध ने मैच के बाद बताया कि उनका फोकस सिर्फ टीम की रणनीति के हिसाब से सही लेंथ पर गेंद डालना था. उन्होंने कहा कि टीम में अच्छे गेंदबाजों के साथ खेलने से सीखने का मौका मिलता है और नेट्स में लगातार प्रतिस्पर्धा उन्हें बेहतर बनाती है. उनकी घातक गेंदबाजी ने अफगानिस्तान को 44.2 ओवर में 218 रन पर समेट दिया.
रोहित शर्मा का धमाकेदार अंदाज
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही. रोहित शर्मा को शुरुआत में जीवनदान मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया. रोहित ने अफगान गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की. खासकर राशिद खान के खिलाफ उनके शॉट्स देखने लायक थे. उन्होंने शानदार अर्धशतक लगाया और 79 रन की पारी खेलकर भारत को मजबूत शुरुआत दी. रोहित की बल्लेबाजी में वही पुराना आत्मविश्वास नजर आया, जहां वह गेंद को देखकर नहीं बल्कि अपनी टाइमिंग और ताकत से खेलते दिखे. अपनी 69 गेंद की पारी में उन्होंने 3 छक्के और 9 चौके लगाए.
जश्न का सबसे बड़ा चेहरा बने यशस्वी जायसवाल
इस मुकाबले की सबसे बड़ी कहानी युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल रहे. जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना दूसरा वनडे शतक पूरा किया. उन्होंने सिर्फ 83 गेंदों में शतक लगाया और दिखाया कि क्यों उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है.
जायसवाल ने मैच के बाद कहा कि उनका फोकस सिर्फ अपने खेल पर रहता है. जब शुरुआत मिलती है तो उसे बड़ी पारी में बदलना जरूरी होता है. रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 170 रन की उनकी साझेदारी ने अफगानिस्तान की वापसी की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया.
भारत ने एकतरफा अंदाज में जीता मैच
भारत ने 219 रनों के लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया. जीत इतनी एकतरफा रही कि भारत ने 128 गेंद बाकी रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया. यह भारत की 200 से ज्यादा रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे तेज जीत में शामिल हो गई. जायसवाल 86 गेंद में 3 छक्के और 14 चौकों की मदद से 110 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं, श्रेयस अय्यर ने भी 19 गेंद में 20 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 2 छक्के शामिल हैं.
गिल की कप्तानी में कई सवालों के जवाब मिले
कप्तान शुभमन गिल ने जीत के बाद कहा कि टीम ने मिडिल ओवर्स में दबाव बनाए रखने और मौके बनाने पर काम किया था, जिसका असर इस सीरीज में दिखाई दिया. उन्होंने तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन की तारीफ की और कहा कि इंग्लैंड दौरे से पहले टीम के लिए यह सीरीज आत्मविश्वास बढ़ाने वाली रही.
आंकड़ों में भारत का दबदबा
- भारत ने अफगानिस्तान को वनडे सीरीज में 3-0 से हराया.
- अफगानिस्तान भारत को किसी भी फॉर्मेट में अब तक नहीं हरा पाया है.
- दोनों टीमों के बीच 18 मुकाबलों में भारत की 15 जीत है.
- यशस्वी जायसवाल ने अपने सिर्फ 6वें वनडे में दूसरा शतक लगाया.
- भारत के लिए वनडे में सबसे कम पारियों में दूसरा शतक लगाने वालों में शिखर धवन को पछाड़कर जायसवाल टॉप पर पहुंचे.
- गिल की कप्तानी में भारत की यह पहली वनडे सीरीज जीत है.
अफगानिस्तान के लिए सीख, भारत के लिए बड़ी तैयारी
अफगानिस्तान के कप्तान शाहिदी ने माना कि भारत में खेलना आसान नहीं है और टीम ने इस सीरीज से काफी कुछ सीखने की बात कही. वहीं भारत के लिए यह सीरीज सिर्फ जीत नहीं थी, बल्कि इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ आने वाली चुनौती से पहले खिलाड़ियों को परखने का मौका भी थी. चेन्नई में भारत ने दिखा दिया कि जब गेंदबाज शुरुआती वार करते हैं और बल्लेबाज जिम्मेदारी से खेलते हैं, तो दुनिया की कोई भी टीम दबाव में आ सकती है.
भारत के लिए सबसे ज़्यादा 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' अवॉर्ड
- 15 - सचिन तेंदुलकर
- 11 - विराट कोहली
- 7 - सौरव गांगुली/ युवराज सिंह/ एमएस धोनी
- 6 - रोहित शर्मा/ शुभमन गिल
अफ़गानिस्तान के खिलाफ़ सबसे तेज शतक
- 57 - इयोन मोर्गन, मैनचेस्टर, 2019
- 63 - रोहित शर्मा, दिल्ली, 2023
- 71 - ईशान किशन, लखनऊ, 2026
- 76 - ग्लेन मैक्सवेल, मुंबई WS, 2023
- 77 - शुभमन गिल, लखनऊ, 2026
- 83 - विलियम पोर्टरफ़ील्ड, ग्रेटर नोएडा, 2017
- 83 - यशस्वी जायसवाल, चेन्नई, 2026
दूसरा ODI शतक लगाने के लिए सबसे कम पारियां (भारत)
- 6 - यशस्वी जायसवाल
- 7 - शिखर धवन
- 9 - केदार जाधव
- 17 - विराट कोहली
- 18 - शुभमन गिल
द्विपक्षीय सीरीज़ में अफगानिस्तान के खिलाफ क्लीन-स्वीप
- 0-3 बनाम वेस्टइंडीज़, भारत में 2019
- 0-3 बनाम पाकिस्तान, श्रीलंका में 2023
- 0-3 बनाम श्रीलंका, श्रीलंका में 2024
- 0-3 बनाम भारत, भारत में 2026
अफ़गानिस्तान के खिलाफ भारत का कैसा रहा प्रदर्शन?
भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक कुल 18 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं. इसमें से 15 मैचों में भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच टाई रहा, जबकि एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला. भारत एकमात्र ऐसी 'फ़ुल मेंबर' टीम है जिसे अफगानिस्तान आज तक नहीं हरा पाई है.
200+ के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज़्यादा गेंदें बाकी रहते हुए जीत
- 177 - वेस्टइंडीज़ बनाम कनाडा, सेंचुरियन, 2003 (लक्ष्य: 203)
- 144 - ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश, मीरपुर, 2011 (लक्ष्य: 230)
- 142 - पाकिस्तान बनाम भारत, लाहौर, 1997 (लक्ष्य: 217)
- 128 - भारत बनाम अफ़गानिस्तान, चेन्नई, 2026 (लक्ष्य: 219)
- 127 - भारत बनाम श्रीलंका, दांबुला, 2017 (लक्ष्य: 217)