Aaj ki Taaza Khabar: रोहिणी आचार्या के बयान पर RJD का पहला रिएक्शन- 'यह परिवार का मामला, नतीजों ने सबको चौंकाया'- पढ़ें 17 नवंबर की बड़ी खबरें

( Image Source:  ANI )
By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 17 Nov 2025 9:13 PM IST

Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. सोमवार 17 नवंबर 2025 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्‍या-क्‍या खास रहा, साथ ही हर बड़ी खबर को जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.

Live Updates
2025-11-17 14:54 GMT

तेलंगाना के निजामाबाद से BJP सांसद अरविंद धर्मपुरी को दिल्ली तलब, केंद्रीय नेतृत्व ने बुलाया: सूत्र

सूत्रों के मुताबिक, तेलंगाना के निजामाबाद से बीजेपी सांसद अरविंद धर्मपुरी को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने तुरंत दिल्ली तलब किया है. माना जा रहा है कि उनसे राज्य की राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर अहम चर्चा होगी. रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली बुलावे को आगामी रणनीतिक फैसलों से भी जोड़कर देखा जा रहा है.

2025-11-17 13:39 GMT

रोहिणी आचार्या के बयान पर RJD का पहला रिएक्शन- 'यह परिवार का मामला, नतीजों ने सबको चौंकाया'

RJD नेता रोहिणी आचार्या के बयान पर पार्टी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि यह पूरा मामला परिवार के भीतर का है. RJD परिवार बैठकर इन सभी बातों पर चर्चा करेगा. इस तरह की स्थितियां वाकई चौंकाने वाली हैं. किसी ने इसकी कल्पना भी नहीं की थी. जिन्होंने वोट डाले, वे भी हैरान हैं कि वोट गए तो आखिर कहां गए..."

2025-11-17 12:43 GMT

'EVM से हुआ वोट का खेल, खुलकर बंटी थी रकम'- बिहार RJD प्रमुख मंगनी लाल मंडल का बड़ा आरोप

बिहार विधानसभा चुनाव नतीजों पर पार्टी बैठक के दौरान RJD प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा, "वोट का खेल EVM के जरिए हुआ है… 10,000 रुपए वाली बात तो सिर्फ दिखावा थी. चुनाव से पहले खुलेआम पैसे बांटे गए… निष्पक्ष चुनाव के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल होना चाहिए."

2025-11-17 12:29 GMT

बिहार की जनता स्तब्ध है... रोहिणी आचार्य के बयान पर बोले बीजेपी सांसद मनोज तिवारी

आरजेडी प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के बयान पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "यह सुनकर ही डर लगता है... संजय और रमीज जैसे नाम आना एक ऐसी मानसिकता को दर्शाता है जो किसी भी सभ्य परिवार में नहीं होनी चाहिए. अगर घर में बहन-बेटी को चप्पल से मारा जा सकता है, तो यह कैसी मानसिकता है? बिहार की जनता स्तब्ध है... कानून मौजूद है और ऐसी स्थिति में सभी को शिकायत दर्ज करानी चाहिए. चाहे घरेलू हिंसा हो या सामाजिक हिंसा, सभ्य समाज में इसकी कोई जगह नहीं है. शिकायत मिलने पर पूरी कार्रवाई की जाएगी."

2025-11-17 12:26 GMT

दिल्ली ब्लास्ट केस में मरने वालों की संख्या पहुंची 15

दिल्ली ब्लास्ट केस में मरने वालों की संख्या अब 15 हो गई है. दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी.  लाल किले के पास 10 नवंबर को  एक कार में ब्लास्ट हुआ था, जिसमें कई लोग घायल हो गए. 

2025-11-17 11:57 GMT

डअल PAN कार्ड केस: आज़म खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म को 7 साल की सज़ा, बोले- 'पहले से आरोपी समझ रखा था इसलिए जेल भेज दिया’

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म खान को डुअल PAN कार्ड मामले में 7 साल की सज़ा सुनाई गई है. कोर्ट ने दोनों को दोषी मानते हुए यह फैसला सुनाया. सज़ा के बाद आज़म खान ने कहा, “उन्होंने पहले ही सोच लिया था कि मैं दोषी हूं, इसलिए मुझे जेल की सज़ा दे दी गई…” यह मामला लंबे समय से चल रहा था, जिसमें पिता-पुत्र पर दो पैन कार्ड रखने का आरोप था. कोर्ट के फैसले के बाद इसे सियासी हलकों में बड़ा झटका माना जा रहा है.

