Aaj ki Taaza Khabar: लोकसभा कार्यवाही शुरु होते मचा हंगामा, भारत- अमेरिका डील को लेकर जमकर नारेबाजी

Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. मंगलवार 03 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्‍या-क्‍या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.;

By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 3 Feb 2026 11:14 AM IST


Live Updates
2026-02-03 05:44 GMT

राहुल गांधी के बयान पर संजय राउत का सरकार पर हमला, बोले - राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल उठाया, जनरल नरवणे की सुरक्षा बढ़ाई जाए

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने सरकार को कठघरे में खड़ा किया है. संजय राउत ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा उठाया है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. संजय राउत ने कहा, “जब कोई पड़ोसी देश हमला करने की नीयत से सीमा के पास आता है, तो उस समय देश के राजनीतिक नेतृत्व को फैसला लेना चाहिए. उस वक्त तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे आदेश का इंतजार कर रहे थे, लेकिन प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया.”

2026-02-03 05:41 GMT

लोकसभा की कार्यवाही शुरु होते मचा हंगामा

मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरु होते ही हंगामा मच गया तो वहीं विपक्ष ने अमेरिका और भारत ट्रेड डील को लेकर जमकर नारेबाजी की. इसके पहले किरेन रिजूज ने कहा कि राहुल गांधी ने सदन का वक्त खराब किया.

2026-02-03 05:27 GMT

पश्चिम बंगाल में अवैध कोयला खनन मामले में कई नाम सामने आए

अधिकारियों के मुताबिक, आज की तलाशी में बंगाल पुलिस के एक अधिकारी-इन-चार्ज मनोरंजन मंडल भी शामिल हैं. इसके अलावा किरण खान, शेख अख्तर, प्रबीर दत्ता और मिर्ज़ा हेसामुद्दीन बेग के नाम भी सामने आए हैं.

2026-02-03 04:59 GMT

अवैध कोयला खनन मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, पश्चिम बंगाल में 10 ठिकानों पर छापेमारी

अवैध कोयला खनन और उसके परिवहन से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में 10 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की. अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक केस की जांच के तहत की जा रही है. ED सूत्रों के अनुसार, इस छापेमारी में बंगाल पुलिस के एक थाना प्रभारी (Officer In-Charge) मनोरंजन मंडल का ठिकाना भी शामिल है. इसके अलावा किरण खान, शेख अख्तर, प्रबीर दत्ता और मिर्ज़ा हेसामुद्दीन बेग से जुड़े परिसरों पर भी तलाशी ली जा रही है.

2026-02-03 04:35 GMT

NDA संसदीय दल की बैठक में BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का औपचारिक स्वागत

संसद परिसर में चल रही एनडीए संसदीय दल की बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का औपचारिक रूप से स्वागत किया गया. बैठक में एनडीए के घटक दलों के सांसद और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. नितिन नवीन के स्वागत के साथ ही बैठक की शुरुआत हुई, जिसमें संसद के मौजूदा सत्र की रणनीति, सरकार के विधायी एजेंडे और विपक्ष के मुद्दों पर चर्चा की जा रही है.

2026-02-03 03:39 GMT

असम में बांग्लादेशी मुसलमानों की संख्या 1,000 से ज्यादा नहीं: AIUDF विधायक अमीनुल इस्लाम

असम से AIUDF विधायक अमीनुल इस्लाम ने कहा है कि अगर असम में घर-घर सर्वे कराया जाए तो बांग्लादेशी मुसलमानों की संख्या 1,000 से अधिक नहीं निकलेगी. उन्होंने कहा कि असम के मुसलमानों की नागरिकता बार-बार अलग-अलग प्रक्रियाओं में साबित हो चुकी है. अमीनुल इस्लाम ने NRC का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान मुस्लिम समुदाय की कई बार जांच की गई और उनके नागरिकता दस्तावेजों की गहन पड़ताल हुई. दूसरे NRC ड्राफ्ट के बाद कुल 19 लाख लोग सूची से बाहर रह गए थे, जिनमें से 12 लाख गैर-मुस्लिम थे और केवल 6 से 7 लाख मुसलमान थे.

