महादेव का अवतार बता किया रेप, फिर ब्लैकमेल का खेल, Ashok Kharat के बाद अब ऋषिकेश वैद्य कौन?

अशोक खरात मामले के बाद अब वसई से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें आध्यात्मिकता के नाम पर महिलाओं को ठगने और शोषण करने के आरोप लगे हैं.

रेप का आरोपी ऋषिकेश वैद्य

(Image Source:  X/ @Sachingupta )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

महाराष्ट्र में स्वयंभू धर्मगुरुओं से जुड़े मामलों ने एक बार फिर सनसनी फैला दी है. अशोक खरात मामले के बाद अब वसई से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें आध्यात्मिकता के नाम पर महिलाओं को ठगने और शोषण करने के आरोप लगे हैं.

ताजा मामले में 35 वर्षीय महिला ने खुद को धार्मिक नेता बताने वाले ऋषिकेश वैद्य के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया है. शिकायत दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है. इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर यह व्यक्ति कौन है और कैसे इतने लंबे समय तक सक्रिय रहा.

कौन है ऋषिकेश वैद्य?

ऋषिकेश वैद्य वसई क्षेत्र का एक स्वयंभू धार्मिक नेता है, जो ‘आमची वसई’ नामक संगठन का संस्थापक और अध्यक्ष बताया जाता है. वह वसई (पश्चिम) के स्टेला इलाके में ‘ओम राधा कृष्ण’ भवन में अपने परिवार के साथ रहता था. बताया जा रहा है कि उसकी मां और भाई भी उसके साथ ही रहते हैं.

वैद्य ‘आमची वसई’ संगठन के माध्यम से वसई-विरार क्षेत्र में सक्रिय था. इस संगठन के नाम पर वह धार्मिक कार्यक्रम, प्रवचन और सामाजिक आयोजन करता था. उसने वसई किले में दीपोत्सव जैसे बड़े कार्यक्रम आयोजित किए और युवाओं, महिलाओं व बच्चों को अपनी ओर आकर्षित किया. धर्म और आध्यात्मिकता के नाम पर वह खुद को समाज सुधारक के रूप में पेश करता था.

कैसे महिला को फंसाया?

पुलिस के मुताबिक, ऋषिकेश वैद्य सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से संपर्क बनाता था. इसी दौरान उसकी मुलाकात पीड़िता से हुई और उसने उसे आध्यात्मिक शिक्षा देने का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया. बाद में महिला को पता चला कि वह उसके साथ धोखाधड़ी और शोषण कर रहा है.

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने खुद को ‘महादेव का अवतार’ बताकर महिला का विश्वास जीता. दिसंबर 2023 में पुणे के एक लॉज में उसने महिला को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इतना ही नहीं, उसने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.

क्या दोबारा शोषण करना चाहता था आरोपी?

मई 2025 में आरोपी ने वसई के एक होटल में महिला के साथ फिर से रेप करने की कोशिश की. इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. यह मामला वसई के मानिकपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है, जिसे आगे की जांच के लिए पुणे के हडपसर पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर कर दिया गया है. शिकायत दर्ज होते ही ऋषिकेश वैद्य फरार हो गया. पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है.

Similar News