Begin typing your search...

क्या तरबेला बांध टूटने से पाकिस्तान में तबाही आ गई, 317 अरब का चीनी प्रोजेक्ट हुआ बंटाधार, कहां-कहां घुसा पानी? देखिए भयावह VIDEO

पाकिस्तान के तरबेला बांध के टनल-5 प्रोजेक्ट में सुरक्षा तटबंध टूटा, सुरंग में घुसा पानी. 317 अरब के प्रोजेक्ट पर संकट, देखें वायरल वीडियो.

क्या तरबेला बांध टूटने से पाकिस्तान में तबाही आ गई, 317 अरब का चीनी प्रोजेक्ट हुआ बंटाधार, कहां-कहां घुसा पानी? देखिए भयावह VIDEO
X

पाकिस्तान में चीन की मदद से बन रहे अरबों रुपये के प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा हो गया है. तरबेला बांध के टनल-5 प्रोजेक्ट का सुरक्षा तटबंध अचानक टूट गया. इसके बाद बांध के जलाशय का पानी तेजी से निर्माणाधीन सुरंग में घुसने लगा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पानी का तेज बहाव और टूटे तटबंध से मची तबाही साफ दिखाई दे रही है.

हालात बिगड़ते ही निर्माण कार्य रोक दिया गया. वहां काम कर रहे चीनी और पाकिस्तानी कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए. इस घटना ने पाकिस्तान के सबसे बड़े बिजली प्रोजेक्ट्स में शामिल तरबेला विस्तार परियोजना की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसी प्रोजेक्ट में जुलाई 2025 में भी तटबंध टूटने की घटना हुई थी. यानी एक हादसे के बाद भी सबक नहीं लिया गया?

वायरल वीडियो में दिखा पानी का खौफनाक मंजर

तरबेला बांध के टनल-5 प्रोजेक्ट में सोमवार को अचानक सुरक्षा तटबंध टूट गया. इसके बाद जलाशय का पानी निर्माणाधीन सुरंग की तरफ तेजी से बढ़ने लगा. वायरल वीडियो में पानी का तेज बहाव और निर्माण स्थल पर पैदा हुए खतरे का मंजर देखा जा सकता है.

तटबंध टूटने के बाद परियोजना स्थल पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई. काम बंद कराया गया और कर्मचारियों को सुरक्षित जगहों पर जाने के निर्देश दिए गए. फिलहाल सबसे बड़ी चिंता सुरंग में पानी के प्रवेश और निर्माणाधीन ढांचे को होने वाले संभावित नुकसान को लेकर है.

1530 मेगावाट बिजली बनाने वाला है यह प्रोजेक्ट

तरबेला बांध पाकिस्तान के सबसे महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं में शामिल है. यहां 1,530 मेगावाट क्षमता वाला पांचवां विस्तार प्रोजेक्ट बनाया जा रहा है. इसका मकसद पानी से बिजली उत्पादन की क्षमता बढ़ाना है. इस प्रोजेक्ट में चीन की कई बड़ी कंपनियां शामिल हैं.

इनमें Power Construction Corporation of China (PCCCL), Harbin Electric International Company और Harbin Electric Machinery Company शामिल हैं. वहीं पाकिस्तान की सरकारी एजेंसी WAPDA इस परियोजना की जिम्मेदारी संभाल रही है. जिस परियोजना से पाकिस्तान को बिजली संकट से राहत मिलने की उम्मीद थी, उसी में अब बार-बार निर्माण संबंधी खामियां सामने आ रही हैं.

जुलाई 2025 में भी टूटा था तटबंध, जांच में खुली लापरवाही की पोल

तरबेला टनल-5 प्रोजेक्ट में यह पहली घटना नहीं है. जुलाई 2025 में भी यहां कॉफरडैम टूट गया था. इसके बाद पानी भरने से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था. पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, इस हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई थी. 15 पन्नों की रिपोर्ट में ठेकेदार, सलाहकार और WAPDA की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए गए थे.

जांच में सामने आया कि ठेका मिलने के बाद मूल डिजाइन में बदलाव किया गया था. ठेकेदार ने अपनी तरफ से नया डिजाइन प्रस्तावित किया. सलाहकार ने तकनीकी कमियों के बावजूद इसे सशर्त मंजूरी दी और WAPDA ने भी निर्माण लगभग पूरा होने के समय बदलाव को हरी झंडी दे दी. नतीजा यह हुआ कि कमजोर संरचना तैयार हुई और पानी के दबाव में वह ढह गई.

बाढ़ नहीं, कमजोर निर्माण था तटबंध टूटने की वजह!

पहले हादसे के बाद WAPDA ने पानी के अधिक बहाव को तटबंध टूटने की वजह बताया था. लेकिन जांच समिति ने इस दलील को खारिज कर दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, उस समय तरबेला में पानी का बहाव असामान्य नहीं था. यह पिछले वर्षों के सामान्य स्तर के भीतर था. यानी निर्माण के समय इस स्थिति का अनुमान लगाया जा सकता था.

