AI Summit Protest: पुलिस ने बताया मास्टरमाइंड, नहीं बता रहा मोबाइल का पासवर्ड- कौन है यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष उदय भानु चिब?
इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस के नंगे नाच को लेकर कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को करीब 20 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया.
Uday Bhanu Chib Youth Congress
(Image Source: ANI )इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस के नंगे नाच को लेकर देश की राजनीति में हलचल देखने को मिल रही है. पीएम मोदी ने भी इसको लेकर कांग्रेस पर जमकर हल्ला बोला था. पीएम मोदी ने तो कांग्रेस को नंगा तक कह दिया था. वहीं अब इस मामले पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को करीब 20 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया. खुद इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी शेयर की है.
गिरफ्तारी के बाद सियासी गलियारों में बहस तेज हो गई है कि इस प्रदर्शन की जिम्मेदारी किस स्तर तक तय की जाएगी. पुलिस अब तक इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है.
कौन हैं उदय भानु चिब?
उदय भानु चिब जम्मू-कश्मीर के पलौड़ा क्षेत्र के निवासी हैं. वे वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के बेटे हैं. उनकी राजनीतिक पारी छात्र संगठन NSUI से शुरू हुई, जहां उन्होंने संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई. बाद में उन्हें जम्मू-कश्मीर एनएसयूआई का अध्यक्ष बनाया गया और फिर राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई. संगठन में सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के आधार पर उन्हें जम्मू-कश्मीर युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया. लगातार संगठनात्मक मजबूती दिखाने के बाद पार्टी नेतृत्व ने उन्हें इंडियन यूथ कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया.
क्यों आए निशाने पर?
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘AI इम्पैक्ट समिट’ के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अचानक शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया. इस विरोध ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को चौंका दिया. प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की गई और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भी विरोध दर्ज कराया गया. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और मामले में एफआईआर दर्ज की.
करीब 20 घंटे की पूछताछ के बाद उदय भानु चिब की गिरफ्तारी ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं.
वहीं, कांग्रेस और यूथ कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बता रहे हैं. आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद और सड़कों दोनों पर गूंज सकता है.
क्या-क्या कहा करने को?
उदय भानु चिब के वकील ने अदालत को बताया कि प्रदर्शनकारियों से सात से आठ टी-शर्ट बरामद की जा चुकी हैं और तर्क दिया कि टी-शर्ट की छपाई कहीं भी की जा सकती है. उन्होंने पूरे कारखाने की जांच के लिए आगे की हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता पर सवाल उठाया. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने बताया कि AI समिट में प्रवेश करने वाले लोग चिब के निर्देश पर ऐसा कर रहे थे और उनके संपर्क में थे. दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि उदय भानु चिब विरोध प्रदर्शन की गतिविधियों पर नजर रख रहा था. पुलिस का कहना है कि उदय भानु अपने मोबाइल का पासवर्ड भी नहीं बता रहा है.
क्यों भड़के प्रियांक खरगे?
मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा कि "हो सकता है कि विरोध प्रदर्शन के तरीके पर कुछ आपत्ति हो, लेकिन विरोध करना गैरकानूनी नहीं है. हो सकता है कि वे इसे बेहतर तरीके से कर सकते थे, हो सकता है कि वे इसे और बेहतर ढंग से व्यक्त कर सकते थे, लेकिन भाजपा भी तो यही करती आ रही है, है ना? कर्नाटक में भी, जब भी मुख्यमंत्री का कोई कार्यक्रम होता है, क्या वे काले झंडे के साथ विरोध नहीं करते? जब राहुल गांधी कर्नाटक आए थे, पिछली बार जब भाजपा सत्ता में थी, क्या उन्होंने कार्यक्रम में काले झंडे नहीं लहराए थे? भाजपा के सभी एजेंट और भाजपा के लोग वहां मौजूद थे. देखिए, अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम की मेजबानी करने में आपकी अक्षमता उजागर हो गई है."
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने कहा कि "भाजपा सरकार ने अपनी नैतिक दिशा खो दी है और लोकतंत्र में विश्वास हिल गया है. हमें अपने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गर्व है. युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करने के लिए आवाज उठाई है, जिसने अमेरिका के साथ हुए समझौतों के जरिए भारतीय किसानों की आय को नुकसान पहुंचाया है."