Aaj ki Taaza Khabar: इंडिगो फ्लाइट कैंसिलेशन पर बोले केंद्रीय उड्डयन मंत्री- 'स्थिति सुधर रही है, कल से हालात सामान्य होने की उम्मीद'- पढ़ें 5 नवंबर की बड़ी खबरें
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. शुक्रवार 5 दिसंबर 2025 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, साथ ही हर बड़ी खबर को जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.;
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. शुक्रवार 5 दिसंबर 2025 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, साथ ही हर बड़ी खबर को जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
कोल्लम में बड़ा हादसा: अधूरे हाईवे की दीवार गिरी, स्कूल बस समेत कई वाहन दबे
केरल के कोटिय्यम–मेलक्कड के पास बन रहे राष्ट्रीय राजमार्ग की रिटेनिंग वॉल अचानक ढह गई और सर्विस रोड पर गिर पड़ी. हादसे के बाद एक स्कूल बस सहित कई वाहन मलबे के नीचे फंसे हुए हैं. यह दुर्घटना कडमपट्टुकोनम–कोल्लम सेक्शन में हुई. प्रशासन हालात का आकलन कर रहा है और राहत व मलबा हटाने का काम जारी है.
इंडिगो फ्लाइट कैंसिलेशन पर बोले केंद्रीय उड्डयन मंत्री- 'स्थिति सुधर रही है, कल से हालात सामान्य होने की उम्मीद'
केंद्र के नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किन्जरापु ने इंडिगो की उड़ान रद्द होने से पैदा हुए भारी संकट पर ताज़ा अपडेट देते हुए कहा कि हालात अब धीरे-धीरे सुधरने लगे हैं. उनका कहना है कि पिछले दो दिनों से जो बैकलॉग जमा हो गया था, उसे लगभग पूरी तरह क्लियर कर दिया गया है.
मंत्री ने कहा कि “...आज हम देख रहे हैं कि स्थिति बेहतर हो रही है. पिछले दो दिनों का बैकलॉग क्लियर कर दिया गया है. कल से हम उम्मीद कर रहे हैं कि हालात सामान्य होने लगेंगे. एयरपोर्ट्स पर अब भीड़ या लंबा इंतज़ार नहीं होना चाहिए. इंडिगो जितने ऑपरेशंस तुरंत शुरू कर सकती है, वह शुरू करेगी...” मंत्री के बयान के बाद यात्रियों में राहत की उम्मीद बढ़ गई है, क्योंकि बीते दिनों हजारों यात्रियों को देरी और कैंसिलेशन की वजह से भारी परेशानी झेलनी पड़ी थी.
राष्ट्रपति भवन में पुतिन का भव्य स्वागत, पीएम मोदी ने भारत-रूस संबंधों को बताया मजबूत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति पुतिन के भव्य स्वागत की झलकियां. राष्ट्रपति पुतिन ने भारत-रूस के मजबूत संबंधों के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दिखाई है और इस रिश्ते को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. पिछले 25 वर्षों में भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी में दुनिया ने कई बदलाव देखे हैं, लेकिन हमारी दोस्ती केवल और मजबूत हुई है."
आज 1000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं, 5-10 दिन में हालात सामान्य होंगे: इंडिगो सीईओ
इंडिगो की उड़ान सेवाओं में बड़े पैमाने पर आई गड़बड़ियों पर कंपनी के CEO पीटर एल्बर्स ने आधिकारिक बयान जारी किया है. उन्होंने साफ कहा कि पूरी तरह सामान्य स्थिति में लौटने में अभी कुछ समय लगेगा, लेकिन कंपनी उम्मीद कर रही है कि 10 से 15 दिसंबर के बीच हालात पूरी तरह पटरी पर आ जाएंगे. एल्बर्स ने 5 दिसंबर को इंडिगो के इतिहास का सबसे खराब दिन बताया.
उन्होंने कहा कि "5 दिसंबर सबसे ज्यादा प्रभावित दिन था, जिसमें 1000 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. इससे हमारे ग्राहकों को जो असुविधा हुई, उसके लिए हम अपनी ओर से गहरा खेद व्यक्त करते हैं… FDTL इम्प्लीमेंटेशन में मिली राहत हमारे लिए बेहद उपयोगी है… पूरी तरह सामान्य स्थिति में लौटने में कुछ समय लगेगा, लेकिन हमें उम्मीद है कि यह 10-15 दिसंबर के बीच संभव हो जाएगा."
अखिलेश यादव का सवाल- जब सब Aadhaar से जुड़ा है, तो वोटर लिस्ट क्यों नहीं?
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने SIR के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर बड़ा सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि जब देश में लगभग हर जरूरी दस्तावेज और सुविधा आधार कार्ड से लिंक है, तो वोटर लिस्ट को आधार से जोड़ने में दिक्कत क्या है? अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर जनता को परेशान रखना चाहती है. उन्होंने कहा, "जब आधार कार्ड में पूरा डॉक्यूमेंटेशन है, उसमें बैंक अकाउंट, ड्राइविंग लाइसेंस, जमीन का रजिस्ट्रेशन, मेडिकल सुविधाएं, पासपोर्ट—सब कुछ आधार से लिंक है, तो फिर वोटर लिस्ट को आधार कार्ड से क्यों नहीं जोड़ रहे? ये लोग जनता को परेशान करना चाहते हैं."