जांच में यह भी सामने आया कि चीनी ठेकेदार PCCCL ने मूल डिजाइन की जगह पत्थरों से भरी कमजोर संरचना बनाने का प्रस्ताव दिया था. इसमें सुरक्षा की जरूरी परतों और पानी के रिसाव को रोकने वाली फिल्टर व्यवस्था का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया. समिति ने निर्माण की तकनीकी खामियों और सुरक्षा इंतजामों की कमी को तटबंध टूटने की बड़ी वजह माना.

एक साल तक नहीं हुआ निरीक्षण, ठेकेदार खुद देता रहा अपनी रिपोर्ट

जांच रिपोर्ट में सलाहकार कंपनी की भूमिका भी सवालों के घेरे में आई. WAPDA ने जुलाई 2023 में ही सलाहकार से कॉफरडैम की सुरक्षा और उसकी स्थिति का आकलन करने को कहा था. लेकिन स्वतंत्र जांच कराने के बजाय सलाहकार ने यह जिम्मेदारी ठेकेदार को ही सौंप दी. ठेकेदार ने अक्टूबर 2024 में अपनी रिपोर्ट दी. यानी एक साल से ज्यादा समय तक सुरक्षा जांच का मामला लटका रहा. इतना ही नहीं, रिपोर्ट में अस्थायी निर्माण कार्यों के बदले स्थायी काम के नाम पर अनियमित भुगतान की बात भी सामने आई. इससे हादसे के बाद ठेकेदार से मुआवजा वसूलने में सरकार की स्थिति कमजोर हो गई.

82 अरब से 317 अरब रुपये पहुंची लागत, प्रोजेक्ट में 285% का उछाल

इस प्रोजेक्ट की कहानी सिर्फ हादसों तक सीमित नहीं है. इसकी लागत भी पाकिस्तान के लिए बड़ा सिरदर्द बन चुकी है. शुरुआत में इस परियोजना की अनुमानित लागत 82.36 अरब पाकिस्तानी रुपये थी. लेकिन अब यह बढ़कर 317 अरब रुपये तक पहुंच गई है. यानी लागत में 285 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है. पहले हादसे और निर्माण में देरी के कारण परियोजना की समयसीमा भी आगे बढ़ानी पड़ी. जिसे 2026 तक पूरा होना था, अब उसके जून 2028 के अंत तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है.

27-28 रुपये प्रति यूनिट पड़ेगी बिजली, सस्ता प्रोजेक्ट बना महंगा सौदा

पाकिस्तान को इस प्रोजेक्ट से सस्ती बिजली मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब इसकी आर्थिक उपयोगिता पर भी सवाल उठ रहे हैं. पाकिस्तान के योजना आयोग के आकलन के मुताबिक, अगले 30 वर्षों में इस परियोजना से बनने वाली बिजली की औसत लागत 27 से 28 पाकिस्तानी रुपये प्रति यूनिट तक पहुंच सकती है. रिपोर्ट में इसे देश की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं में सबसे महंगी लागत बताया गया है. यानी जिस प्रोजेक्ट से बिजली संकट कम करने की उम्मीद थी, वही पाकिस्तान के लिए महंगा सौदा साबित हो सकता है.

विश्व बैंक और AIIB के 700 मिलियन डॉलर भी लगे दांव पर

तरबेला विस्तार परियोजना में विश्व बैंक और एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) से कुल 700 मिलियन डॉलर का कर्ज शामिल है. अब परियोजना की बढ़ती लागत, लगातार देरी और निर्माण की खामियों ने अंतरराष्ट्रीय फंडिंग को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. चीन की कंपनियां निर्माण और मशीनरी से जुड़े काम संभाल रही हैं, जबकि पाकिस्तान की सरकारी एजेंसी WAPDA परियोजना की निगरानी कर रही है.

सलाहकार कंपनी से भी विवाद, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट पर उठे सवाल

इस परियोजना में सलाहकार कंपनी के साथ भी विवाद हुआ. WAPDA ने MML-UK का अनुबंध समाप्त कर दिया था. एजेंसी का आरोप था कि कंपनी पर्याप्त योग्यता वाला प्रोजेक्ट मैनेजर उपलब्ध नहीं करा सकी और कर्मचारियों की तैनाती में लगातार समस्याएं बनी रहीं. दूसरी तरफ, MML ने मई 2025 में ही अनुबंध समाप्त करने का नोटिस दिया था और 30 दिन पहले सूचना देने की शर्त के बावजूद अपने कर्मचारियों को परियोजना स्थल से हटा लिया था. इस विवाद ने परियोजना के प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था की पोल भी खोल दी.

चीन के प्रोजेक्ट पर बार-बार संकट, पाकिस्तान के सामने अब सबसे बड़ा सवाल

तरबेला टनल-5 में ताजा तटबंध टूटने की घटना ने एक बार फिर पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. जुलाई 2025 में भी इसी प्रोजेक्ट में तटबंध टूट चुका था. पिछली जांच में डिजाइन से छेड़छाड़, तकनीकी खामियां, अनियमित भुगतान और ठेकेदार से लेकर सरकारी एजेंसी तक की जवाबदेही पर सवाल उठे थे. अब 82 अरब रुपये से शुरू हुआ प्रोजेक्ट 317 अरब रुपये तक पहुंच चुका है. इसकी समयसीमा 2028 तक खिसक गई है और बिजली उत्पादन की लागत भी काफी बढ़ने का अनुमान है.

अगला लेख