Begin typing your search...

'आतंकियों को पनाह देना कब बंद करेंगे...', पत्रकार ने पाकिस्तानी PM से UN में किया सवाल तो भागते दिखे शहबाज शरीफ! देखें वीडियो

संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र में भाग लेने पहुंचे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से जब आतंकी हाफिज सईद और आतंकियों को पनाह देने के लेकर सवाल किया गया तो वे बचते दिखे.

Pakistan PM Shehbaz Sharif
X

Pakistan PM Shehbaz Sharif

( Image Source:  X/ @ANI )

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 81वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे हैं. संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में प्रवेश करते और वहां से बाहर निकलते समय पत्रकारों ने उनसे आतंकवाद और लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद से जुड़े सवाल पूछे. शहबाज शरीफ ने दोनों सवालों पर कोई जवाब नहीं दिया और आगे बढ़ गए.

पाकिस्तान के आधिकारिक बयान के मुताबिक, उनके एजेंडे में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दे शामिल हैं. इसी दौरान जब वह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पहुंचे तो पत्रकारों ने उनसे कथित आतंकवादी पनाहगाहों को लेकर सवाल किया। शहबाज शरीफ बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए.

क्या-क्या पूछे गए सवाल?

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में प्रवेश के दौरान एक पत्रकार ने पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ से पूछा "प्रधानमंत्री जी, आप आतंकवादियों को पनाह देना कब बंद करेंगे?" इसके बाद बाहर निकलते समय उनसे सवाल किया गया "आप लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) प्रमुख हाफिज सईद पर मुकदमा कब चलाएंगे?" दोनों मौकों पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया.

कौन है हाफिज सईद?

हाफिज मोहम्मद सईद लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का संस्थापक है. भारत ने उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत नामित आतंकवादी घोषित किया है. वह 26/11 मुंबई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड भी है. लश्कर-ए-तैयबा को भारत समेत कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने बैन आतंकवादी संगठन के रूप में लिस्टिड किया है. हाफिज सईद से जुड़े मामलों को लेकर भारत लंबे समय से पाकिस्तान से कार्रवाई की मांग करता रहा है.

क्या पहलगाम घटना के पीछे भी था नाम?

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जून 2026 में पहलगाम आतंकी हमले की जांच से जुड़ी पूरक चार्जशीट में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा/द रेजिस्टेंस फ्रंट से जुड़े हाफिज सईद को आरोपी के तौर पर नामित किया. NIA के मुताबिक, मामले में पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क की भूमिका और साजिश की जांच की गई है.

NIA ने दिसंबर 2025 में दाखिल अपनी पहली चार्जशीट में भी पाकिस्तान स्थित LeT/TRF और अन्य आरोपियों को मामले में आरोपी बनाया था. एजेंसी ने कहा था कि 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की मौत हुई थी.

शहबाज शरीफ का UN दौरा क्यों अहम?

शहबाज शरीफ 81वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र में हिस्सा लेने के लिए 21 सितंबर को न्यूयॉर्क पहुंचे थे. पाकिस्तान सरकार के मुताबिक, वह अपने संबोधन में आतंकवाद, जलवायु परिवर्तन, वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और क्षेत्रीय मुद्दों पर पाकिस्तान का पक्ष रखेंगे. UNGA के दौरान उनके कई द्विपक्षीय कार्यक्रम भी हुए हैं. पाकिस्तान के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, उन्होंने केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो समेत कई नेताओं से मुलाकात की है.

अगला लेख