Arijit Singh ने दिया अपने फैंस को बड़ा सरप्राइज, शिवरात्रि से पहले रिलीज किया अपना इंडिपेंडेंट सॉन्ग Oh Shiv Mere
27 जनवरी को प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेने वाले अरिजीत सिंह ने अब ‘ओह शिव मेरे’ नाम से इंडी शिव भजन रिलीज़ कर सबको चौंका दिया है. सोशल मीडिया पर बिना प्रचार आए इस गाने को लाखों लोग सुन चुके हैं और फैंस इमोशनल रिएक्शन दे रहे हैं.;
अरिजीत सिंह (Arijit Singh) की हालिया खबर ने पूरे देश को हैरान कर दिया था, जब उन्होंने अपना रिटायरमेंट अनाउंस किया था. फैंस को लगा कि वह सिंगर की आवाज नहीं सुन पाएंगे. लेकिन बस कुछ ही दिनों बाद, 9 फरवरी 2026 को उन्होंने एक सरप्राइज दिया. उन्होंने अपना पहला इंडिपेंडेंट गाना रिलीज़ किया, वो भी कोई तेज़-तर्रार पार्टी सॉन्ग नहीं, बल्कि एक बहुत सुंदर शिव भजन 'ओह शिव मेरे'.
ये भजन महाशिवरात्रि से ठीक पहले आया है, जो भगवान शिव को डेडिकेटेड है. गाने के बोल बहुत ही डीप और स्पिरिचुअल हैं, जिन्हें मशहूर गीतकार कुमार ने लिखा है. म्यूजिक कंपोज़ किया है मंदीप पंघाल ने. गिटार और दूसरे म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स में शोमू सील और स्वास्तिक शुभम ने कमाल किया है. कोरस (ग्रुप सिंगिंग) में पीयूष रंजन, साक्षी होलकर, सोनम पाठक और मंदीप पंघाल ने अपनी आवाज़ दी है.
कोई प्रमोशन नहीं
ये म्यूजिक वीडियो यूट्यूब पर 9 फरवरी को रिलीज़ हुआ और अब तक 1 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. अरिजीत ने इस गाने का प्रमोशन अपने सोशल मीडिया पर बिल्कुल नहीं किया, जहां उनके करोड़ों फॉलोअर्स हैं. लेकिन गीतकार कुमार ने अपने एक्स अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'इस गाने को अपनी दिव्य आवाज से नवाज़ने के लिए अरिजीत सिंह का धन्यवाद.'
ख़ुशी से झूमें फैंस
जैसे ही फैंस ने ये भजन सुना, सोशल मीडिया पर खुशी की लहर दौड़ गई. लोग कमेंट्स में लिख रहे हैं- 'अरिजीत की आवाज़ में ये भजन सुनकर ऐसा लग रहा है जैसे सीधे दिल में उतर गया हो. इसमें जो आध्यात्मिकता है, वो कमाल की है.' एक ने कहा, 'अरिजीत भजन गा रहे हैं?सच में? ये तो सरप्राइज ऑफ द ईयर है.' दूसरे ने कहा, 'अरिजीत सिंह वापस अपने राज में लौट आए हैं.' एक अन्य ने कहा, 'हर बार कुछ नया और ताज़ा लेकर आते हैं अरिजीत। ये भजन सुनकर मन शांत हो गया. कई फैंस हैरान थे कि अचानक प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के बाद वो भक्ति गीत लेकर आए, लेकिन ज्यादातर ने इस कदम की तारीफ की. सब कह रहे हैं कि अरिजीत की आवाज़ में भजन सुनना एक अलग ही सुकून देता है.
सिंगर की दिल तोड़ने वाली अनाउंसमेंट
अरिजीत सिंह वो सिंगर हैं जिनकी आवाज़ ने लाखों दिलों को छुआ है, और जिनके गाने रोज़ाना हर किसी की ज़िंदगी का हिस्सा बन गए थे. लेकिन जनवरी 2026 में उन्होंने एक बड़ा फैसला लिया और प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की घोषणा कर दी. 27 जनवरी 2026 को अरिजीत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाली. उसमें उन्होंने बहुत प्यार से लिखा कि, 'इन सालों में इतना प्यार देने के लिए आप सभी फैंस का बहुत-बहुत धन्यवाद. मुझे खुशी है कि अब से मैं प्लेबैक सिंगिंग के रूप में कोई नया काम नहीं लूंगा. मैं इस सफर को अलविदा कह रहा हूं. ये एक शानदार सफर रहा.' उन्होंने ये साफ नहीं बताया कि आखिर ऐसा फैसला क्यों लिया, लेकिन इंडस्ट्री में अफवाहें चल रही हैं कि बॉलीवुड के प्लेबैक सिंगिंग वाले सिस्टम में कुछ पक्षपात और पॉलिटिक्स की वजह से वो थक गए थे. फिर भी, अरिजीत ने ये भी कहा कि वो संगीत छोड़ नहीं रहे हैं. वो अब इंडिपेंडेंट म्यूजिक (अपने तरीके से गाने-बनाना) पर फोकस करेंगे.