Aaj ki Taja Khabar: '24 घंटे हो गए, ना अपराधी पकड़े गए ना सम्राट चौधरी ने दिया इस्तीफा' - राबड़ी देवी
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. शुक्रवार 13 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.;
बिहार में अपराध को लेकर राबड़ी देवी का तीखा हमला, कहा - 24 घंटे हो गए, ना अपराधी पकड़े गए ना सम्राट चौधरी ने दिया इस्तीफा
पटना में बिहार विधानसभा के बाहर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की वरिष्ठ नेता राबड़ी देवी के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. राबड़ी देवी ने राज्य सरकार पर अपराध रोकने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने 24 घंटे में अपराधियों को पकड़ने या इस्तीफा देने की बात कही थी, लेकिन अब तक कोई जवाबदेही तय नहीं हुई. उन्होंने कहा कि बिहार में रोजाना महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ जघन्य अपराध हो रहे हैं, हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार अपराध पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है. राबड़ी देवी ने इसे कानून-व्यवस्था की पूरी तरह से विफलता करार दिया.
'पूरे स्टाफ को खत्म कर दूंगा'; Ranveer Singh और Rohit Shetty को फिर धमकी, लॉरेंस गैंग का कथित ऑडियो वायरल
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को एक बार फिर धमकी मिलने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि गैंगस्टर Lawrence Bishnoi से जुड़े गिरोह की ओर से यह चेतावनी दी गई है. सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो में गैंग के सदस्य बताए जा रहे Harry Boxer की आवाज होने का दावा किया जा रहा है, जिसमें पूरे स्टाफ को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है.
ऑडियो में कथित तौर पर कहा गया है कि यदि बात नहीं मानी गई तो “पूरे स्टाफ को खत्म कर देंगे.” इस धमकी के बाद फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मच गई है. फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और ऑडियो की सत्यता की पड़ताल की जा रही है.
फिल्ममेकर विक्रम भट्ट को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत, करोड़ों की धोखाधड़ी केस में मिली जमानत
सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म निर्माता विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट को राजस्थान पुलिस द्वारा दर्ज किए गए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में अंतरिम जमानत दे दी है. मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत की अगुवाई वाली पीठ ने यह आदेश पारित करते हुए मामले की अगली सुनवाई 19 फरवरी को तय की है. कोर्ट ने फिलहाल दोनों आरोपियों को राहत देते हुए गिरफ्तारी से संरक्षण दिया है, जबकि मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया आगे जारी रहेगी.
‘वंदे मातरम् भारत की आत्मा है, इसका अपमान बर्दाश्त नहीं’ - साक्षी महाराज
दिल्ली में बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने जमीयत-उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष अरशद मदनी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत में रहने वाले हर व्यक्ति को वंदे मातरम् का सम्मान करना ही होगा. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वंदे मातरम् केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और राष्ट्रभावना का प्रतीक है. इसका अपमान करने का अधिकार किसी को नहीं है, चाहे वह कोई भी हो. साक्षी महाराज ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सम्मान से जुड़े प्रतीकों पर सवाल उठाना राष्ट्र के मूल्यों पर चोट करने जैसा है और ऐसे बयानों को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता.
सीमा सिर्फ लकीर नहीं, सभ्यताओं का संगम है फ्रंटियर: CDS अनिल चौहान का बड़ा रणनीतिक बयान
देहरादून में आयोजित भारत हिमालयन स्ट्रैटेजी फोरम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने सीमा (Border) और फ्रंटियर (Frontier) के फर्क को बेहद अहम बताते हुए कहा कि सीमा दो देशों के बीच तय की गई राजनीतिक और कानूनी रेखा होती है, जबकि फ्रंटियर दो सभ्यताओं के मिलने का क्षेत्र होता है. उन्होंने समझाया कि सीमा नक्शे और ज़मीन दोनों पर स्पष्ट रूप से चिन्हित होती है और उसे औपचारिक समझौतों के जरिए तय किया जाता है, जबकि फ्रंटियर परंपराओं, रीति-रिवाजों और ऐतिहासिक उपयोग के आधार पर विकसित होता है.
राहुल गांधी के बयान पर बवाल: सरकार का प्रस्ताव टला, निशिकांत दुबे के मोशन पर अब होगा फैसला
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार राहुल गांधी के खिलाफ प्रस्ताव लाने वाली थी, लेकिन भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा सब्सटेंटिव मोशन लाए जाने के बाद सरकार ने फिलहाल अपना प्रस्ताव वापस ले लिया है. रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने नियमों का उल्लंघन करते हुए एक अप्रकाशित किताब का जिक्र किया और बजट भाषण के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ “देश बिक गया” जैसे आपत्तिजनक बयान दिए. उन्होंने बताया कि अब यह तय किया जाएगा कि इस मामले को विशेषाधिकार समिति (Privilege Committee) या आचार समिति (Ethics Committee) को भेजा जाए या फिर सीधे सदन में चर्चा के लिए लाया जाए. इस पर अंतिम निर्णय लोकसभा अध्यक्ष से चर्चा के बाद लिया जाएगा.
पटना में कोचिंग सेंटर की तीसरी मंजिल से गिरी छात्रा की मौत, परिवारवालों को हत्या का शक
पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में एक निजी कोचिंग संस्थान की इमारत से गिरकर 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, कोचिंग सेंटर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फोरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है.
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने तारीक रहमान को दी बधाई, बोले- बांग्लादेश संग रिश्ते और मजबूत करेगा पाक
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने बांग्लादेश चुनाव में बढ़त बनाने वाले तारिक रहमान को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में बांग्लादेश शांति, प्रगति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ेगा. डार ने यह भी दोहराया कि पाकिस्तान संप्रभु समानता और पारस्परिक सम्मान के आधार पर बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है. साथ ही उन्होंने बांग्लादेश की जनता को सफल लोकतांत्रिक परिवर्तन के लिए बधाई दी.
ढाका से चुनाव आयोग का एलान: “13 फरवरी का चुनाव ऐतिहासिक, पारदर्शिता हमारा पवित्र दायित्व”
ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बांग्लादेश के चुनाव आयुक्त अब्दुल फजल मोहम्मद सनाउल्लाह ने 13 फरवरी को हुए चुनाव को “ऐतिहासिक” बताते हुए सभी राजनीतिक दलों, मीडिया, पर्यवेक्षकों और सुरक्षा बलों का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने कानून का सख्ती से पालन करते हुए पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव कराना अपना पवित्र कर्तव्य माना और उसे सफलतापूर्वक पूरा किया. उन्होंने जनता की भागीदारी के लिए आभार जताया और किसी भी कमी के लिए क्षमा मांगी. साथ ही घोषणा की कि चुनाव अभियान औपचारिक रूप से समाप्त हो चुका है और शेष आंकड़े बाद में साझा किए जाएंगे.
सीवान में पत्रकार रमेश सिंह को बदमाशों ने मारी गोली, शादी से लौटते वक्त हमला, हालत गंभीर
बिहार के सीवान में पत्रकार रमेश सिंह को बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली मार दी. घटना उस समय हुई जब वे एक शादी समारोह से लौट रहे थे. घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामले की पुष्टि करते हुए एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.