इसे ऐसी मौत दो! Vir Das को मिली जान से मारने की धमकी, भारत पर की थी विवादित टिप्पणी
लोकसभा में अभिषेक बनर्जी ने वीर दास के पुराने ‘दो भारत’ मोनोलॉग का जिक्र किया, जिसके बाद वीडियो फिर वायरल हो गया. DM में मिली धमकी पर वीर दास ने गुस्से की जगह व्यंग्यात्मक अंदाज में जवाब दिया.
एक्टर और मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन वीर दास (Vira Das) एक बार फिर सोशल मीडिया पर बहस के केंद्र में आ गए हैं. हाल ही में लोकसभा में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपने भाषण के दौरान वीर दास के पुराने विवादित 'दो भारत' वाले एकालाप (मोनोलॉग) का जिक्र किया. उन्होंने यूनियन बजट पर बोलते हुए कहा कि वीर दास ने 2021 में अमेरिका के केनेडी सेंटर में खड़े होकर भारत के दो अलग-अलग चेहरों की बात की थी एक तरफ अच्छा भारत और दूसरी तरफ कुछ बुरी बातें.
अभिषेक बनर्जी ने इसे एक तरह से चेतावनी या देश की सच्चाई दिखाने वाला बताया. इस स्पीच के बाद वीर दास का वो पुराना वीडियो क्लिप फिर से वायरल हो गया. लोग सोशल मीडिया पर उसे दोबारा शेयर करने लगे, जिससे पुरानी बहस फिर से शुरू हो गई. वीर दास ने खुद हैरानी जताई और एक्स पर लिखा, 'संसद में? सचमुच? ये तो कल रात हुआ! साथ में उन्होंने उस क्लिप का वीडियो भी शेयर किया.
ऐसी मौत दो
इस नई चर्चा के कारण वीर दास को फिर से कुछ लोगों की गुस्से भरी प्रतिक्रियाएं मिली. एक व्यक्ति ने उन्हें डायरेक्ट मैसेज (DM) में बहुत गंदी-गाली-गलौज भरी भाषा में धमकी दी. मैसेज में लिखा था, 'मार डालो, ऐसी मौत मारो जिसका कोई अफसोस न करें, और साथ में और भी अपशब्द.'
क्या रहा वीर दास का जवाब?
वीर दास ने गुस्सा होने की बजाय मजाकिया अंदाज में इसका जवाब दिया. उन्होंने उस DM का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए एक लंबा, पोएटिक स्टाइल में पोस्ट लिखा. उन्होंने लिखा, 'आह्ह्ह्ह... वो कोमल शब्द जो पतझड़ की हवा में पंख की तरह आपके पास आते हैं... हर बार जब 'दो भारत' वाला भाषण फिर से वायरल होता है... क्योंकि कोई उसे याद करके कहता है कि कितना सच था... दयालुता हवा में ऐसे भर जाती है जैसे सूरज की पहली किरणें आपके DM में घुसती हैं... व्यूज ऐसे बढ़ते हैं जैसे गौरैया नम बादल की तरफ उड़ती है और थोड़ी देर के लिए शाखा पर बैठकर अपना देशभक्ति गीत गाती है... एक तोहफा.' यानी उन्होंने बहुत ही व्यंग्य से कहा कि ऐसे मैसेज मिलना उनके लिए अब आम बात हो गई है, जैसे कोई उपहार.
'दो भारत' एकालाप का पुराना विवाद क्या था?
ये सब 2021 की बात है. वीर दास ने अमेरिका में एक स्टैंड-अप शो में 'I come from two Indias' कहकर भारत के दो अलग-अलग पहलुओं की बात की थी. एक तरफ वो भारत जहां प्यार, एकता और अच्छी बातें हैं, और दूसरी तरफ कुछ ऐसी चीजें जहां नफरत, हिंसा और गलतियां हैं. इस परफॉर्मेंस के बाद देश में बहुत बवाल मच गया. कई लोगों ने इसे देश की छवि खराब करने वाला बताया. मुंबई और दिल्ली पुलिस में उनके खिलाफ शिकायतें और FIR तक दर्ज हुईं. कुछ ने कहा कि ये अभिव्यक्ति की आजादी है, तो कुछ ने कहा कि विदेश में जाकर देश को बदनाम किया. इसने पूरे देश में अभिव्यक्ति की आजादी पर बड़ी बहस छेड़ दी थी.
वीर दास का वर्क फ्रंट
पेशे से वीर दास एक्टर भी हैं. उनकी आखिरी फिल्म 'हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस' आई थी, जो उन्होंने खुद डायरेक्ट की थी. फिल्म ने लोगों में एक्साइटमेंट तो पैदा की, लेकिन प्रतिक्रिया मिली-जुली रहीं और बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं हो पाई.





