Aaj ki Taja Khabar: भारत रूस से तेल खरीद बंद करेगा, टैरिफ कटौती के बाद ट्रंप का दावा- 2 फरवरी की बड़ी खबरें
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. सोमवार 2 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
भारत रूस से तेल खरीद बंद करेगा, टैरिफ कटौती के बाद ट्रंप का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद करेगा. ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका ने भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है. टैरिफ में कटौती के बाद ट्रंप के इस दावे को भारत-अमेरिका व्यापार और कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
हालांकि, ट्रंप ने अपने इस बयान के पीछे न तो कोई ठोस वजह बताई है और न ही कोई समयसीमा स्पष्ट की है. यह दावा भारत की ऊर्जा नीति और रूस के साथ उसके मजबूत रिश्तों के संदर्भ में खास महत्व रखता है. पिछले कुछ वर्षों में भारत और रूस के बीच तेल और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ा है, जिसे दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी का अहम हिस्सा माना जाता है. ऐसे में ट्रंप का यह बयान अंतरराष्ट्रीय राजनीति और ऊर्जा कूटनीति में नई बहस को जन्म दे सकता है.
भारत पर अमेरिकी टैरिफ में कटौती, मोदी से बातचीत के बाद ट्रम्प का बड़ा ऐलान
अमेरिका ने भारत पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ में राहत देते हुए बड़ा फैसला लिया है. अब भारत पर पहले के 25 प्रतिशत की जगह 18 प्रतिशत एक्स्ट्रा टैरिफ लगेगा, जिससे कुल टैरिफ घटकर 43 प्रतिशत रह जाएगा. यह घोषणा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने की है.
बताया गया है कि यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद लिया गया. टैरिफ में कटौती से भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है और भारतीय निर्यातकों को इससे कुछ राहत मिल सकती है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से की बातचीत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की है. भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने ट्वीट कर यह जानकारी दी.
VB G राम G बिल को लेकर पूंछ में कांग्रेस का प्रदर्शन
जम्मू और कश्मीर के पूंछ में डिस्ट्रिक्ट कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने VB G राम G बिल और स्मार्ट मीटर सहित कई मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार और UT सरकार के खिलाफ DC ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया.
‘हम साथ हैं और साथ रहेंगे’: डीके शिवकुमार का विपक्ष पर पलटवार
बेंगलुरु में बीजेपी नेता और नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि वह साढ़े पांच साल से पार्टी अध्यक्ष रहे हैं और जल्द ही छह साल पूरे होने वाले हैं. उन्होंने कहा कि उनकी ताकत 139 विधायक हैं, जिनमें मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी शामिल हैं. दोनों ने साथ मिलकर काम करने का फैसला किया है और राज्य की जनता से जो वादा किया गया है, उसी के मुताबिक सरकार काम करेगी. उन्होंने साफ कहा कि किसी तरह की कोई भ्रम की स्थिति नहीं है.
डीके शिवकुमार ने कहा कि हर संकट में वह सिद्धारमैया के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे, और मुख्यमंत्री भी उनके हर संकट में साथ देंगे. विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने पूछा कि बीजेपी में अब तक कितने मुख्यमंत्री बदले गए और कितने विधायक बदले गए? उन्होंने कहा कि एक बार तो पूरी कैबिनेट ही बदल दी गई थी. अंत में उन्होंने कहा कि राजनीति संभावनाओं की कला है और उनकी सरकार पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है.
‘राष्ट्रीय सुरक्षा पर चर्चा से इनकार संसदीय परंपराओं के खिलाफ’: मनीष तिवारी
दिल्ली में संसद के भीतर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान को लेकर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सरकार और ट्रेजरी बेंचों पर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सत्तापक्ष संसद की दोनों सदनों की परंपराओं, रीति-रिवाजों और प्रथाओं से अनभिज्ञ नजर आता है. मनीष तिवारी ने कहा कि यह तर्क देना कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर संसद में चर्चा नहीं हो सकती, पूरी तरह गलत और भ्रामक है.
मनीष तिवारी ने ऐतिहासिक उदाहरण गिनाते हुए कहा कि 1947 में पाकिस्तान के जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ के समय संविधान सभा ने हालात पर चर्चा की थी. 1962 के चीन युद्ध के दौरान, 7 से 16 नवंबर तक लोकसभा और राज्यसभा में पूरे एक हफ्ते सीमा हालात पर बहस हुई, जिसमें 165 सांसदों ने हिस्सा लिया. 1965 के युद्ध के समय तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने संसद को लगातार जानकारी दी और 1971 में बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के दौरान प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी संसद को पश्चिमी और पूर्वी मोर्चे की स्थिति से अवगत कराती रहीं.
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा पर चर्चा नहीं होगी, तो फिर ऐसा कौन सा मंच है जहां इस पर बहस की जाएगी. उनके मुताबिक, राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा से बचना न सिर्फ लोकतंत्र, बल्कि संसदीय परंपराओं की भी अवहेलना है.
तकनीकी खराबी के चलते लंदन-बेंगलुरु एयर इंडिया की उड़ान रद्द, बोइंग 787 ग्राउंडेड
लंदन से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दिया गया. जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान में आई तकनीकी दिक्कत के चलते उसे ग्राउंडेड कर दिया गया है, जिसके बाद यह फैसला लिया गया.
बताया गया है कि उड़ान संख्या AI-132 में फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘रन’ से ‘कटऑफ’ स्थिति में जा रहा था, जिससे ईंधन प्रवाह रुकने का खतरा पैदा हो सकता था. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइन ने तुरंत जांच शुरू की है और इस मामले की जानकारी DGCA के साथ विमान निर्माता कंपनी को भी दे दी गई है. एयर इंडिया ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
किन्नौर में हिमस्खलन का खतरा बढ़ा, रिब्बा गांव के पास हुआ हिमस्खलन
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम एजेंसियों की चेतावनी के मुताबिक, अगले 24 घंटों में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम स्तर के हिमस्खलन की आशंका जताई गई है. प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
इसी बीच सोमवार दोपहर करीब 12 बजे रिब्बा गांव के पास पहाड़ी क्षेत्र में, किन्नौर कैलाश पर्वत के नीचे हिमस्खलन हुआ. बर्फ का सैलाब नाले में गिरने के कारण किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई. प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है.
‘राहुल गांधी का व्यवहार असंवैधानिक’: जीतन राम मांझी का हमला
दिल्ली में संसद के भीतर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गलत बातें कह रहे थे और उनका व्यवहार असंवैधानिक था.
जीतन राम मांझी ने सवाल उठाया कि अगर इस तरह की घटनाएं लगातार होती रहीं, तो संसद कैसे चलेगी और संविधान कैसे काम करेगा. उन्होंने कहा कि सदन की मर्यादा और संवैधानिक व्यवस्था का पालन सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है.
आर्थिक तंगी के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों ने की सुसाइड की कोशिश, एक की मौत
झारखंड में एक ही परिवार के तीन सदस्यों द्वारा आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, 24 वर्षीय युवक मिहिर फांसी के फंदे से मृत पाया गया, जबकि उसकी मां स्नेहा अखोरी (50) और बहन ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है.
रांची पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस कदम के पीछे आर्थिक तंगी की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच चल रही है. पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.