2025-11-17 11:38 GMT

'RJD प्राइवेट लिमिटेड बनी NPA', रोहिणी आचार्या के बयान पर भड़के गिरिराज सिंह- कहा सरकार को लालू-राबड़ी की सुरक्षा पर सतर्क रहना चाहिए

RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या के बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, “RJD एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है, बिल्कुल वैसे ही जैसे कांग्रेस पिछले 78 साल से चल रही है. ऐसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां कभी भी NPA (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) बन सकती हैं. बिहार में भी RJD NPA में बदल गई और अब उसमें हिस्सेदारी को लेकर टकराव शुरू हो गया है.”

गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि उन्हें सचमें डर है कि कहीं लालू यादव और राबड़ी देवी की जान को खतरा न हो. “रोहिणी आचार्या ने जिस तरह परिवार के बारे में बातें कही हैं, उसे देखकर लगता है कि सरकार को इस मामले में सतर्क रहना चाहिए,” उन्होंने कहा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर बोलते हुए गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल की स्थिति को लेकर भी हमला बोला. उन्होंने कहा, “वहां रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के लिए रेड कार्पेट बिछा दिया गया है. हिंदू समाज डरा हुआ है... वहां भी जंगलराज है. अब इस जंगलराज के अंत की शुरुआत हो चुकी है.”

2025-11-17 11:09 GMT

बांग्लादेश में शेख हसीना को मिली मौत की सज़ा पर बोले भारत के पूर्व राजनयिक-‘फैसला चौंकाने वाला नहीं, सबूत बेहद कमजोर’

बांग्लादेश की अदालत ने बेदखल पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को पिछले साल हुए छात्र-नेतृत्व वाले विद्रोह पर घातक कार्रवाई का आदेश देने के आरोप में मौत की सज़ा सुनाई है. कई महीनों तक चले इस मुकदमे के बाद अदालत ने उन्हें दोषी माना और फैसला सुना दिया. दिल्ली में भारत के पूर्व राजनयिक अशोक सज्जनहार ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा "...यह तो पहले से ही अनुमानित था कि आईसीटी (इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल) ऐसा ही अंतिम फैसला देगा. इसमें कोई हैरानी नहीं है... शेख हसीना ने शुरू से कहा है कि इतने लोगों की मौत होना दुखद और त्रासद है, लेकिन इसमें उनकी कोई व्यक्तिगत भूमिका नहीं थी. उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ न तो अभियोजन पक्ष और न ही आरोप लगाने वालों की ओर से कोई ठोस सबूत अदालत में पेश किया गया..."

उन्होंने फैसले की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े किए. सज्जनहार ने कहा कि जो व्यक्ति यह फैसला सुना रहा है, वह कहता है कि सबूत genuine लगते हैं. लेकिन यदि कोई भी सबूत यह साबित नहीं करता कि कोई व्यक्ति 110% शामिल था, तो उसे मौत की सज़ा नहीं दी जानी चाहिए. मेरी नज़र में यह फैसला बहुत कमजोर आधार पर दिया गया प्रतीत होता है..." पूर्व राजनयिक के बयान के बाद यह मामला और विवादों में घिर गया है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस फैसले की न्यायिक निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

2025-11-17 10:46 GMT

राघोपुर से RJD विधायक तेजस्वी यादव बने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष

राघोपुर से आरजेडी विधायक तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुना गया है. पार्टी विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया. तेजस्वी ने इससे पहले उपमुख्यमंत्री के तौर पर काम किया था और अब विपक्ष के नेता की भूमिका निभाते हुए नीतीश सरकार को घेरने की तैयारी में हैं. आरजेडी नेताओं का मानना है कि तेजस्वी के नेतृत्व में विपक्ष और मजबूत होगा तथा विधानसभा के भीतर सरकार की नीतियों और फैसलों पर आक्रामक तरीके से सवाल उठाए जाएंगे.

2025-11-17 09:25 GMT

दो पैनकार्ड केस में पूर्व मंत्री आज़म खान और अब्दुल्ला को 7 साल की सजा, कोर्ट ने सुनाया फैसला

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आज़म खान को उनके बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आज़म के साथ मंगलवार को एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट ने दो पैनकार्ड मामले में दोषी करार देते हुए 7 साल की कैद और 50 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई. फैसला आते ही दोनों को न्यायिक हिरासत में ले लिया गया. यह मामला वर्षों से चल रहा था और कोर्ट ने सभी तथ्यों की जांच के बाद यह बड़ा निर्णय सुनाया है.

यह पूरा मामला वर्ष 2019 का है, जब भाजपा नेता आकाश सक्सेना ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अब्दुल्ला आज़म के पास दो अलग-अलग पैनकार्ड हैं और इसमें आज़म खान की भी भूमिका है. अदालत के फैसले के बाद आकाश सक्सेना ने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और आज के निर्णय से सिद्ध हो गया कि “सत्य की हमेशा जीत होती है.” यह फैसला आज़म खान के राजनीतिक जीवन में एक और बड़ा झटका माना जा रहा है.

Similar News