कभी हाथ काटने की दी थी धमकी, अब SCO Civilisational Dialogue में होगा शामिल, कौन है Musadik Malik, जो आएगा भारत?
पाकिस्तान ने 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में होने वाले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग के लिए अपने जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को नामित किया है. मई 2023 के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा होगी. मलिक जून 2026 में सिंधु जल संधि को लेकर भारत के खिलाफ धमकी भरे बयान देने के कारण भी चर्चा में रहे थे.
भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बीच एक अहम कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है. पाकिस्तान ने अपने संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को नई दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यता संवाद मंच में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया है. यह कार्यक्रम 20 से 22 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा. मुसादिक वही मंत्री हैं, जिन्होंने सिंधु नदी का पानी न देने पर भारत को हाट काटने की धमकी दी थी.
पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस मंच पर SCO सदस्य देशों के प्रतिनिधि सभ्यताओं के बीच संवाद, सांस्कृतिक समझ और आपसी संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विचार साझा करेंगे.
SCO बैठक में पाकिस्तान की एंट्री क्यों अहम है?
यह दौरा इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि मई 2023 के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा होगी. इससे पहले पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी मई 2023 में गोवा में आयोजित SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने भारत आए थे. इसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में लगातार तनाव बना रहा. अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले और मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव के बाद रिश्ते और बिगड़ गए थे. ऐसे माहौल में पाकिस्तान की ओर से मंत्री स्तर पर प्रतिनिधित्व की पुष्टि को कूटनीतिक रूप से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है.
हालांकि, इस बैठक को भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय बातचीत या रिश्तों में सुधार की औपचारिक पहल मानना जल्दबाजी होगी. यह SCO के सदस्य देशों के बीच आयोजित होने वाला बहुपक्षीय सांस्कृतिक मंच है. भारत ने इसकी मेजबानी की पहल की है और सभी 10 सदस्य देशों के साथ पर्यवेक्षक देशों तथा संवाद साझेदारों को भी आमंत्रित किया है. पाकिस्तान ने भी अपने बयान में कहा है कि वह सभ्यताओं के बीच संवाद और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा देने के लिए इस मंच में भाग लेगा.
10 पॉइंट में समझिए पूरा मामला
1. पाकिस्तान ने किसे भारत भेजने का फैसला किया है?
पाकिस्तान सरकार ने संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया है. वह पाकिस्तान में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने 14 नवंबर 2026 को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उनके नाम की पुष्टि की.
2. नई दिल्ली में कब और क्यों आयोजित होगा SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग?
SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग का आयोजन 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में होगा. इसमें सदस्य देशों के प्रतिनिधि सभ्यताओं के बीच संवाद, सांस्कृतिक समझ और आपसी संपर्क बढ़ाने जैसे विषयों पर विचार साझा करेंगे. यह इस तरह का पहला मंच है, जिसे भारत ने SCO के दायरे में सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया है.
3. भारत ने पाकिस्तान को इस बैठक में क्यों बुलाया?
भारत इस कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा है और उसने SCO के सभी 10 सदस्य देशों को आमंत्रित किया है. पाकिस्तान भी इस संगठन का पूर्ण सदस्य है, इसलिए उसे भी निमंत्रण भेजा गया. भारत ने सदस्य देशों के अलावा SCO के पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है. यह निमंत्रण संगठन के बहुपक्षीय ढांचे के तहत दिया गया है.
4. मुसादिक मलिक कौन हैं?
डॉ. मुसादिक मसूद मलिक पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के वरिष्ठ नेता और पाकिस्तान की सीनेट के सदस्य हैं. पाकिस्तान की सीनेट की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, उनका कार्यकाल मार्च 2024 से मार्च 2030 तक है. वह प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार में संघीय मंत्री हैं और फिलहाल जलवायु परिवर्तन तथा पर्यावरण समन्वय मंत्रालय संभाल रहे हैं.
5. मुसादिक मलिक का राजनीतिक सफर कैसा रहा है?
