उससे बेहतर कोई नहीं! Ranbir Kapoor रामायण की एक्ट्रेस Sai Pallavi पर फिदा, जमकर की तारीफ

'रामायण' के टीजर में रणबीर कपूर का राम रूप सामने आते ही फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. साई पल्लवी और यश के किरदारों की झलक ने फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है.

Ranbir Kapoor praised Sai Pallavi(Image Source:  Instagram: saipallavi.senthamarai, ranbir__kapoor82 )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 3 April 2026 12:19 PM IST

रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की फिल्म 'रामायण' (Ramayana) इस साल की सबसे ज्यादा चर्चित और मचअवेटेड फिल्मों में से एक है. यह फिल्म दो भागों में रिलीज होने वाली है. इसका पहला भाग इस साल दिवाली के खास मौके पर सिनेमाघरों में आने वाला है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं. हनुमान जयंती के पावन अवसर पर फिल्म का पहला टीजर जारी किया गया, जिसमें रणबीर कपूर के राम वाले लुक को पहली बार दिखाया गया. फिल्म में साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी मां सीता की भूमिका में नजर आएंगी.

टीजर लॉन्च इवेंट में रणबीर कपूर ने अपनी को-एक्ट्रेस साई पल्लवी की बहुत तारीफ की. उन्होंने कहा कि सीता के रोल के लिए साई पल्लवी से बेहतर कोई एक्ट्रेस नहीं हो सकती थी. रणबीर ने आगे कहा, 'हम सभी जानते हैं कि साई एक बहुत ही टैलेंटेड और ब्रिलिएंट एक्टर हैं. उन्होंने अपने करियर में बहुत कुछ हासिल किया है. मुझे अच्छी तरह याद है कि जब पहली बार मैंने उन्हें 'सीता' के रूप में देखा, तो मैंने निर्देशक नितेश तिवारी सर की तरफ देखा. हम दोनों को तुरंत समझ आ गया कि उनसे बेहतर किसी और को इस भूमिका के लिए चुना ही नहीं जा सकता था.'

यश की तारीफ़ में क्या बोले रणबीर कपूर?

रणबीर कपूर ने अपने दूसरे को-एक्टर यश की भी खूब तारीफ की. यश रावण का किरदार निभा रहे हैं. रणबीर ने कहा कि यश के पास जो स्टारडम है, वो बेमिसाल है. रावण जैसे शक्तिशाली और ग्रैंड किरदार को निभाने के लिए ठीक उसी तरह के एक्टर की जरूरत होती है, जिसमें दमदार ऑरा हो, स्क्रीन पर जबरदस्त प्रभाव हो और स्ट्रांग प्रजेंस हो. यश में ये सभी गुण मौजूद हैं. अभी तक टीजर में केवल रणबीर कपूर का राम वाला लुक ही पूरा दिखाया गया है. लेकिन साई पल्लवी के सीता रूप और यश के रावण रूप को अभी पूरी तरह से नहीं दिखाया गया है. सिर्फ रावण की एक झलक ही टीजर में है, जिसमें उनका चेहरा छिपा हुआ है. फिर भी फैंस उस छोटी सी झलक को देखकर बहुत एक्साइटेड हैं.

कब रिलीज होगी फिल्म 

अब सभी को साई पल्लवी के सीता लुक और यश के रावण लुक का बेसब्री से इंतजार है. फिल्म को दो पार्ट्स में रिलीज किया जाएगा. दोनों पार्ट्स का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जो इसे भारतीय सिनेमा के सबसे महंगे प्रोजेक्ट्स में शामिल करता है.  इस फिल्म में रणबीर कपूर और साई पल्लवी के अलावा यश तो हैं ही, साथ में रवि दुबे, सनी देओल, अरुण गोविल, लारा दत्ता, इंदिरा कृष्णन, फैसल मलिक, कुणाल कपूर, मोहित रैना और रकुलप्रीत सिंह जैसे अनुभवी और लोकप्रिय कलाकार भी नजर आएंगे. 

Similar News