सक्सेस के बारें में ज्यादा मत सोचो! Priyanka Chopra ने बताया अपने खुश रहने का राज, काम को लेकर नहीं लेती ज्यादा तनाव

प्रियंका चोपड़ा का कहना है कि पुरानी कामयाबियों पर रुक जाना करियर के लिए खतरनाक हो सकता है. वह इन दिनों अपनी नई एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘द ब्लफ’ को लेकर चर्चा में हैं.

( Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 20 Feb 2026 9:10 AM IST

प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) का सफर सच में कमाल का है. कोई भी एक्टर ऐसा सपना देखता है कि वो इतनी ऊंचाइयों तक पहुंचे. मिस वर्ल्ड का ताज जीतने से लेकर बॉलीवुड में धमाल मचाने तक और फिर हिम्मत करके हॉलीवुड में अपनी जगह बनाने तक प्रियंका ने दोनों ग्लोबल लेवल पर अपना नाम रोशन किया है. लेकिन जब उनसे पूछा जाता है कि क्या वो कभी रुककर अपनी इन बड़ी-बड़ी कामयाबियों पर गर्व महसूस करती हैं या उन्हें याद करके खुश होती हैं तो उनका जवाब बहुत साफ और सीधा होता है.

हाल ही में एएनआई से बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि वो अपनी सफलताओं पर कभी आराम नहीं करतीं. वो मानती हैं कि अगर आप पिछले कामयाबी पर बैठकर सोचते रहोगे कि 'वाह, मैंने तो बहुत कुछ कर लिया', तो ये चीज आपको आगे बढ़ने से रोक सकती है. ये सोच आपको परेशान कर देती है और कभी-कभी तो खतरनाक भी साबित हो सकती है.

सक्सेस पर क्या ख्याल है प्रियंका का?

प्रियंका ने कहा, 'आप अपनी सफलता पर आराम नहीं कर सकते. मैंने कभी ऐसा नहीं किया. अगर आप लंबे समय तक इस फील्ड में टिके रहना चाहते हैं, लगातार आगे बढ़ना चाहते हैं और एक ऐसा करियर बनाना चाहते हैं जो सालों-साल चले, तो आपको हमेशा खुद को बेहतर बनाने पर फोकस करना पड़ता है. मैं बस इसी पर ध्यान देती हूं. मैं ये नहीं सोचती कि मैं कहां तक पहुंच गई हूं. इसके बारे में ज्यादा सोचने से आप भटक जाते हैं.'

कैसे रखती है खुद को खुश?

प्रियंका की ये सोच बताती है कि वो कितनी मेहनती और फोकस्ड हैं. वो अपनी पुरानी अचीवमेंट्स को याद करके नहीं बैठतीं, बल्कि रोजाना की छोटी-छोटी खुशियों में ज्यादा मजा लेती हैं. उन्हें सबसे ज्यादा अच्छा लगता है परिवार के साथ वक्त बिताना अपने प्यारे कुत्तों को घुमाना, और सेट पर जाकर अच्छा काम करना. वो कहती हैं, 'मुझे अपनी जिंदगी का पूरा आनंद लेना पसंद है. परिवार के साथ समय बिताना अच्छा लगता है. कुत्तों को टहलाना अच्छा लगता है. शूटिंग पर जाकर अच्छी फिल्म बनाना अच्छा लगता है. आपसे बात करना, अपनी फिल्म का प्रमोशन करना अच्छा लगता है. मजेदार और स्टाइलिश कपड़े पहनना भी अच्छा लगता है. मैं बस इन साधारण चीजों पर ध्यान देती हूं.'

प्रियंका का वर्क फ्रंट 

प्रियंका ने आगे कहा, 'हां, तारीफें मिलना बहुत अच्छा लगता है, ये प्रेरणा देता है, इसमें कोई शक नहीं. लेकिन मैं बैठकर सिर्फ इनके बारे में नहीं सोचती रहती.' काम की बात करें तो प्रियंका अब अपनी नई फिल्म 'द ब्लफ' में नजर आने वाली हैं. ये फिल्म फ्रैंक ई. फ्लावर्स ने डायरेक्ट की है और ये एक हाई-ऑक्टेन एक्शन से भरी हुई थ्रिलर है. फिल्म केमैन आइलैंड्स में शूट हुई है, जहां प्रियंका कार्ल अर्बन के साथ तलवारबाजी और बंदूक चलाने जैसे दमदार एक्शन सीन करती दिखेंगी. ये फिल्म 25 फरवरी 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो रही है. प्रियंका इसमें न सिर्फ लीड रोल में हैं, बल्कि प्रोड्यूसर के तौर पर भी जुड़ी हुई हैं, जो उनके करियर का एक और बड़ा कदम है. 

Similar News