इंडिगो सेवा बाधित होने पर केंद्र का बड़ा फैसला- DGCA के FDTL आदेश तत्काल प्रभाव से स्थगित
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बड़ा निर्णय लेते हुए बताया कि DGCA की Flight Duty Time Limitations (FDTL) संबंधी आदेशों को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है. मंत्रालय के अनुसार, यह फैसला यात्रियों के हित में लिया गया है, खासकर वरिष्ठ नागरिकों, छात्रों, मरीजों और उन सभी लोगों के लिए जो जरूरी कामों के लिए समय पर हवाई यात्रा पर निर्भर रहते हैं. मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस फैसले से एयर सेफ्टी से कोई समझौता नहीं किया गया है.
मंत्रालय ने कहा कि “इसके अलावा कई परिचालन संबंधी कदम तुरंत लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि एयरलाइन सेवाएं जल्दी सामान्य हो सकें और यात्रियों को हो रही परेशानी में कमी आए. हमें उम्मीद है कि इन निर्देशों के लागू होते ही उड़ानों की समय-सारणी कल से स्थिर होने लगेगी और तीन दिनों में पूरी तरह सामान्य हो जाएगी.”
इंडिगो सेवाओं में भारी अव्यवस्था के बाद केंद्र सरकार ने उच्च-स्तरीय जांच का भी आदेश दिया है. मंत्रालय ने कहा कि यह जांच इंडिगो में हुई गड़बड़ियों की परतें खोलेगी और जहां जिम्मेदारी तय होगी, वहां उचित कार्रवाई की जाएगी. मंत्रालय के अनुसार “यह हाई-लेवल जांच यह पता लगाएगी कि इंडिगो में क्या गलत हुआ, किसकी जिम्मेदारी बनती है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए क्या सुधार किए जाएं- जिससे यात्रियों को ऐसी मुश्किलों का सामना न करना पड़े.”
PM मोदी का बड़ा एलान- “डिफेंस, स्पेस के बाद अब सिविल-न्यूक्लियर सेक्टर भी प्राइवेट सेक्टर के लिए खुलेगा, ये सिर्फ एडमिनिस्ट्रेटिव नहीं, माइंडसेट रिफॉर्म है”
दिल्ली में आयोजित इंडिया-रूस बिज़नेस फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “डिफेंस और स्पेस सेक्टर को प्राइवेट सेक्टर के लिए खोल दिया गया है. इससे इन क्षेत्रों में नए अवसर पैदा हुए हैं. अब हम सिविल-न्यूक्लियर सेक्टर में भी नए संभावनाओं के द्वार खोलने जा रहे हैं. यह सिर्फ प्रशासनिक सुधार नहीं, बल्कि सोच में बदलाव है. इन सभी सुधारों के पीछे एक ही संकल्प है- विकसित भारत.”
PM मोदी ने भारत-रूस साझेदारी को नई गति देने के लिए कई प्रस्ताव भी रखे. उन्होंने कहा कि “लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में, आज की बैठक में राष्ट्रपति पुतिन और मैंने कनेक्टिविटी की पूरी क्षमता का लाभ उठाने पर जोर दिया. हम INSTC, नॉर्दर्न सी रूट यानी चेन्नई-व्लादिवोस्तोक कॉरिडोर पर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं. जल्द ही इस दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी. इससे ट्रांजिट टाइम घटेगा, लागत कम होगी और कारोबार के लिए नए मार्केट खुलेंगे."
डिजिटल इकोनॉमी की भूमिका पर PM मोदी ने आगे कहा कि “डिजिटल टेक्नोलॉजी की ताकत से हम कस्टम, लॉजिस्टिक्स और रेगुलेटरी सिस्टम्स को वर्चुअल ट्रेड कॉरिडोर के जरिए जोड़ सकते हैं. इससे कस्टम क्लियरेंस तेज होगा, कागज़ी कार्रवाई कम होगी और कार्गो मूवमेंट और सुगम बनेगा.”
इंडिया-रूस बिज़नेस फोरम में बोले पुतिन- 'भारत में फरवरी 2026 में होने वाले AI समिट में हिस्सा लेने में रूस की गहरी रुचि'
इंडिया-रूस बिज़नेस फोरम के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, 'रूस भारत में फरवरी 2026 में होने वाले AI समिट में भाग लेने में दिलचस्पी रखता है.” पुतिन ने यह भी जोर दिया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भविष्य की वैश्विक प्रतिस्पर्धा और रणनीतिक सहयोग का सबसे बड़ा केंद्र बनने वाला है, और इस क्षेत्र में भारत के साथ साझेदारी को रूस बेहद महत्वपूर्ण मानता है.
मुर्शिदाबाद को अयोध्या बनाना चाहते हैं हुमायूं कबीर : मौलाना शाहाबुद्दीन रिज़वी
TMC विधायक हुमायूं कबीर के निलंबन पर प्रतिक्रिया देते हुए ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के प्रमुख मौलाना शाहाबुद्दीन रिज़वी बरेलवी ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि “हुमायूं कबीर मुर्शिदाबाद को अयोध्या बनाना चाहते हैं.” मौलाना रिज़वी ने आगे कहा कि भारत का संविधान हर धर्म को पूजा स्थल बनाने की अनुमति देता है, लेकिन यह काम कानून की सीमाओं के भीतर रहकर ही होना चाहिए. उन्होंने अपील करते हुए कहा, “कानूनी दायरे में रहते हुए मस्जिद बनाना आपका अधिकार है, लेकिन ऐसे कदम नहीं उठाने चाहिए जो सामाजिक तनाव या सांप्रदायिक माहौल को बिगाड़ें.”
पुतिन बोले - भारत का स्वागत अविस्मरणीय, PM मोदी द्वारा दिए गए डिनर के लिए धन्यवाद
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया. पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उनके सम्मान में आधिकारिक आवास पर दिए गए रात्रिभोज के लिए भी धन्यवाद दिया और कहा कि भारत की मेहमाननवाज़ी ने उनके दौरे को और खास बना दिया.