उन्होंने आगे कहा कि इन 6 से 7 लाख मुसलमानों को बांग्लादेशी या विदेशी नहीं कहा जा सकता, क्योंकि नियमों के तहत जब उन्हें रिजेक्शन स्लिप मिलती है तो वे फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल में जाकर अपने दस्तावेज पेश करते हैं. उनका दावा है कि इनमें से करीब 90 प्रतिशत लोगों को भारतीय नागरिक घोषित कर दिया जाएगा. अमीनुल इस्लाम के मुताबिक, इन सभी तथ्यों को देखते हुए असम में बांग्लादेशी मुसलमानों की वास्तविक संख्या लगभग 1,000 के आसपास ही हो सकती है.

2026-02-03 02:59 GMT

बांग्लादेश में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.1 दर्ज

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक मंगलवार तड़के बांग्लादेश में भूकंप के झटके महसूस किए गए. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई. यह झटका भारतीय समयानुसार सुबह 4 बजकर 6 मिनट 46 सेकेंड पर आया. फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है.

2026-02-03 02:42 GMT

ट्रंप से बातचीत के बाद बोले पीएम मोदी- 'मेड इन इंडिया' पर 18% टैरिफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत के बाद खुशी जताते हुए कहा कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18% होना भारत के लिए एक बड़ा सकारात्मक कदम है. पीएम मोदी ने इसे भारत के 140 करोड़ लोगों के लिए शानदार घोषणा बताया और इसके लिए राष्ट्रपति ट्रंप का आभार जताया. प्रधानमंत्री ने कहा, “आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बेहद अच्छा लगा. मुझे खुशी है कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर अब 18% का कम टैरिफ लगेगा. इस ऐतिहासिक फैसले के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद.”

पीएम मोदी ने आगे कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इसका सीधा लाभ आम लोगों को मिलता है और आपसी सहयोग की असीम संभावनाएं खुलती हैं. उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए ट्रंप का नेतृत्व बेहद अहम है और भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूरा समर्थन करता है.

2026-02-03 02:37 GMT

बजट सत्र के बीच कांग्रेस लोकसभा सांसदों की अहम बैठक आज, रणनीति पर होगा मंथन

बजट सत्र के दौरान कांग्रेस के लोकसभा सांसद आज एक अहम बैठक करने जा रहे हैं. यह बैठक सुबह 10:30 बजे संसद परिसर में स्थित कांग्रेस संसदीय दल (Congress Parliamentary Party) कार्यालय में होगी. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में बजट सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति, सरकार को घेरने के मुद्दों और संसद में आगे की कार्यवाही को लेकर चर्चा की जाएगी. कांग्रेस नेतृत्व अपने सांसदों के साथ मौजूदा राजनीतिक हालात और सदन में पार्टी की भूमिका पर भी मंथन कर सकता है. बजट सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं, ऐसे में कांग्रेस की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है.

2026-02-03 02:34 GMT

अंकिता भंडारी हत्याकांड में CBI की एंट्री, कथित ‘VIP’ के खिलाफ दिल्ली में केस दर्ज

उत्तराखंड सरकार की सिफारिश के बाद सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई की है. CBI की दिल्ली स्पेशल क्राइम ब्रांच (ब्रांच-2) ने इस मामले में दिल्ली में औपचारिक रूप से केस दर्ज कर लिया है. यह केस कथित ‘VIP’ की भूमिका की जांच के लिए दर्ज किया गया है, जिसका नाम वायरल ऑडियो-वीडियो में सामने आया था.

अंकिता भंडारी ऋषिकेश स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं. सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी और 24 सितंबर को उनका शव चीला नहर से बरामद हुआ था. इस सनसनीखेज मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और अंकिता गुप्ता को पहले ही आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है.

यह मामला उस वक्त और ज्यादा तूल पकड़ गया, जब सोशल मीडिया पर कुछ कथित ऑडियो और वीडियो क्लिप वायरल हुईं. इन क्लिप्स में ज्वालापुर से बीजेपी के एक पूर्व विधायक की कथित पत्नी उर्मिला सनावर एक ‘VIP’ की संलिप्तता का जिक्र करती नजर आईं. इसके बाद पूरे उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए और CBI जांच की मांग तेज हो गई.

वायरल वीडियो और राज्य में बने हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 जनवरी 2026 को इस मामले की CBI जांच की सिफारिश की थी. अब CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने इस सिफारिश के आधार पर कथित ‘VIP’ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. CBI की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर अंकिता भंडारी हत्याकांड चर्चा के केंद्र में आ गया है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस केस में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.

Similar News