मुसादिक मलिक इससे पहले भी पाकिस्तान सरकार में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. वह पेट्रोलियम और जल संसाधन से जुड़े मंत्रालयों में काम कर चुके हैं. इसके अलावा वह पूर्व में प्रधानमंत्री के प्रवक्ता और मीडिया मामलों के विशेष सहायक भी रहे हैं. टीवी डिबेट और प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार का पक्ष रखने के कारण भी वह पाकिस्तान की राजनीति में पहचाने जाते हैं.
6. भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बावजूद यह यात्रा क्यों खास है?
मई 2023 में बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा होगी. 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में गंभीर तनाव आया और सैन्य टकराव की स्थिति बनी. ऐसे में नवंबर 2026 में पाकिस्तानी मंत्री का नई दिल्ली आना दोनों देशों के बीच सीमित बहुपक्षीय संपर्क की वापसी के रूप में देखा जा सकता है. हालांकि, इससे द्विपक्षीय संबंधों में किसी बड़े बदलाव का संकेत अपने आप नहीं मिलता.
7. मुसादिक मलिक ने सिंधु जल संधि पर भारत को क्या धमकी दी थी?
जून 2026 में इस्लामाबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुसादिक मलिक ने सिंधु जल संधि को लेकर भारत के खिलाफ तीखी टिप्पणी की थी. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान के हिस्से के पानी पर दावा करने या उसे रोकने की कोशिश करने वालों के हाथ काट दिए जाएंगे. उन्होंने आरोप लगाया था कि भारत जानबूझकर पाकिस्तान की ओर आने वाले पानी के प्रवाह को रोक रहा है और भारत के नेतृत्व ने पानी को एक 'राजनीतिक नल' (political tap) की तरह अपने नियंत्रण में ले लिया है. उन्होंने इसे पाकिस्तान के अस्तित्व के लिए सीधा खतरा और 'रेड लाइन' बताया था.
8. सिंधु जल संधि को लेकर विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
भारत और पाकिस्तान के बीच 1960 में सिंधु जल संधि हुई थी. इसके तहत दोनों देशों के बीच सिंधु नदी प्रणाली के पानी के इस्तेमाल और बंटवारे से जुड़े नियम तय किए गए. अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने इस संधि को स्थगित रखने यानी In Abeyance का फैसला किया. भारत ने इसे आतंकवाद के मुद्दे से जोड़कर देखा, जबकि पाकिस्तान ने भारत के फैसले का विरोध किया। इसी विवाद के बीच मुसादिक मलिक ने जून 2026 में तीखा बयान दिया था.
9. SCO क्या है और इसमें कौन-कौन से देश शामिल हैं?
शंघाई सहयोग संगठन यानी Shanghai Cooperation Organisation यूरेशिया क्षेत्र का एक बहुपक्षीय संगठन है. इसके 10 पूर्ण सदस्य देश हैं—भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान। भारत 2017 में इसका पूर्ण सदस्य बना था. संगठन के एजेंडे में क्षेत्रीय सहयोग, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक संपर्क जैसे विषय शामिल हैं.
10. क्या इस बैठक से भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में सुधार की उम्मीद है?
इस बैठक में दोनों देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी संवाद का एक अवसर जरूर दे सकती है, लेकिन इसे रिश्तों में सुधार की गारंटी नहीं माना जा सकता. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सभ्यताओं के बीच संवाद और सांस्कृतिक समझ को बढ़ाना है, न कि भारत-पाकिस्तान के विवादों का समाधान करना. आतंकवाद, सीमा सुरक्षा और सिंधु जल संधि जैसे मुद्दे दोनों देशों के रिश्तों को प्रभावित करते रहेंगे. इसलिए इस दौरे का वास्तविक कूटनीतिक महत्व कार्यक्रम के दौरान होने वाली बातचीत और उसके बाद के घटनाक्रम से ही स्पष्ट होगा.
कुल मिलाकर, पाकिस्तान की ओर से मुसादिक मलिक को नई दिल्ली भेजने का फैसला ऐसे समय आया है, जब दोनों देशों के बीच रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं. 20 से 22 नवंबर तक होने वाला SCO सभ्यता संवाद सांस्कृतिक संपर्क का मंच है. यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या इस बहुपक्षीय बैठक के दौरान भारत और पाकिस्तान के प्रतिनिधियों के बीच कोई अलग बातचीत भी होती है.




