कौन हैं रैंडी जॉर्ज, Middle East जंग के बीच अमेरिका के सेना प्रमुख पद से क्यों हटाया गया?
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच अमेरिका में सैन्य नेतृत्व को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला फैसला सामने आया है. अमेरिकी रक्षा विभाग में बड़ा बदलाव किया गया है.
सेना प्रमुख रैंडी जॉर्ज
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच अमेरिका में सैन्य नेतृत्व को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला फैसला सामने आया है. अमेरिकी रक्षा विभाग में बड़ा बदलाव किया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सेना प्रमुख रैंडी जॉर्ज को तत्काल प्रभाव से पद छोड़ने और रिटायर होने का आदेश दे दिया है.
यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब अमेरिका वैश्विक स्तर पर अपनी सैन्य रणनीति को तेजी से पुनर्गठित कर रहा है. इस कदम को डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंडे से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसके तहत शीर्ष सैन्य नेतृत्व में लगातार बदलाव किए जा रहे हैं.
क्यों लिया गया ये फैसला?
पेंटागन ने पुष्टि की है कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने जनरल रैंडी जॉर्ज को तुरंत पद छोड़ने और सेवानिवृत्त होने के निर्देश दिए हैं. हालांकि, इस अचानक फैसले के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है. रैंडी जॉर्ज अगस्त 2023 में सेना प्रमुख बने थे और आमतौर पर यह पद चार सालों के लिए होता है. उनके कार्यकाल का अभी लगभग एक साल बाकी था, लेकिन उससे पहले ही उन्हें हटाने का फैसला लिया गया.
नए कार्यवाहक सेना प्रमुख कौन?
जॉर्ज के पद छोड़ने के बाद अब उप प्रमुख क्रिस्टोफर ला नेवे को कार्यवाहक सेना प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है. यह बदलाव अमेरिकी सेना के शीर्ष नेतृत्व में एक और महत्वपूर्ण फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है.
कौन हैं रैंडी जॉर्ज?
रैंडी जॉर्ज एक अनुभवी पैदल सेना अधिकारी रहे हैं और United States Military Academy के स्नातक हैं. उन्होंने खाड़ी युद्ध के साथ-साथ इराक और अफगानिस्तान में भी अपनी सेवाएं दी हैं. सेना प्रमुख बनने से पहले, उन्होंने उप प्रमुख के रूप में कार्य किया और पूर्व रक्षा सचिव Lloyd Austin के वरिष्ठ सैन्य सलाहकार भी रहे. इसके अलावा, उन्होंने 2021 से 2022 के बीच शीर्ष सैन्य सहायक के तौर पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
अब तक कितने बदलाव?
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पदभार संभालने के बाद से ही सैन्य ढांचे में बड़े स्तर पर बदलाव शुरू कर दिए थे. पिछले एक साल में उन्होंने एक दर्जन से अधिक शीर्ष जनरलों और एडमिरलों को या तो पद से हटा दिया है या उन्हें समय से पहले सेवानिवृत्त किया गया है. इससे पहले की कार्रवाई में नौसेना की वरिष्ठ अधिकारी Lisa Franchetti और वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी Jim Slife को भी हटाया गया था. वहीं ट्रंप ने ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के तत्कालीन अध्यक्ष Charles Q. Brown को भी पद से बर्खास्त कर दिया था.




