Aaj ki Taaza Khabar: उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर पवन खेड़ा का हमला: ‘दुनिया के सबसे डरपोक प्रधानमंत्री बनते जा रहे हैं नरेंद्र मोदी’
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. मंगलवार 24 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
AI Summit में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का केस दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर
AI Summit में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का केस दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है. अब इस मामले में आगे की जांच क्राइम ब्रांच ही करेगी.
राहुल गांधी देशविरोधी एजेंडे के प्रवक्ता बन गए हैं : अनुराग ठाकुर
AI Summit में हुए ‘शर्टलेस’ विरोध प्रदर्शन को राहुल गांधी के समर्थन देने पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी अब देशविरोधी तत्वों की भाषा बोल रहे हैं और उनका एजेंडा देश में अराजकता फैलाने का है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता हर मुद्दे पर सरकार का विरोध करते हुए राष्ट्रहित को नुकसान पहुंचाने वाली राजनीति कर रहे हैं. बीजेपी ने इस बयान को राष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बताया.
उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर पवन खेड़ा का हमला: ‘दुनिया के सबसे डरपोक प्रधानमंत्री बनते जा रहे हैं नरेंद्र मोदी’
AI Impact Summit में हुए ‘शर्टलेस’ विरोध प्रदर्शन के मामले में उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना विपक्ष का कर्तव्य है, लेकिन अलग-अलग शहरों में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी यह दिखाती है कि प्रधानमंत्री सवालों और असहमति से डरते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार आलोचना से घबराकर दमन की राजनीति कर रही है.
एयर एंबुलेंस हादसे पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा - ‘कारण साफ नहीं, चार्टर्ड उड़ानों की गहन जांच जरूरी’
झारखंड के चतरा में हुए एयर एंबुलेंस हादसे को लेकर राज्य सरकार की प्रतिक्रिया सामने आई है. रांची में मीडिया से बात करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि फिलहाल विमान दुर्घटना के कारण स्पष्ट नहीं हैं, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच जरूरी है. उन्होंने बताया कि इस तरह की चार्टर्ड उड़ानों का इस्तेमाल सिर्फ मेडिकल इमरजेंसी ही नहीं, बल्कि वीवीआईपी मूवमेंट के लिए भी किया जाता है, इसलिए सुरक्षा मानकों और उड़ान संचालन प्रक्रिया की बारीकी से जांच होनी चाहिए. मंत्री ने कहा कि सरकार इस घटना को हल्के में नहीं लेगी और जांच के बाद ही असली वजह सामने आ पाएगी.
झारखंड में एयर एंबुलेंस हादसा: मृत डॉक्टर के पिता का सवाल - अगर इलाज की सुविधा होती तो दिल्ली क्यों जाते?
झारखंड के चतरा जिले में हुए एयर एंबुलेंस हादसे के बाद मृत डॉक्टर के परिवार का दर्द सामने आया है. हादसे में जान गंवाने वाले डॉक्टर डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता के पिता ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि उनका बड़ा बेटा सदर अस्पताल रांची में तैनात था, लेकिन इलाज के लिए मरीज को दिल्ली ले जाना पड़ा. पिता का कहना है कि अगर झारखंड में ही पर्याप्त और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होतीं, तो एयर एंबुलेंस से दिल्ली जाने की नौबत ही नहीं आती.
हवा में इंजन से निकली चिंगारी, लेह जा रही SpiceJet फ्लाइट को बीच रास्ते से दिल्ली लौटना पड़ा
दिल्ली से लेह जा रही SpiceJet की एक फ्लाइट को मंगलवार को उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान के इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका के बाद पायलट ने एहतियातन विमान को वापस मोड़ दिया. इस दौरान यात्रियों ने हवा में इंजन से चिंगारी और आग जैसी लपटें दिखाई देने की बात कही, जिससे विमान में हड़कंप मच गया.
यूथ कांग्रेस प्रमुख उदय भानु चिब गिरफ्तार
भारत मंडपम में एआई शिखर सम्मेलन के दौरान युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में भारतीय युवा कांग्रेस प्रमुख उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया गया. तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर भारी सुरक्षा तैनात की गई है.
चतरा सदर अस्पताल पहुंचे इरफान अंसारी
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सदर अस्पताल चतरा का दौरा किया, जहां कल देर रात चतरा में हुई एयर एम्बुलेंस दुर्घटना में मारे गए लोगों के शव रखे गए हैं. इस विमान दुर्घटना में कुल 7 लोगों की जान चली गई.
राहुल गांधी की दिमागी जांच होनी चाहिए: गिरिराज सिंह
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "राहुल गांधी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर गलत जानकारी फैला रहे हैं. उनके खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए. राहुल गांधी की दिमागी जांच होनी चाहिए. मुझे डर है कि अगले सत्र में शायद वो अंडरवियर-बाजू में लोकसभा पहुंच जाएं."
कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच आज होगा फाइनल
आज हुबली में कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल मैच केएससीए स्टेडियम में खेला जाएगा. जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम स्टेडियम पहुंच चुकी है.