कप्तानी न मिलने से नाखुश Abhishek Sharma छोड़ देंगे SRH! क्या युवराज सिंह की टीम DC में जाएंगे? MI-GT-PBKS में भी मची हलचल
IPL 2027 से पहले अभिषेक शर्मा के SRH छोड़ने की चर्चा तेज है. MI, GT और PBKS का नाम सामने आया है, लेकिन SRH CEO ने खबर को ‘Not True’ बताया है.
Abhishek Sharma: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन से पहले खिलाड़ियों के रिटेंशन और रिलीज को लेकर फ्रेंचाइजियों में मंथन शुरू हो गया है. इसी बीच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर चर्चाएं तेज हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रेंचाइजी के भीतर कप्तानी को लेकर हुए फैसले के बाद अभिषेक के भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, SRH के CEO के. शनमुगम ने इन चर्चाओं को 'झूठ' यानी अफवाह बताया है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, SRH की कप्तानी ईशान किशन को सौंपे जाने के बाद अभिषेक शर्मा खुश नहीं हैं. वह लंबे समय से फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं. इसलिए उनके मन में कप्तान बनने की महत्वाकांक्षा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, अभिषेक को लेकर कई फ्रेंचाइजियों के बीच अनौपचारिक बातचीत हुई है. मुंबई इंडियंस (MI), गुजरात टाइटंस (GT) और पंजाब किंग्स (PBKS) को संभावित ठिकानों के तौर पर देखा जा रहा है.
दिल्ली कैपिटल्स (DC) का नाम भी पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है, क्योंकि अभिषेक के मेंटर युवराज सिंह अब टीम के सेटअप का हिस्सा हैं. हालांकि, इन चर्चाओं पर SRH के CEO के. शनमुगम ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे 'not true' बताया है. यानी फिलहाल अभिषेक के SRH से अलग होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
2019 से SRH का हिस्सा हैं अभिषेक
अभिषेक शर्मा 2019 से SRH के साथ जुड़े हुए हैं. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कप्तानी से जुड़े घटनाक्रम के बाद से फ्रेंचाइजी और खिलाड़ी के बीच स्थिति तनावपूर्ण रही है. हालांकि, अभिषेक के करीबी सूत्रों ने भी कहा है कि फिलहाल ऐसा कुछ नहीं हो रहा है. अगर दोनों पक्ष अलग होने पर सहमत होते हैं, तो सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि अभिषेक को कौन सी टीम अपने साथ जोड़ेगी और डील किस तरीके से होगी. संभावित विकल्पों में खिलाड़ी ट्रेड, कैश डील या किसी अन्य व्यवस्था पर विचार हो सकता है.
कप्तानी के लिए कितनी जगह बची है?
सूत्र के मुताबिक, इस समय IPL में कप्तानी के बहुत ज्यादा विकल्प उपलब्ध नहीं हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को संभावित विकल्पों में गिना जा रहा है, जबकि कई दूसरी फ्रेंचाइजियों में कप्तानी का ढांचा पहले से तय है. ऐसे में अगर SRH और अभिषेक शर्मा के बीच रास्ते अलग होते भी हैं, तो अगला सवाल उनकी नई टीम को लेकर होगा। अभिषेक कप्तानी की भूमिका चाहते हैं या सिर्फ SRH से बाहर निकलना उनकी प्राथमिकता है, इस पर भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.
T20 क्रिकेट में अभिषेक की बढ़ती मांग
अभिषेक शर्मा इस समय T20 क्रिकेट के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं. रिपोर्ट के मुताबिक वह वर्ल्ड नंबर-2 बल्लेबाज हैं. यही वजह है कि रिटेंशन और रिलीज की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ उन पर कई फ्रेंचाइजियों की नजर रहने की उम्मीद है. हालांकि, फिलहाल न तो SRH ने उनके रिलीज या ट्रेड की पुष्टि की है और न ही किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के साथ डील सामने आई है. IPL के मिनी-ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजियों के पास अपनी टीम का कोर तय करने के लिए अभी समय है. इसलिए आने वाले हफ्तों में अभिषेक शर्मा को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है.